Bank of Baroda डेटा लीक से मचा हड़कंप! क्या खतरे में है आपका भी अकाउंट? तुरंत करें ये काम
Bank of Baroda के एक कर्मचारी का ईमेल हैक होने के बाद ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक होने का दावा किया गया है. बैंक का कहना है कि उसका कोर बैंकिंग सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित है. हालांकि, डेटा लीक के बाद साइबर ठगी का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में ग्राहकों को पासवर्ड बदलने और OTP किसी के साथ साझा नहीं करने जैसी सावधानियां बरतनी चाहिए.
Bank of Baroda Data Breach: Bank of Baroda के ग्राहकों का कथित डेटा डार्क वेब पर लीक होने की खबर सामने आने के बाद ग्राहकों की चिंता बढ़ गई है. दावा किया जा रहा है कि करीब एक टेराबाइट कस्टमर डेटा ऑनलाइन पोस्ट किया गया है. हालांकि, बैंक ने साफ किया है कि उसके कोर बैंकिंग सिस्टम में कोई सेंध नहीं लगी है और ग्राहकों का पैसा पूरी तरह सुरक्षित है. इसके बावजूद ग्राहकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि कहीं इस डेटा लीक में उनकी जानकारी भी तो शामिल नहीं है. अगर आपका भी Bank of Baroda में खाता है, तो आपको कुछ जरूरी सावधानियां तुरंत अपनानी चाहिए.
क्या कहा Bank of Baroda ने?
Bank of Baroda के मुताबिक, यह मामला बैंक के एक कर्मचारी के ईमेल अकाउंट से जुड़ा है, जिसे हैक कर लिया गया था. बैंक ने बताया कि घटना का पता चलते ही प्रभावित अकाउंट को सुरक्षित कर लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. इस जांच में सरकारी साइबर एजेंसियां भी शामिल हैं. बैंक का कहना है कि कोर बैंकिंग सिस्टम प्रभावित नहीं हुआ है.
क्या-क्या डेटा लीक होने का दावा?
कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डार्क वेब पर पोस्ट किए गए डेटा में सेविंग और करंट अकाउंट की जानकारी, लोन से जुड़े दस्तावेज, नेट बैंकिंग रजिस्ट्रेशन, एनआरआई और कॉरपोरेट बैंकिंग रिकॉर्ड शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा बड़ी संख्या में ग्राहक ऑनबोर्डिंग फॉर्म, फोटो और पहचान पत्र भी लीक होने का दावा किया गया है.
क्या आपका बैंक अकाउंट खतरे में है?
सिर्फ पर्सनल जानकारी लीक होने से कोई व्यक्ति सीधे आपके बैंक खाते से पैसा नहीं निकाल सकता. इसके लिए नेट बैंकिंग पासवर्ड, UPI PIN, ट्रांजैक्शन PIN, OTP या बायोमेट्रिक जैसी अतिरिक्त सुरक्षा जानकारी की जरूरत होती है. इसलिए घबराने की बजाय सतर्क रहना ज्यादा जरूरी है.
साइबर ठगों से क्यों रहें सावधान?
डेटा लीक के बाद साइबर ठग बैंक अधिकारी बनकर कॉल, SMS या WhatsApp के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर सकते हैं. वे OTP, UPI PIN, CVV या पासवर्ड मांग सकते हैं. याद रखें कि कोई भी बैंक कर्मचारी कभी भी फोन, ईमेल या मैसेज पर OTP, PIN या पासवर्ड नहीं मांगता. ऐसी किसी भी कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें.
ग्राहकों को क्या करना चाहिए?
अगर आप Bank of Baroda के ग्राहक हैं तो तुरंत नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का पासवर्ड बदल दें. खाते के SMS और ईमेल अलर्ट चालू रखें. किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें. यदि आपको लगता है कि आपका आधार नंबर लीक हुआ है तो UIDAI की वेबसाइट या mAadhaar ऐप के जरिए आधार बायोमेट्रिक लॉक कर दें. साथ ही समय-समय पर अपना क्रेडिट रिपोर्ट भी जांचते रहें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत बैंक और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल या हेल्पलाइन 1930 पर दें.
इसे भी पढ़ें- मजबूत ऑर्डर बुक, हाई ROE और मजबूत ग्रोथ प्लान, चमक सकते है ये 3 स्टॉक; रखें नजर
Latest Stories
मजबूत ऑर्डर बुक, हाई ROE और मजबूत ग्रोथ प्लान, चमक सकते है ये 3 स्टॉक; रखें नजर
Suzlon Energy Q1: प्रॉफिट में 6 फीसदी की गिरावट, रेवेन्यू में उछाल; कंपनी को मिला रिकॉर्ड ऑर्डर
10 और 20 रुपये के ही प्लास्टिक नोट क्यों ला रहा RBI, क्या डिजिटल पेमेंट पर पड़ेगा असर? समझें पूरी कहानी
