Eternal Q1 Results: कंपनी का रेवेन्यू 17% उछाल, मुनाफे में 300% से ज्यादा की बढ़ोतरी
Eternal Ltd ने Q1 FY27 के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का नेट प्रॉफिट बाजार के अनुमान से कम रहा, जबकि रेवेन्यू उम्मीदों से बेहतर रहा. EBITDA और मार्जिन में भी सुधार दर्ज किया गया. Deepinder Goyal ने साफ किया कि कंपनी सस्ती फूड डिलीवरी की दौड़ में शामिल नहीं होगी और Blinkit के Bistro पर फोकस बनाए रखेगी.
Eternal Q1 Results: Eternal Ltd (पूर्व में Zomato) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के रिजल्ट जारी कर दिए हैं. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बाजार के अनुमान से काफी कम रहा, जबकि रेवेन्यू ने उम्मीदों को पीछे छोड़ दिया. इसके साथ ही कंपनी ने अपनी ग्रोथ रणनीति को लेकर भी बड़ा संदेश दिया है. Eternal का कहना है कि वह अल्पकालिक मार्जिन के बजाय लंबी अवधि की मार्केट ग्रोथ पर फोकस बनाए रखेगी और सस्ती कीमतों की दौड़ में शामिल होने की फिलहाल कोई योजना नहीं है.
92 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट
कंपनी ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही में 92 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया. हालांकि यह पिछले साल की समान तिमाही के 25 करोड़ रुपये के मुकाबले तीन गुना से अधिक है, लेकिन बाजार की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका. CNBC-TV18 के पोल में कंपनी के 335 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट का अनुमान लगाया गया था. अगर पिछली तिमाही यानी Q4 FY26 से तुलना करें, तो कंपनी का मुनाफा 174 करोड़ रुपये से घटकर 92 करोड़ रुपये रह गया. यानी इसमें करीब 47 फीसदी की तिमाही गिरावट दर्ज की गई.
रेवेन्यू ने उम्मीदों को किया पार
मुनाफे में कमी के बावजूद कंपनी का कारोबार लगातार मजबूत बना हुआ है. Q1 FY27 में Eternal का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू बढ़कर 20,211 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. यह CNBC-TV18 के 19,850 करोड़ रुपये के अनुमान से बेहतर रहा. पिछली तिमाही के 17,292 करोड़ रुपये की तुलना में रेवेन्यू में 17 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं, सालाना आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 7,167 करोड़ रुपये से बढ़कर 20,211 करोड़ रुपये हो गया, जो दो गुना से भी अधिक की बढ़ोतरी को दिखाता है.
EBITDA और मार्जिन में भी सुधार
कंपनी की ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस भी बेहतर रही. Eternal का EBITDA तिमाही आधार पर 486 करोड़ रुपये से बढ़कर 594 करोड़ रुपये हो गया. यानी इसमें करीब 22 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं, EBITDA मार्जिन भी 2.8 फीसदी से बढ़कर 2.9 फीसदी हो गया. हालांकि यह सुधार मामूली है, लेकिन बढ़ते कारोबार के बीच ऑपरेटिंग एफिशिएंसी में सुधार का संकेत देता है.
ग्रोथ के लिए मार्जिन से समझौता करने को तैयार
कंपनी के फाउंडर Deepinder Goyal ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा कि यदि भविष्य में कारोबार बढ़ाने के लिए मार्जिन पर खर्च करना पड़ा, तो कंपनी बिना किसी हिचकिचाहट के ऐसा करेगी. उन्होंने कहा कि Eternal हमेशा से अल्पकालिक मुनाफे के बजाय लंबी अवधि में मार्केट एक्सपेंशन को प्राथमिकता देती रही है. हालांकि फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं है कि कंपनी को ग्रोथ और मार्जिन के बीच कोई समझौता करना पड़े.
सस्ते फूड डिलीवरी मॉडल से दूरी
हाल के महीनों में Swiggy ने Toing और Rapido ने Ownly के जरिए कम कीमत पर फूड डिलीवरी की रणनीति अपनाई है. इन प्लेटफॉर्म्स का लक्ष्य कीमत को लेकर संवेदनशील ग्राहकों को आकर्षित करना है. हालांकि Eternal इस रणनीति से सहमत नहीं है. Deepinder Goyal का मानना है कि केवल कम कीमत के आधार पर मिलने वाले ग्राहक लंबे समय तक टिकाऊ बिजनेस मॉडल तैयार नहीं कर सकते.
उनके मुताबिक, इस तरह के मॉडल में कोई नया यूज केस नहीं बन रहा है. ग्राहकों की दिलचस्पी सिर्फ कम कीमतों की वजह से है और ऐसी रणनीति तब तक ही काम करती है, जब तक उसके पीछे मजबूत इकोनॉमिक्स न हो.
Bistro पर कंपनी का बड़ा दांव
सस्ती फूड डिलीवरी की प्रतिस्पर्धा में उतरने के बजाय Eternal ने Blinkit के जरिए अपने Bistro प्लेटफॉर्म पर फोकस बढ़ाने का फैसला किया है. Deepinder Goyal ने कहा कि Bistro ही उन समस्याओं का समाधान है, जिन्हें दूसरे प्लेटफॉर्म कम कीमत के जरिए हल करने का दावा कर रहे हैं. कंपनी का मानना है कि बेहतर ऑपरेटिंग मॉडल और मजबूत बिजनेस इकोनॉमिक्स के साथ ही लंबे समय तक टिकाऊ ग्रोथ हासिल की जा सकती है.
हालांकि इस मुद्दे पर Rapido की सोच अलग है. Rapido के CEO Aravind Sanka का मानना है कि यदि फूड डिलीवरी की कीमतें कम की जाएं, तो भारत में ऑनलाइन फूड डिलीवरी करने वाले ग्राहकों की संख्या मौजूदा 2.5 करोड़ से बढ़कर 10 करोड़ तक पहुंच सकती है. फिलहाल Eternal ने साफ कर दिया है कि उसकी प्राथमिकता किसी भी कीमत पर सस्ती फूड डिलीवरी नहीं, बल्कि टिकाऊ ग्रोथ, मजबूत बिजनेस मॉडल और लंबे समय में शेयरधारकों के लिए बेहतर वैल्यू तैयार करना है.
कैसा है शेयर का हाल
अगर शेयर की बात करें, तो बुधवार को Eternal Ltd का शेयर 0.77 फीसदी गिरकर 284.40 रुपये पर बंद हुआ. पिछले एक सप्ताह में इसमें 1.58 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जबकि बीते एक महीने में यह 9.45 फीसदी चढ़ा है.
यह भी पढ़ें: BCCL को पहली तिमाही में 68 करोड़ रुपये का घाटा, स्टॉक में बिकवाली तेज; 7% से ज्यादा टूटा शेयर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Adani Power Q1 Results: मुनाफा 42 फीसदी बढ़कर ₹4,806 करोड़ हुआ, कंपनी ने ₹15,000 करोड़ जुटाने को दी मंजूरी
एथेनॉल खरीद पर सरकारी तेल कंपनियों ने खर्च किए 1.72 लाख करोड़ रुपये, सरकार ने संसद में दी जानकारी
Gold-Silver: सोने की कीमत ₹800 बढ़कर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हुई, चांदी की कीमतों में नहीं हुआ बदलाव
