IPO से पहले ही बिक गया स्टार्टअप, 400 कर्मचारी बन गए करोड़पति… भारतीय मूल के फाउंडर की कहानी ने चौंकाया
साल 2017 में AppDynamics तेजी से बढ़ती सॉफ्टवेयर कंपनियों में शामिल थी. कंपनी बिजनेस मॉनिटरिंग और एनालिटिक्स सेक्टर में काम करती थी और उसका IPO आने वाला था. लेकिन IPO से कुछ दिन पहले Cisco ने कंपनी खरीदने का ऑफर दिया. ज्योति बंसल ने आखिरकार IPO की जगह कंपनी बेचने का फैसला लिया.

AppDynamics IPO: स्टार्टअप की दुनिया में हर संस्थापक का सपना होता है कि उसकी कंपनी एक दिन अरबों डॉलर की वैल्यू तक पहुंचे. लेकिन कई बार एक फैसला सिर्फ कंपनी ही नहीं, कर्मचारियों की जिंदगी भी बदल देता है. ऐसा ही हुआ भारतीय मूल के उद्यमी Jyoti Bansal के साथ. उनकी कंपनी AppDynamics IPO लाने की तैयारी में थी, लेकिन तभी टेक कंपनी Cisco ने करीब 3.7 अरब डॉलर में कंपनी खरीदने का ऑफर दे दिया.
इस डील के बाद रातों-रात करीब 400 कर्मचारी करोड़पति बन गए. कई कर्मचारियों को कंपनी के शेयरों से 1 मिलियन डॉलर यानी करोड़ों रुपये मिले, जबकि कुछ लोगों की कमाई 5 मिलियन डॉलर से भी ज्यादा रही. यह डील सिलिकॉन वैली की सबसे चर्चित स्टार्टअप खरीद में गिनी जाती है.
IPO से पहले बदल गया पूरा खेल
साल 2017 में AppDynamics तेजी से बढ़ती सॉफ्टवेयर कंपनियों में शामिल थी. कंपनी बिजनेस मॉनिटरिंग और एनालिटिक्स सेक्टर में काम करती थी और उसका IPO आने वाला था. लेकिन IPO से कुछ दिन पहले Cisco ने कंपनी खरीदने का ऑफर दिया. ज्योति बंसल ने आखिरकार IPO की जगह कंपनी बेचने का फैसला लिया.
कर्मचारियों की जिंदगी बदल गई
- डील पूरी होने के बाद कंपनी के करीब 400 कर्मचारियों को करोड़ों रुपये के शेयर मिले.
- रिपोर्ट्स के मुताबिक कई कर्मचारियों के पास कम से कम 1 मिलियन डॉलर के शेयर थे.
- ज्योति बंसल ने बाद में कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी खुशी खुद अमीर बनने की नहीं, बल्कि कर्मचारियों की जिंदगी बदलने की थी. उन्होंने इसे “लाइफ चेंजिंग” फैसला बताया.
कर्मचारियों को क्यों दी प्राथमिकता
TOI की रिपोर्ट के मुताबिक ज्योति बंसल का कहना था कि अगर कंपनी IPO के जरिए 3.7 अरब डॉलर की वैल्यू तक पहुंचती, तो इसमें 3-4 साल और लग सकते थे. साथ ही इसमें काफी जोखिम भी था. लेकिन Cisco की डील से कर्मचारियों को तुरंत फायदा मिला और उन्हें इंतजार नहीं करना पड़ा. यही वजह थी कि उन्होंने कंपनी बेचने का फैसला लिया.
इतनी बड़ी सफलता मिलने के बाद भी ज्योति बंसल ने माना कि कंपनी बेचने के बाद वे भावनात्मक रूप से थोड़ा खालीपन महसूस करने लगे थे. उन्हें लगता था कि AppDynamics आगे और बड़ी कंपनी बन सकती थी. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उस समय उपलब्ध जानकारी के हिसाब से कंपनी बेचना सही फैसला था.
बाद में फिर खड़ी की अरबों डॉलर की कंपनी
AppDynamics बेचने के बाद भी ज्योति बंसल स्टार्टअप की दुनिया से दूर नहीं हुए. उन्होंने Harness और Traceable जैसी नई कंपनियां शुरू कीं. इनमें से Harness की वैल्यूएशन भी बाद में करीब 3.7 अरब डॉलर तक पहुंच गई. इससे साफ है कि ज्योति बंसल आज भी टेक स्टार्टअप दुनिया के बड़े नामों में शामिल हैं.