Tata Motors EV Plan: FY31 तक आएंगी 4 नई इलेक्ट्रिक कारें, 10 से ज्यादा मॉडल होंगे अपडेट

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने वित्त वर्ष 2031 तक अपनी ईवी रणनीति को और मजबूत करने की तैयारी कर ली है. कंपनी चार नए इलेक्ट्रिक मॉडल और मौजूदा पोर्टफोलियो के 10 से अधिक अपडेटेड वर्जन बाजार में उतारेगी. कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2031 तक 30 फीसदी से अधिक ईवी हिस्सेदारी हासिल करना है.

टाटा मोटर्स . Image Credit: @Money9live

Tata Motors EV Plan: देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है और अब यह शुरुआती ग्राहकों से आगे बढ़कर आम ग्राहकों तक पहुंचने लगी है. इसी को देखते हुए टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने अपनी ईवी रणनीति को और तेज करने की तैयारी कर ली है. कंपनी वित्त वर्ष 2031 तक चार नई इलेक्ट्रिक कारें और मौजूदा मॉडल्स के 10 से अधिक अपडेटेड वर्जन बाजार में उतारने की योजना बना रही है. इसके साथ ही बैटरी रेंज और चार्जिंग स्पीड में भी बड़ा सुधार करने का लक्ष्य रखा गया है.

वित्त वर्ष 2031 तक आएंगी चार नई इलेक्ट्रिक कारें

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने अपने निवेशक प्रजेंटेशन में बताया कि कंपनी वित्त वर्ष 2031 तक अपने ईवी पोर्टफोलियो को मजबूत करेगी. इस दौरान चार नई इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च की जाएंगी. इसके अलावा मौजूदा मॉडल्स के 10 से अधिक फेसलिफ्ट और अपडेटेड वर्जन भी पेश किए जाएंगे. कंपनी का लक्ष्य हर साल नए उत्पादों के जरिए ग्राहकों को बेहतर विकल्प देना है.

10 ईवी मॉडल्स का होगा मजबूत पोर्टफोलियो

कंपनी का कहना है कि वित्त वर्ष 2031 तक उसके पास कुल 10 इलेक्ट्रिक व्हीकल नेमप्लेट होंगे. फिलहाल कंपनी Xpres T Curvv EV Harrier EV Nexon EV Punch EV और Tiago EV जैसे मॉडल बेच रही है. आने वाले समय में Sierra EV Avinya कॉन्सेप्ट पर आधारित एक नया मॉडल और दो अन्य नई इलेक्ट्रिक कारें भी इस पोर्टफोलियो का हिस्सा बनेंगी.

अब आम ग्राहकों पर रहेगा कंपनी का फोकस

टाटा मोटर्स के अनुसार भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार अब शुरुआती ग्राहकों के दौर से निकलकर अर्ली मेजोरिटी यानी आम खरीदारों के चरण में पहुंच चुका है. अब कंपनी ऐसे उत्पाद तैयार करेगी जो अधिक से अधिक ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करें. इससे ईवी अपनाने की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है.

वित्त वर्ष 2031 तक का टारगेट

कंपनी ने वित्त वर्ष 2031 तक अपने कुल यात्री वाहन कारोबार में 30 फीसदी से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य रखा है. कंपनी का मानना है कि नए मॉडल बेहतर तकनीक और लगातार उत्पाद अपडेट की मदद से वह भारतीय ईवी बाजार में अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखेगी.

बैटरी रेंज और चार्जिंग में होगा बड़ा सुधार

टाटा मोटर्स नई पीढी की बैटरी तकनीक पर भी काम कर रही है. कंपनी 75 kWh से अधिक क्षमता वाली तीसरी पीढ़ी की बैटरी विकसित कर रही है. इसके जरिये मौजूदा मॉडल्स की तुलना में दो से तीन गुना अधिक ड्राइविंग रेंज मिलेगी. साथ ही चार्जिंग स्पीड तीन गुना तक तेज होगी और बैटरी की एनर्जी डेंसिटी में 20 से 23 प्रतिशत तक सुधार करने का लक्ष्य रखा गया है.

यह भी पढे़ं- Renault Kwid Facelift: 3 जुलाई को होगी लॉन्च, कीमत ₹5 लाख से कम, माइलेज भी दमदार, जानें पूरी डिटेल

ईवी बाजार में नेतृत्व मजबूत करने की तैयारी

टाटा मोटर्स का मानना है कि आने वाले वर्षों में भारत का इलेक्ट्रिक वाहन बाजार तेजी से बढेगा. इसी वजह से कंपनी नए मॉडल बेहतर बैटरी तकनीक और लगातार उत्पाद अपडेट के जरिये अपनी बाजार हिस्सेदारी मजबूत करना चाहती है. कंपनी का फोकस ग्राहकों को लंबी रेंज तेज चार्जिंग और बेहतर ड्राइविंग अनुभव देने पर रहेगा.