IT नहीं अब डिज्नी में छंटनी की तैयारी, 1,000 कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा, कॉस्ट कटिंग पर फोकस
Walt Disney करीब 1,000 कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी में है. कंपनी लागत घटाने और डिजिटल बिजनेस पर फोकस बढ़ाने के लिए यह कदम उठा रही है. हालांकि छंटनी के बीच इसने नए प्रोजेक्ट के जरिए नई नौकरियों के अवसर भी लाने जा रही है.
Disney Layoffs: दुनिया भर में इनदिनों छंटनी का दौर जारी है. सबसे ज्यादा खतरा आईटी सेक्टर में है, लेकिन इस बार छंटनी की तलवार दिग्गज एंटरटेनमेंट कंपनी Walt Disney के कर्मचारियों पर लटकी है. दरअसल मैनेजमेंट एक बार फिर बड़ी छंटनी की तैयारी में है.रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी आने वाले हफ्तों में करीब 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकती है. यह फैसला ऐसे समय में लिया जा रहा है जब नए CEO Josh D’Amaro ने हाल ही में पदभार संभाला है और कंपनी लागत कम करने की रणनीति पर काम कर रही है.
किस पर पड़ेगा असर?
रिपोर्ट के मुताबिक यह छंटनी कंपनी के कुल वर्कफोर्स का 1% से भी कम हिस्सा होगी. सबसे ज्यादा असर मार्केटिंग डिपार्टमेंट पर पड़ सकता है, जिसे हाल ही में एकीकृत (consolidate) किया गया है. 2025 के अंत तक डिज्नी में करीब 2.31 लाख कर्मचारी थे.
कॉस्ट कटिंग पर फोकस
डिज्नी पिछले कुछ समय से लागत कम करने के लिए लगातार कदम उठा रही है. कंपनी अपने पारंपरिक टीवी बिजनेस में घटती कमाई की भरपाई के लिए डिजिटल और ऑनलाइन बिजनेस पर ज्यादा ध्यान दे रही है. इसी के तहत प्रोजेक्ट इमेजिन नाम से एक योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत मार्केटिंग और अन्य ऑपरेशंस को एकजुट कर खर्च कम किया जा रहा है. इस पहल की अगुवाई चीफ मार्केटिंग ऑफिसर Asad Ayaz कर रहे हैं.
पहले भी हो चुकी है बड़ी छंटनी
यह पहली बार नहीं है जब डिज्नी छंटनी कर रही है. 2022 के बाद से कंपनी 8,000 से ज्यादा कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा चुकी है. उस समय कंपनी के पूर्व CEO Bob Iger ने बड़े संगठनात्मक बदलाव किए थे.
नए रोजगार का मौका
दिलचस्प बात यह है कि जहां एक तरफ कंपनी छंटनी कर रही है, वहीं दूसरी ओर नए प्रोजेक्ट्स के जरिए रोजगार भी पैदा कर रही है. हाल ही में Disneyland Paris में नए प्रोजेक्ट के तहत 1,000 नई नौकरियां पैदा करने की घोषणा की गई है. डिज्नी अब अपने फोकस को पारंपरिक मीडिया से हटाकर डिजिटल और थीम पार्क बिजनेस पर शिफ्ट कर रही है. कंपनी के कुल मुनाफे का बड़ा हिस्सा थीम पार्क और क्रूज बिजनेस से आता है, जो लगातार मजबूत हो रहा है.
Latest Stories
सीजफायर के बाद ट्रंप ने फोड़ा टैरिफ बम, ईरान को हथियार सप्लाई करने वाले देशों पर 50% टैक्स की दी चेतावनी
इंडस्ट्री को बड़ी राहत, सरकार ने LPG सप्लाई 70 फीसदी की; फार्मा और एग्रीकल्चर सेक्टर को मिलेगा फायदा
अब टोल किंग बनेगा ईरान! सात समुद्र में कहां-कहां लगता है टोल, जानें किसका रेट ज्यादा
