US-Iran War: ईरान की चेतावनी – $200 तक जा सकती हैं कच्चे तेल की कीमतें, ट्रंप बोले ‘हमने युद्ध जीत लिया’
अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध से वैश्विक तेल बाजार में हलचल तेज हो गई है. ईरान ने चेतावनी दी है कि हालात बिगड़ने पर कच्चे तेल की कीमतें 200 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं. खाड़ी क्षेत्र में जहाजों पर हमलों के बाद तनाव और बढ़ गया है, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध जीतने का दावा किया है.
Crude Oil Price Amid USA-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध अब और गंभीर होता जा रहा है. ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो वैश्विक तेल कीमतें प्रति बैरल 200 डॉलर तक पहुंच सकती हैं. बुधवार को ईरानी सैनिकों ने व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार और शिपिंग रूट प्रभावित हुए हैं. इस बीच अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने संभावित बड़े ऊर्जा संकट से निपटने के लिए रणनीतिक तेल भंडार जारी करने की अपील की है.
खाड़ी क्षेत्र में हमले, तेल बाजार में मचा हड़कंप
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास और दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया. इससे दुनिया के प्रमुख तेल परिवहन मार्गों में तनाव बढ़ गया है. ईरान ने चेतावनी दी है कि इन हालात में वैश्विक तेल कीमतें 200 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं. इससे ऊर्जा आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है. अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने कहा है कि अगर संकट बढ़ता है तो 1970 के दशक के बाद यह सबसे बड़ा ऊर्जा झटका हो सकता है, इसलिए रणनीतिक तेल भंडार जारी करने पर विचार किया जाना चाहिए.
Strategic Oil Reserves (SOR) या Strategic Petroleum Reserve (SPR) वह आपातकालीन भंडार होता है जिसमें कोई देश कच्चा तेल जमा करके रखता है, ताकि संकट के समय देश की ऊर्जा जरूरतें पूरी की जा सकें
दो हफ्ते में लगभग 2000 लोगों की मौत
यह संघर्ष लगभग दो हफ्ते पहले शुरू हुआ था, जब अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हवाई हमले किए थे. रिपोर्ट के मुताबिक तब से अब तक करीब 2000 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर ईरान और लेबनान के नागरिक बताए जा रहे हैं. लड़ाई अब लेबनान तक फैल गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. तेल बाजार और समुद्री व्यापार पर इसका सीधा असर दिखाई दे रहा है.
12वें दिन भी जारी अमेरिकी हमले
अमेरिकी हवाई हमले अब 12वें दिन में प्रवेश कर चुके हैं और अभी तक इनके खत्म होने के संकेत नहीं हैं. मिंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से अमेरिका ईरान में 5500 से अधिक लक्ष्यों पर हमले किए जा चुके हैं. इजरायली खुफिया एजेंसी के एक आकलन में यह भी दावा किया गया है कि युद्ध की शुरुआत में ही ईरान के नए सर्वोच्च नेता आयतोल्ला मोजतबा खामेनेई घायल हो गए थे.
ट्रंप बोले—“युद्ध जीत लिया, लेकिन मिशन पूरा करना जरूरी”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अभी तक सैन्य कार्रवाई खत्म करने की कोई समय सीमा तय नहीं की है. केंटकी में एक रैली के दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका ने युद्ध जीत लिया है, लेकिन वह हर दो साल में फिर से इस स्थिति में नहीं लौटना चाहता. ट्रंप ने कहा, “हम जल्दी नहीं जाना चाहते, हमें काम पूरा करना होगा.”
