5% तक घट सकता है कुछ पुरानी गाड़ियों का माइलेज, इंजन नुकसान के सबूत नहीं, E20 पर सरकार का बड़ा बयान

सरकार ने कहा है कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से E10 के लिए बनी कुछ पुरानी गाड़ियों का माइलेज 3 से 5 फीसदी तक कम हो सकता है. हालांकि अब तक किसी बड़े स्तर पर इंजन खराब होने या वाहन में तकनीकी दिक्कत के सबूत नहीं मिले हैं.

E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से कुछ पुरानी गाड़ियों का माइलेज 5% तक कम हो सकता है. Image Credit: money9live

E20 Petrol: E20 पेट्रोल को लेकर सरकार ने राज्यसभा में बड़ा बयान दिया है. सरकार ने कहा कि E20 पेट्रोल से कुछ पुरानी गाड़ियों का माइलेज 3 से 5 फीसदी तक कम हो सकता है. हालांकि अब तक किसी भी बड़े स्तर पर इंजन खराब होने या गाड़ियों में तकनीकी खराबी के सबूत नहीं मिले हैं. सरकार के मुताबिक देश में करोड़ों दोपहिया और लाखों पेट्रोल कारें लंबे समय से E20 ब्लेंडेड फ्यूल पर चल रही हैं. इसके बावजूद बडे़ लेवल पर इंजन को नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है.

माइलेज हो सकता है कम

सरकार ने बताया कि E10 के हिसाब से बनी कुछ पुरानी गाड़ियों में E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने पर माइलेज में 3 से 5 फीसदी तक की कमी आ सकती है. हालांकि यह कमी हर वाहन में समान नहीं होगी. ड्राइविंग का तरीका, गाड़ी की सर्विस, टायर का प्रेशर, व्हील अलाइनमेंट और एयर कंडीशनर का इस्तेमाल भी माइलेज पर असर डालते हैं. इसलिए केवल E20 पेट्रोल को इसका कारण नहीं माना जा सकता.

कोई बड़ा मामला सामने नहीं आया

सरकार ने कहा कि पिछले ढाई साल से देश में E19 और E20 ब्लेंडेड पेट्रोल का इस्तेमाल हो रहा है. इस दौरान 20 करोड़ से ज्यादा दोपहिया और 3 करोड़ से ज्यादा पेट्रोल कारें इस फ्यूल पर चली हैं. इनमें कई ऐसी गाड़ियां भी शामिल हैं जो E20 सर्टिफाइड नहीं थीं. इसके बावजूद इंजन खराब होने या वाहन बंद पड़ने जैसी कोई व्यापक समस्या सामने नहीं आई है.

कंपनियों ने भी नुकसान की पुष्टि नहीं की

सरकार ने कहा है कि प्रमुख वाहन कंपनियों के सर्विस रिकॉर्ड में भी E20 पेट्रोल से नुकसान का कोई प्रमाण नहीं मिला. एक बड़ी कार कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 26 में 2 करोड़ 84 लाख गाड़ियों की सर्विस की जिनमें करीब 1 करोड़ 50 लाख पुरानी गाड़ियां थीं. वहीं एक प्रमुख दोपहिया कंपनी ने भी बताया कि E20 इस्तेमाल करने वाली गाड़ियों में पहले के मुकाबले ज्यादा खराबी नहीं मिली. कंपनियां E20 मानक वाले पेट्रोल पर वारंटी भी जारी रखे हुए हैं.

यह भी पढ़ें- कनाडा पर USA का बड़ा एक्शन: ट्रंप ने 50% अतिरिक्त टैरिफ लगाया, व्यापार में भेदभाव का आरोप

पेट्रोल पर लौटने की कोई योजना नहीं

सरकार ने साफ किया कि फिलहाल E0 या E10 पेट्रोल को दोबारा लागू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है. सरकार का कहना है कि देशभर के एक लाख से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर E0 E10 और E20 तीन तरह के फ्यूल की अलग- अलग व्यवस्था करना काफी महंगा और मुश्किल होगा. इससे लॉजिस्टिक, स्टोरेज और सप्लाई चेन की लागत भी काफी बढ़ जाएगी. इसलिए E20 कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा.