IPL अब सिर्फ खेल नहीं, बड़ा बिजनेस भी! हुरुन इंडिया 500 में शामिल हुईं 5 ये टीमें; वैल्यूएशन ₹71,000 करोड़ पार
Hurun India 500 रिपोर्ट के मुताबिक कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स इस लिस्ट में शामिल हुई हैं. Hurun India के संस्थापक और चीफ रिसर्चर अनस रहमान जुनैद ने कहा कि, क्रिकेट अब सिर्फ भारत का खेल नहीं, बल्कि भारत का बिजनेस बन चुका है.

Hurun India 500: भारत की सबसे मूल्यवान कंपनियों की लिस्ट में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की पांच फ्रेंचाइजी ने जगह बनाई है. 2025 Burgundy Private Hurun India 500 रिपोर्ट के मुताबिक कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स इस लिस्ट में शामिल हुई हैं. इन पांचों टीमों की कंबाइंड वैल्यूएशन 71,000 करोड़ रुपये से अधिक है, जो भारतीय क्रिकेट के बढ़ते कारोबारी प्रभाव को दिखाता है.
क्रिकेट बना बड़ा कारोबारी ब्रांड
Hurun India के संस्थापक और चीफ रिसर्चर अनस रहमान जुनैद ने कहा कि, क्रिकेट अब सिर्फ भारत का खेल नहीं, बल्कि भारत का बिजनेस बन चुका है. उन्होंने कहा कि 2025 Burgundy Private Hurun India 500 में पांच IPL फ्रेंचाइजी की एंट्री एक ऐतिहासिक क्षण है. उनके मुताबिक पहली बार बोर्डरूम और बाउंड्री लाइन एक ही लिस्ट में दिखाई दिए हैं.
KKR बनी सबसे मूल्यवान IPL फ्रेंचाइजी
रिपोर्ट के अनुसार कोलकाता नाइट राइडर्स सबसे मूल्यवान IPL फ्रेंचाइजी बनकर उभरी है. टीम को 270वां स्थान मिला है और इसकी वैल्यूएशन 20,850 करोड़ रुपये आंकी गई है. चेन्नई सुपर किंग्स 285वें स्थान पर रही, जिसकी वैल्यूएशन 19,550 करोड़ रुपये है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 330वें स्थान पर रही और उसका मूल्य 16,700 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है.
राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स भी लिस्ट में शामिल
राजस्थान रॉयल्स को 343वां स्थान मिला है और उसकी वैल्यूएशन 15,700 करोड़ रुपये आंकी गई है. वहीं पंजाब किंग्स 390वें स्थान पर रही और उसका मूल्य 14,050 करोड़ रुपये रहा है. इन दोनों टीमों की मौजूदगी बताती है कि IPL की लगभग सभी प्रमुख फ्रेंचाइजी मजबूत कारोबारी इकाइयों के रूप में उभर रही हैं.
मीडिया राइट्स और स्पॉन्सरशिप ने बढ़ाई वैल्यू.
रिपोर्ट में कहा गया है कि IPL टीमों की बढ़ती वैल्यूएशन के पीछे ब्रॉडकास्ट रेवेन्यू, बढ़ता फैन बेस, मजबूत स्पॉन्सरशिप डील्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ती लोकप्रियता जैसे कई प्रमुख कारण हैं. स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी अब स्पॉन्सरशिप, मीडिया राइट्स, मर्चेंडाइजिंग और डिजिटल एंगेजमेंट के जरिए बड़े कारोबारी उद्यमों में बदल रही हैं.
भारत के कॉरपोरेट जगत में उभर रहा स्पोर्ट्स बिजनेस
Burgundy Private Hurun India 500 रैंकिंग 30 जून 2025 तक के आधार पर देश की सबसे मूल्यवान निजी और गैर-सरकारी कंपनियों को ट्रैक करती है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्पोर्ट्स बिजनेस जैसे नए क्षेत्र पारंपरिक उद्योगों के साथ तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- 7.7 लाख करोड़ रुपये का रेवेन्यू, फिर भी CFO को 2020 से नहीं मिली सैलरी! Rajesh Exports पर ED के नए खुलासे