Gold-Silver Rate Today 10-03-2026: गिरावट के बाद चांदी में लगी आग, एक दिन में ₹11000 की उछाल; सोना भी महंगा
Gold-Silver Rate Today 10-03-2026 Latest News Updates: कमजोर अमेरिकी डॉलर और वैश्विक बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। दिल्ली में चांदी का भाव करीब ₹11,000 बढ़कर ₹2.79 लाख प्रति किलोग्राम पहुंच गया, जबकि सोने की कीमतों में भी हल्की बढ़त देखी गई।
Gold and Silver Rate Updated Rate: वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव और कमजोर होते डॉलर के बीच मंगलवार, 10 मार्च को सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली. राजधानी दिल्ली में चांदी का भाव एक ही दिन में करीब 10,975 रुपये उछलकर 2.79 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के करीब पहुंच गया. वहीं सोने की कीमतों में भी हल्की बढ़त दर्ज की गई. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी की कीमत 4 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 2,79,275 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर पहुंच गई. इससे पहले सोमवार को इसका भाव 2,68,300 रुपये प्रति किलोग्राम था. इस उछाल के साथ ही चांदी ने पिछले तीन दिनों से जारी गिरावट के सिलसिले को भी खत्म कर दिया.
सोने की कीमतों में भी बढ़त
चांदी के साथ-साथ सोने के दाम में भी तेजी देखने को मिली. 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 400 रुपये बढ़कर 1,64,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था. विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक बाजारों में अस्थिरता और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की तलाश ने सोना-चांदी दोनों की कीमतों को समर्थन दिया है.
कमजोर डॉलर से बढ़ी कीमती धातुओं की मांग
कमोडिटी विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिकी डॉलर में कमजोरी आने से सोना और चांदी जैसी कीमती धातुओं की मांग बढ़ जाती है. Lemonn Markets Desk के रिसर्च एनालिस्ट गौरव गर्ग के अनुसार, हाल के दिनों में वेस्ट एशिया में चल रहे तनाव ने वैश्विक बाजारों को अस्थिर बना दिया है. हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि इस संघर्ष का समाधान जल्द निकल सकता है, जिससे बाजार में उम्मीद का माहौल बना है. उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में हालिया उछाल ने महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ा दी थीं, जिससे निवेशकों का रुख सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर हो गया.
अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी देखी गई. स्पॉट सिल्वर 1.6 फीसदी बढ़कर करीब 88.33 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं स्पॉट गोल्ड भी लगभग 1 फीसदी की बढ़त के साथ 5,172 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा. HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक अमेरिकी डॉलर इंडेक्स और ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में नरमी आने से कीमती धातुओं को राहत मिली है. उन्होंने बताया कि डॉलर इंडेक्स हाल ही में 15 सप्ताह के उच्च स्तर को छूने के बाद थोड़ा कमजोर हुआ, जबकि अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में भी गिरावट आई. इससे बुलियन बाजार में फिर से खरीदारी बढ़ी.
तेल कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर
कमोडिटी विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव ने भी बाजार को प्रभावित किया है. एक समय पर तेल की कीमत 119 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई थी, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका पैदा हो गई थी और डॉलर मजबूत हुआ था. हालांकि बाद में तेल कीमतों में आई गिरावट ने सोना और चांदी की कीमतों को संभलने का मौका दिया.
केंद्रीय बैंकों की खरीद से सोने को सहारा
विश्लेषकों के अनुसार केंद्रीय बैंकों की ओर से लगातार खरीद भी सोने की कीमतों को समर्थन दे रही है. कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च विशेषज्ञ कायनात चैनवाला के मुताबिक चीन के केंद्रीय बैंक पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (PBOC) ने फरवरी में लगातार 16वें महीने अपने गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी की है. केंद्रीय बैंकों की यह लगातार खरीद वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों के लिए मजबूत आधार तैयार कर रही है.
ये भी पढ़ें- मिनिमम बैलेंस न रखने पर बैंकों ने 3 साल में वसूले ₹19000 करोड़ रुपये की पेनल्टी; टॉप पर ये प्राइवेट बैंक
Latest Stories
कैसे तेल की क्वालिटी तय करती है दुनिया की राजनीति, जानें अमेरिका-ईरान-रूस और वेनेजुएला के क्रूड ऑयल एक दूसरे से कितना अलग
मिनिमम बैलेंस न रखने पर बैंकों ने 3 साल में वसूले ₹19000 करोड़ रुपये की पेनल्टी; टॉप पर ये प्राइवेट बैंक
इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने छोड़ा पद, दिसंबर के ऑपरेशनल संकट के बाद उठाया गया बड़ा कदम
