Gold Silver Rate Today 04-02-2026: सोने-चांदी का बाउंस बैक, ₹1.59 लाख के पार पहुंचा गोल्‍ड, चांदी भी ₹13000 से ज्‍यादा हुई महंगी

सोना-चांदी में तीन दिन की गिरावट के बाद जोरदार बाउंस बैक देखने को मिला है, MCX पर गोल्ड ₹1.59 लाख प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया. चांदी भी 13,000 रुपये से ज्यादा महंगी होगई. जबकि इंटरनेशनल मार्केट में भी तेज उछाल दर्ज हुआ है. डॉलर की कमजोरी और बढ़ती ग्लोबल अनिश्चितता के चलते बुलियन में खरीदारी बढ़ी है, जिससे आगे भी कीमतों में तेजी बने रहने की उम्मीद है.

gold silver price rally Image Credit: money9 live AI image

Gold Silver Rate Today: हाल ही में सोने-चांदी में जबरदस्‍त बिकवाली देखने को मिली थी. जिसके चलते गोल्‍ड और सिल्‍वर अपने रिकॉर्ड हाई से नीचे आ गए थे. मुनाफावसूली के चलते लगातार तीन दिन से इनकी कीमतें लुढ़क रही थीं. मगर मंगलवार से इनकी कीमतों ने बाउंस बैक किया. ये सिलसिला बुधवार, 4 फरवरी को भी जारी रहा. आज मल्‍टी कमोडिटी एक्‍सचेंज यानी MCX पर सोना 3.96 फीसदी चढ़कर 1.59 लाख रुपये के पार पहुंच गया. वहीं चांदी ने भी तेवर दिखाते हुए 13000 रुपये से ज्‍यादा की बढ़ोतरी दर्ज की.

कितने बढ़े सोना-चांदी के भाव?

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर गोल्ड अप्रैल फ्यूचर ₹6,084 यानी 3.96% चढ़कर ₹1,59,893 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था. वहीं सिल्वर मार्च कॉन्ट्रैक्ट ₹281,899 रुपये प्र‍ति किलो पर ट्रेड कर रही थी. इसमें 5.18% उछाल दर्ज की गई. आज ये 13,884 रुपये महंगी हो गई.

जोरदार बाउंसबैक

3 फरवरी को MCX गोल्ड करीब ₹1,44,700 के आसपास था, वहीं 4 फरवरी को अभी तक इंट्रा डे हाई करीब ₹1,60,755 प्रति 10 ग्राम रहा. ऐसे में सोना दो दिनों में सोना करीब 10–12% उछल गया. वहीं 3 फरवरी को MCX पर चांदी ₹2,35,000 प्रति किलो के आसपास थी. जबकि 4 फरवरी को अभी तक का हाई ₹2,84,094 प्रति किलो रहा. ऐसे में दो दिनों में चांदी करीब 21% उछल गई.

इंटरनेशनल और रिटेल में भी चढ़े रेट

वैश्विक बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. कमजोर अमेरिकी डॉलर के सपोर्ट से गोल्ड की कीमतों में 9% से ज्यादा उछाल आया. जिससे स्‍पॉट गोल्‍ड 5,070 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं स्‍पॉट सिल्‍वर 13 फीसदी उछलकर 87.68 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. पिछले हफ्ते सोना 5,594.82 डॉलर के रिकॉर्ड हाई स्तर तक भी गया था.

रिटेल की बात करें तो बुलियन वेबसाइट के मुताबिक 4 फरवरी को 24 कैरेट वाला सोना 5830 रुपये बढ़त के साथ 159,650 रुपये प्रति 10 पर कारोबार करता नजर आया, जबकि चांदी 14910 रुपये महंगी होकर 282,800 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी.

इन कारणों आई तेजी

पिछले तीन कारोबारी सत्रों में सोना-चांदी में भारी बिकवाली देखने को मिली थी. 29 जनवरी को सोना 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था, जहां से यह करीब 17 फीसदी गिर चुका था. वहीं इसी तारीख को चांदी 4,04,500 रुपये प्रति किलो के ऑल-टाइम हाई से से करीब 1,44,500 रुपये यानी लगभग 36 फीसदी तक टूट गई थी. मगर तीन दिन बाद इसने जोरदार वापसी की. डॉलर की कमजोरी ने कीमती धातुओं को सहारा दिया. अमेरिकी डॉलर ज्यादातर प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले फिसल गया, जिससे अन्य देशों के निवेशकों के लिए सोना-चांदी खरीदना सस्ता हो गया. यही वजह है कि बुलियन में तेज खरीदारी देखी जा रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर डॉलर कमजोर बना रहता है और वैश्विक अनिश्चितता बढ़ती है, तो सोना-चांदी में आगे भी तेजी जारी रह सकती है.