iPhone 18 Pro की कीमत नहीं बढ़ाएगा Apple? रिपोर्ट में बड़ा दावा, सस्ते मॉडल खरीदना पड़ सकता है महंगा

Apple की iPhone 18 सीरीज को लेकर नई रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार कंपनी iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं कर सकती. हालांकि कम कीमत वाले iPhone मॉडल्स की लॉन्चिंग में देरी हो सकती है, जिससे ग्राहकों को ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि Apple अपनी स्टोरेज स्ट्रैटेजी बदल सकती है और बेस वेरिएंट्स को हटाकर ज्यादा स्टोरेज वाले मॉडल्स पर फोकस कर सकती है.

एप्पल Image Credit: PTI

Apple की iPhone 18 सीरीज को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है. नई रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी अपनी प्रीमियम iPhone 18 Pro सीरीज की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं कर सकती. ऐसे में अगले साल नया iPhone खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए यह राहत भरी खबर मानी जा रही है. हालांकि सस्ते iPhone मॉडल्स का इंतजार करने वाले ग्राहकों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.

रिपोर्ट में हुआ खुलासा

Forbes की रिपोर्ट के अनुसार GF Securities के एनालिस्ट जेफ पु ने दावा किया है कि Apple iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1099 डॉलर और iPhone 18 Pro Max की कीमत 1199 डॉलर पर ही बरकरार रख सकती है. रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने के लिए “आक्रामक प्राइसिंग स्ट्रैटेजी” अपना सकती है.

विशेषज्ञों का मानना है कि Apple की यह रणनीति काफी हद तक Samsung की Galaxy S26 सीरीज जैसी हो सकती है. Samsung ने इस साल अमेरिकी बाजार में Galaxy S26 Ultra की कीमत स्थिर रखी थी, जबकि Galaxy S26 और Galaxy S26 Plus की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी. अब Apple भी अपने सबसे ज्यादा बिकने वाले Pro मॉडल्स की कीमत स्थिर रखकर ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश कर सकती है.

सस्ते iPhone खरीदने वालों को लग सकता है झटका

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि Apple iPhone 18 सीरीज की लॉन्चिंग को दो चरणों में बांट सकती है. इसके तहत iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और संभावित फोल्डेबल iPhone मॉडल सितंबर 2026 में लॉन्च हो सकते हैं. वहीं स्टैंडर्ड iPhone 18, iPhone Air 2 और iPhone 18e मॉडल्स को 2027 की शुरुआत तक टाला जा सकता है. इसका मतलब यह है कि 2026 के हॉलीडे सीजन में कम कीमत वाला नया iPhone खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के पास सीमित विकल्प रह सकते हैं.

स्टोरेज वेरिएंट में भी हो सकता है बदलाव

रिपोर्ट के मुताबिक Apple अपनी स्टोरेज स्ट्रैटेजी में भी बदलाव कर सकती है. माना जा रहा है कि कंपनी कम स्टोरेज वाले बेस वेरिएंट्स को हटाकर ग्राहकों को ज्यादा स्टोरेज वाले महंगे मॉडल्स की तरफ शिफ्ट कर सकती है. यदि ऐसा होता है तो तकनीकी रूप से शुरुआती कीमत भले ही समान रहे, लेकिन ग्राहकों का वास्तविक खर्च बढ़ सकता है.

बढ़ती लागत बन सकती है वजह

रिपोर्ट में कहा गया है कि मेमोरी और अन्य कंपोनेंट्स की बढ़ती कीमतें Apple की प्राइसिंग स्ट्रैटेजी को प्रभावित कर सकती हैं. यही कारण है कि कंपनी अभी तक स्टैंडर्ड iPhone 18 मॉडल्स की अंतिम कीमत तय नहीं कर पाई है. हालांकि Apple ने अभी तक iPhone 18 सीरीज या उसकी कीमतों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. ऐसे में आने वाले महीनों में कंपनी की रणनीति को लेकर और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं.

यह भी पढ़ें: EPFO का बड़ा प्लान… अब नौकरी छोड़ते ही अपने आप खाते में आ जाएगा PF का पैसा, फॉर्म भरने की झंझट खत्म