कौन है वो कंपनी, जिसके केदारनाथ में धड़ाधड़ क्रैश हो रहे हैं हेलीकॉप्टर, अब मिली ये सजा
15 जून 2025 को केदारनाथ के पास आर्यन एविएशन का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई. अब नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कंपनी के ऊपर बड़ा एक्शन लिया है साथ ही दो पायलटों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं. उत्तराखंड सरकार ने दो दिनों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं भी बंद कर दी हैं.
Kedarnath Helicopter Crash: उत्तराखंड में रविवार, 15 जून को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हुआ. यह दुर्घटना गौरीकुंड के पास हुई, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बड़ा निर्णय लिया है. इस साल जब से चारधाम यात्रा शुरू हुई है, एक के बाद एक लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. इसके मद्देनजर उत्तराखंड सरकार ने भी बड़ा फैसला लेते हुए दो दिनों के लिए हेलीकॉप्टर सर्विस को स्थगित कर दिया है. तो चलिए आपको बताते हैं कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने क्या कार्रवाई की है और साथ ही जानेंगे कि किस कंपनी का हेलीकॉप्टर था.
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने उठाया बड़ा कदम
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रविवार को उत्तराखंड के केदारनाथ में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद आर्यन एविएशन के ऑपरेशन्स को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद मंत्रालय ने सुरक्षा उल्लंघनों को लेकर सख्त कार्रवाई की है. आर्यन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड एक विमानन कंपनी है जो हेलीकॉप्टर और हवाई जहाज किराए पर देने का काम करती है. इसी कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, जिस पर मंत्रालय ने यह कदम उठाया है.
सामने आई लापरवाही
मंत्रालय के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हेलीकॉप्टर ने खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के बावजूद उड़ान भरी थी. इस घटना को “कंट्रोल्ड फ्लाइट इनटू टेरेन” (CFIT) की श्रेणी में रखा गया है, जहां पायलट ने घाटी में घने बादलों के बीच उड़ान जारी रखी. विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) इसकी विस्तृत जांच करेगा.
दो पायलटों के लाइसेंस निलंबित
सुरक्षा उल्लंघनों को देखते हुए DGCA ने संबंधित दो पायलटों के लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित कर दिए हैं. साथ ही, 15-16 जून को चारधाम मार्ग पर सभी चार्टर और शटल हेलीकॉप्टर सर्विस भी रोक दी गई हैं. मंत्रालय ने उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) को निर्देश दिया है कि सर्विस फिर से शुरू करने से पहले सभी ऑपरेटरों और पायलटों के साथ समीक्षा बैठक की जाए.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने DGCA, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और UCADA के अधिकारियों के साथ बैठक कर हेलीकॉप्टर सुरक्षा प्रोटोकॉल पर चर्चा की. UCADA को निगरानी के लिए कमांड एंड कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें: Kedarnath Helicopter Crash: हादसों की यात्रा, 2025 सबसे बुरा, अब तक 5 क्रैश; 16 साल में 45 ने गंवाई जान
बढ़ रही हैं घटनाएं
आर्यन एविएशन का Bell 407 हेलिकॉप्टर (VT-RPN) सुबह 5:10 बजे गुप्तकाशी से उड़ा और 5:18 बजे केदारनाथ पहुंचा. वापसी में 5:19 बजे उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद यह गौरीकुंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
इस वर्ष चारधाम यात्रा मार्ग पर कई हेलीकॉप्टर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. DGCA अब सभी ऑपरेटरों का ऑडिट करेगा और सुरक्षा मानकों का पालन न करने वालों के ऑपरेशन रद्द कर सकता है.
