कैसे तेल की क्वालिटी तय करती है दुनिया की राजनीति, जानें अमेरिका-ईरान-रूस और वेनेजुएला के क्रूड ऑयल एक दूसरे से कितना अलग

दुनिया की ऊर्जा राजनीति को समझने के लिए सिर्फ तेल की मात्रा नहीं, बल्कि उसकी क्वालिटी को समझना भी जरूरी है. हल्का तेल ज्यादा कीमती होता है क्योंकि उसे रिफाइन करना आसान होता है. वहीं मीडियम ग्रेड तेल कई रिफाइनरियों के लिए संतुलित विकल्प होता है.

कच्चा तेल Image Credit: AI

पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और समुद्री रास्तों पर बढ़ते खतरे ने एक बार फिर दुनिया को याद दिलाया है कि कच्चा तेल सिर्फ ऊर्जा का सोर्स नहीं, बल्कि ग्लोबल राजनीति का अहम हथियार भी है. अगर किसी देश से तेल की सप्लाई रुक जाए तो पूरी दुनिया क्यों परेशान हो जाती है. इसकी बड़ी वजह तेल की क्वालिटी होती है. हर देश का क्रूड ऑयल एक जैसा नहीं होता है. उसकी घनत्व यानी API ग्रेविटी और सल्फर की मात्रा तय करती है कि उसे रिफाइन करना कितना आसान या मुश्किल होगा. ऐसे में ये जानना जरूरी हो जाता है कैसे ईरान, रूस और वेनेजुएला जैसे देशों का तेल अलग-अलग तरह से वैश्विक बाजार और राजनीति को प्रभावित करता है.

क्रूड ऑयल आखिर होता क्या है?

कच्चा तेल एक समान तरल पदार्थ नहीं होता. यह हजारों तरह के हाइड्रोकार्बन अणुओं का मिश्रण होता है, जो कार्बन और हाइड्रोजन परमाणुओं की लंबी श्रृंखलाओं से बने होते हैं. रिफाइनरी में इन अणुओं को अलग-अलग प्रक्रिया से तोड़ा और साफ किया जाता है ताकि पेट्रोल, डीजल, जेट फ्यूल और दूसरे पेट्रोलियम पेट्रोलियम बनाए जा सकें.

रिफाइनिंग की प्रक्रिया में मुख्य रूप से तीन चरण होते हैं. इनमें सेपरेशन, कन्वर्जन और ट्रीटमेंट. इन प्रक्रियाओं के बाद एक बैरल तेल का लगभग 49 फीसदी हिस्सा आम तौर पर पेट्रोल में बदल जाता है, जबकि बाकी से डीजल, जेट फ्यूल और दूसरे उत्पाद बनते हैं.

API ग्रेविटी क्या होती है?

कच्चे तेल की क्वालिटी समझने के लिए सबसे अहम पैमाना API ग्रेविटी होता है. यह बताता है कि तेल पानी के मुकाबले कितना हल्का या भारी है. API ग्रेविटी जितनी ज्यादा होती है, तेल उतना हल्का माना जाता है. हल्का तेल रिफाइनरी में जल्दी और कम लागत में प्रोसेस हो जाता है, इसलिए उसकी कीमत और मांग ज्यादा होती है.

आम तौर पर तेल को तीन श्रेणियों में बांटा जाता है. 30° API से ऊपर वाला तेल हल्का माना जाता है. 22° से 30° API के बीच वाला तेल मीडियम श्रेणी में आता है. वहीं 22° API से नीचे का तेल भारी माना जाता है, जिसे रिफाइन करना ज्यादा मुश्किल और महंगा होता है.

अमेरिका का तेल: हल्का और बेहद कीमती (WTI – 39–41° API)

अमेरिका का फेमस WTI क्रूड दुनिया के सबसे हल्के तेलों में गिना जाता है. इसकी API ग्रेविटी लगभग 39 से 41° के बीच होती है. यह तेल बहुत हल्का और कम सल्फर वाला होता है, इसलिए इसे लाइट और स्वीट क्रूड कहा जाता है. रिफाइनरी में इसे प्रोसेस करना आसान होता है और इससे पेट्रोल तथा जेट फ्यूल की मात्रा ज्यादा निकलती है. इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में WTI को उच्च गुणवत्ता वाला और कीमती क्रूड माना जाता है.

ईरान का तेल: दुनिया की रिफाइनरियों के लिए संतुलित विकल्प (Iran Light – 33–36° API)

ईरान का प्रमुख क्रूड Iran Light आमतौर पर 33 से 36° API के बीच होता है. यह न बहुत हल्का है और न बहुत भारी, इसलिए इसे मीडियम-लाइट कैटेगरी में रखा जाता है.

दुनिया की कई रिफाइनरियां इसी तरह के तेल को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई हैं. इसलिए ईरान का तेल कई देशों के लिए उपयोगी और संतुलित विकल्प माना जाता है. यही वजह है कि पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने पर ईरानी तेल की सप्लाई को लेकर वैश्विक बाजार में चिंता बढ़ जाती है.

रूस का तेल: थोड़ा भारी और ज्यादा प्रोसेसिंग वाला (Urals – 30–32° API)

रूस का प्रमुख निर्यात ग्रेड Urals crude लगभग 30 से 32° API के बीच होता है. यह तेल हल्के और मीडियम तेल के बीच की कैटेगरी में आता है, लेकिन इसमें सल्फर की मात्रा ज्यादा होती है. सल्फर ज्यादा होने की वजह से इसे सॉर क्रूड कहा जाता है. रिफाइनरी में इसे साफ करने और उपयोगी ईंधन में बदलने के लिए अतिरिक्त प्रोसेसिंग करनी पड़ती है. इसी कारण कई देशों की रिफाइनरियां इसे सस्ते दाम पर खरीदती हैं लेकिन उसे प्रोसेस करने की लागत ज्यादा होती है.

वेनेजुएला का तेल: बेहद भारी और गाढ़ा (15–16° API)

वेनेजुएला के कई तेल क्षेत्रों से निकलने वाला क्रूड बहुत भारी होता है. इसकी API ग्रेविटी लगभग 15 से 16° के आसपास रहती है. यह तेल इतना गाढ़ा होता है कि कई बार इसे तारकोल जैसा बताया जाता है. इस तरह के भारी तेल को रिफाइन करना तकनीकी रूप से जटिल और महंगा होता है. इसलिए इसे प्रोसेस करने के लिए विशेष प्रकार की रिफाइनरियों की जरूरत पड़ती है.

इसे भी पढ़ें- Gold-Silver Rate Today 10-03-2026: गिरावट के बाद चांदी में लगी आग, एक दिन में ₹11000 की उछाल; सोना भी महंगा