कनाडा पर USA का बड़ा एक्शन: ट्रंप ने 50% अतिरिक्त टैरिफ लगाया, व्यापार में भेदभाव का आरोप
अमेरिकी प्रशासन ने कुछ जरूरी वस्तुओं को इस अतिरिक्त टैरिफ से बाहर रखा है. इनमें एनर्जी, पोटाश, क्रिटिकल मिनरल्स, मछली और सेक्शन 232 के तहत पहले से शुल्क झेल रहे कुछ उत्पाद शामिल हैं. व्हाइट हाउस का कहना है कि इन वस्तुओं पर नया 50 प्रतिशत टैरिफ लागू नहीं होगा.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आने वाले कई उत्पादों पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का फैसला किया है. ट्रंप प्रशासन का कहना है कि कनाडा लंबे समय से अमेरिकी उत्पादों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार कर रहा है. इसी वजह से यह कदम उठाया गया है. व्हाइट हाउस की ओर से जारी फैक्ट शीट के मुताबिक, नया टैरिफ ट्रंप के हस्ताक्षर के 30 दिन बाद लागू होगा और इसका असर मोटर वाहन, डेयरी उत्पाद, शराब, वाइन, हॉकी स्टिक, सीमेंट समेत कई कनाडाई सामानों पर पड़ेगा.
किन सामानों पर लगेगा अतिरिक्त टैरिफ?
व्हाइट हाउस के अनुसार, अतिरिक्त 50 प्रतिशत टैरिफ मोटर वाहन, डेयरी उत्पाद, शराब और वाइन, हॉकी स्टिक, सीमेंट तथा अन्य चुनिंदा कनाडाई उत्पादों पर लगाया जाएगा. अमेरिकी सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह शुल्क USMCA (अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा व्यापार समझौता) के तहत आने वाले पात्र उत्पादों पर भी लागू होगा. सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य अमेरिकी कारोबारियों के लिए समान प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार करना है.
किन उत्पादों को मिली छूट?
अमेरिकी प्रशासन ने कुछ जरूरी वस्तुओं को इस अतिरिक्त टैरिफ से बाहर रखा है. इनमें एनर्जी, पोटाश, क्रिटिकल मिनरल्स, मछली और सेक्शन 232 के तहत पहले से शुल्क झेल रहे कुछ उत्पाद शामिल हैं. व्हाइट हाउस का कहना है कि इन वस्तुओं पर नया 50 प्रतिशत टैरिफ लागू नहीं होगा.
व्हाइट हाउस ने कनाडा पर क्या आरोप लगाए?
व्हाइट हाउस का आरोप है कि कनाडा अमेरिकी उत्पादों के साथ समान व्यवहार नहीं करता. फैक्ट शीट में कहा गया है कि कनाडा अमेरिकी कारों पर ऐसे शुल्क और कोटा लगाता है, जो अन्य देशों की कारों पर लागू नहीं होते. अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि इन नीतियों के कारण अमेरिकी वाहन निर्माता कंपनियों पर कनाडा में उत्पादन बढ़ाने का दबाव बनता है. इसके अलावा, अमेरिका का कहना है कि पिछले करीब डेढ़ साल में कनाडा उन चुनिंदा देशों में शामिल रहा, जिसने अमेरिकी टैरिफ के जवाब में प्रतिशोधात्मक कार्रवाई की, जबकि कई अन्य देशों ने बातचीत का रास्ता चुना.
अमेरिकी सामानों की बिक्री में आई गिरावट
व्हाइट हाउस के मुताबिक, कनाडा में अमेरिकी उत्पादों की बिक्री में पिछले कुछ समय के दौरान बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. सरकार के अनुसार, अमेरिकी मोटर वाहनों के आयात में करीब 22 प्रतिशत यानी लगभग 5.6 अरब डॉलर की कमी आई है. वहीं मार्च 2025 से फरवरी 2026 के बीच कनाडा में अमेरिकी शराब और अन्य अल्कोहलिक पेय पदार्थों के आयात में 81 प्रतिशत यानी लगभग 582 मिलियन डॉलर की गिरावट दर्ज की गई. अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह गिरावट कनाडा की व्यापार नीतियों का परिणाम है.
क्या होगा असर?
जानकारों का मानना है कि इस फैसले से अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव और बढ़ सकता है. खास तौर पर ऑटोमोबाइल, डेयरी और शराब जैसे क्षेत्रों का कारोबार प्रभावित होने की संभावना है. यदि दोनों देशों के बीच जल्द कोई नया व्यापारिक समझौता नहीं होता, तो इसका असर उद्योगों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं पर भी देखने को मिल सकता है.
Latest Stories
5% तक घट सकता है कुछ पुरानी गाड़ियों का माइलेज, इंजन नुकसान के सबूत नहीं, E20 पर सरकार का बड़ा बयान
Gold-Silver Price: सोना हुआ महंगा, चांदी सस्ती; जानें- 10 ग्राम गोल्ड के लिए कितना खर्च करना पड़ेगा पैसा
E20 के बाद सरकार का बड़ा प्लान! अब किचन फ्यूल, Ethanol ATM और एविएशन पर फोकस; जानें क्या है प्लान
