भारत से न्यूजीलैंड की सीधी फ्लाइट का रास्ता हो सकता है साफ, Air New Zealand कर रही तैयारी; FTA से बढ़ी उम्मीद

भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं. Air New Zealand भारतीय शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट्स की संभावनाओं का आकलन कर रही है. एयरलाइन के CEO निखिल रविशंकर के अनुसार, हाल ही में हुए FTA से दोनों देशों के बीच व्यापार और लोगों के आपसी संपर्क को नई मजबूती मिलेगी.

यात्रा Image Credit: freepik

Air New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच हवाई संपर्क को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय एयरलाइन Air New Zealand भारत के प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की संभावनाओं का आकलन कर रही है. एयरलाइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) निखिल रविशंकर ने कहा है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में हुए FTA से दोनों देशों के बीच व्यापार और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा मिलेगा, जिससे डायरेक्ट फ्लाइट्स की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं.

रियो डी जेनेरियो में आयोजित इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) की वार्षिक बैठक के दौरान पीटीआई से बातचीत में निखिल रविशंकर ने कहा कि एयरलाइन दोनों देशों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है. उन्होंने बताया कि Air New Zealand इस दिशा में Singapore Airlines और Air India के साथ मिलकर काम कर रही है.

डायरेक्ट फ्लाइट्स की संभावनाओं पर चल रहा अध्ययन

जब उनसे भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीधी उड़ानों की संभावना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस विकल्प पर गंभीरता से काम किया जा रहा है. उनके मुताबिक, विभिन्न भारतीय शहरों और न्यूजीलैंड के बीच डायरेक्ट रूट्स की फिजिबिलिटी का आकलन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक और सामाजिक संबंध भविष्य में एयर ट्रैफिक की मांग को मजबूत बना सकते हैं. ऐसे में डायरेक्ट फ्लाइट्स यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होंगी.

Air India के साथ पहले से है साझेदारी

Air New Zealand और Air India के बीच पहले से कोडशेयर पार्टनरशिप मौजूद है. इस व्यवस्था के तहत यात्री एक ही टिकट पर दोनों एयरलाइंस की सर्विस का उपयोग कर सकते हैं. मार्च 2025 में Air India और Air New Zealand ने एक MoU पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके तहत भारत, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच 16 रूट्स पर सहयोग बढ़ाने का फैसला किया गया था.

इस समझौते के बाद दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे भारतीय शहरों से यात्रा करने वाले यात्री Air India की उड़ानों के जरिए सिडनी, मेलबर्न या सिंगापुर पहुंचकर वहां से Air New Zealand की उड़ानों के माध्यम से ऑकलैंड, क्राइस्टचर्च, वेलिंगटन और क्वीनस्टाउन जा सकते हैं.

2028 तक शुरू हो सकती है सीधी सेवा

MoU के तहत दोनों एयरलाइंस ने 2028 के अंत तक भारत और न्यूजीलैंड के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सेवा शुरू करने की संभावना तलाशने पर भी सहमति जताई थी. हालांकि, इसके लिए नए विमानों की डिलीवरी और संबंधित सरकारी मंजूरियां जरूरी होंगी. पिछले महीने Air New Zealand ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सिंगापुर मार्ग पर अतिरिक्त क्षमता जोड़ने की भी घोषणा की थी.

भारतीय मूल के हैं Air New Zealand के CEO

दिलचस्प बात यह है कि Air New Zealand के CEO निखिल रविशंकर का जन्म बेंगलुरु में हुआ था. जब वह लगभग 14 वर्ष के थे, तब उनका परिवार न्यूजीलैंड चला गया था. अक्टूबर 2025 में उन्होंने एयरलाइन की कमान संभाली थी. एयरलाइन के पास वर्तमान में लगभग 115 विमानों का बेड़ा है, जिसमें Boeing 777 और Boeing 787 जैसे वाइड-बॉडी विमान शामिल हैं. इसके अलावा, कंपनी TCS और IBS Software जैसी भारतीय कंपनियों के साथ भी विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है.

यह भी पढ़ें: ईरान ने बताया किन शर्तों पर हो रहा है US से समझौता, जानें न्यूक्लियर, जब्त संपत्तियों और तेल पर क्या होगा फैसला