BCCL को पहली तिमाही में 68 करोड़ रुपये का घाटा, स्टॉक में बिकवाली तेज; 7% से ज्यादा टूटा शेयर

Coal India की सहायक कंपनी Bharat Coking Coal (BCCL) के कमजोर जून तिमाही नतीजों के बाद बुधवार को कंपनी का शेयर 7 फीसदी तक गिर गया है. कंपनी को Q1 FY27 में 68.09 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में 176.87 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था. रेवेन्यू में भी सालाना आधार पर हल्की गिरावट दर्ज की गई.

बीसीसीएल

BCCL Q1 Results: Coal India की सहायक कंपनी Bharat Coking Coal Limited (BCCL) के शेयर बुधवार 2 बजकर 40 मिनट पर करीब 7.49 फीसदी से ज्यादा टूट गए. कंपनी के जून तिमाही के नतीजे उम्मीद से कमजोर रहे हैं. मुनाफे में रहने वाली कंपनी इस बार घाटे में पहुंच गई. इसके बाद निवेशकों ने शेयर में जमकर बिकवाली की है.

शेयर में क्यों आई गिरावट?

BSE पर BCCL का शेयर 36.10 रुपये पर खुला. पिछले कारोबारी दिन यह 37.50 रुपये पर बंद हुआ था. कारोबार के दौरान यह 34.69 रुपये तक फिसल गया, यानी करीब 7.49% टूट गया. BCCL को वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में 68.09 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 176.87 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था. वहीं मार्च तिमाही में कंपनी ने 27.28 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था.

कम हुई कमाई

कंपनी की ऑपरेशन से होने वाली इनकम 3,587.27 करोड़ रुपये रही. यह पिछले साल की समान तिमाही के 3719.59 करोड़ रुपये से 3.55 फीसदी कम है. हालांकि मार्च तिमाही के मुकाबले कंपनी की इनकम में 9.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.

पिछले साल जून तिमाही में कंपनी का EBITDA 191 करोड़ रुपये के मुनाफे में था. इस बार यह 64.47 करोड़ रुपये के घाटे में पहुंच गया. बढ़ते खर्च और कमजोर बिक्री का असर कंपनी की कमाई पर साफ दिखा.

प्रोडक्शन और बिक्री दोनों घटी

तिमाही के दौरान कंपनी का कोयला उत्पादन 6.56 मिलियन टन रहा. पिछले साल इसी अवधि में यह 9.04 मिलियन टन था. वहीं कोयले की बिक्री 7.72 मिलियन टन रही, जो एक साल पहले 8.98 मिलियन टन थी. वहीं कंपनी का कहना है कि बिक्री में कमी की सबसे बड़ी वजह बाहरी डिस्पैच का घटना है. यह पिछले साल 8.83 मिलियन टन था, जो इस बार घटकर 7.81 मिलियन टन रह गया. कंपनी ने यह भी बताया कि दूसरी इनकम में कमी आने की वजह प्रावधान और देनदारियों की राइट-बैक कम होना है.

खर्च बढ़ने से बढ़ा दबाव

तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 3,826.31 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल इसी तिमाही में यह 3,654.39 करोड़ रुपये था. खर्च बढ़ने और बिक्री घटने से कंपनी घाटे में चली गई.

इस साल कैसा रहा शेयर?

BCCL का शेयर इस साल अब तक करीब 10.45% टूट चुका है. पिछले एक महीने में इसमें 16% की गिरावट आई है. वहीं एक हफ्ते में शेयर करीब 5% कमजोर हुआ है. कंपनी का IPO इसी साल जनवरी में आया था. इसका इश्यू प्राइस 23 रुपये था, जबकि शेयर 45 रुपये पर लिस्ट हुआ था. यानी लिस्टिंग के दिन निवेशकों को करीब 96% का फायदा मिला था.

इसे भी पढ़ें- Adani Power Q1 Results: मुनाफा 42 फीसदी बढ़कर ₹4,806 करोड़ हुआ, कंपनी ने ₹15,000 करोड़ जुटाने को दी मंजूरी

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.