2047 तक महाराष्ट्र बनेगा 5 लाख करोड़ डॉलर की इकोनॉमी, तीन चरण में होगी ग्रोथ; बोले CM फडणवीस
Money9 Financial Freedom Summit 2026 में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो मैसेज के जरिए राज्य की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और भविष्य की रणनीति पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र 2047 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके लिए तीन चरणों में विकसित महाराष्ट्र का विजन तैयार किया गया है.
Money9 Financial Freedom Summit 2026: मनी9 के फाइनेंशियल फ्रीडम समिट 2026 के चौथे एडिशन का आगाज हो गया. इस समिट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपना संदेश सभी के साथ साझा किया. कार्यक्रम की शुरुआत टीवी9 के एमडी एंड सीईओ बरुण दास के वेलकम एड्रेस के साथ हुई. इस समिट को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो मैसेज के जरिये संबोधित किया.
महाराष्ट्र तेजी से कर रहा विकास
फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र आज तेजी से प्रगति कर रहा है. महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है. आज हम भारत के राज्यों में सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं, लेकिन एक मिनट के लिए अगर हम मानें कि महाराष्ट्र एक अलग देश होता, तो देशों की सूची में भी महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होती.
सभी क्षेत्रों में नंबर वन है महाराष्ट्र
उन्होंने कहा कि चाहे विदेशी निवेश हो, चाहे सर्वाधिक इंफ्रा प्रोजेक्ट हों, रोजगार का सृजन हो या सर्वाधिक स्टार्टअप हों, महाराष्ट्र आज सभी क्षेत्रों में नंबर वन है. जो विकास मुंबई-पुणे तक सीमित था, आज प्रदेश के हर जिले में निवेश के नए अवसर खुल रहे हैं. उन्होंने कहा कि गढ़चिरौली हो या नंदुरबार, जलगांव हो या नांदेड, हर जिले में जहां पहले निवेश नहीं होता था, आज वहां भी निवेश की होड़ लगी है.
विकसित महाराष्ट्र का तीन चरणों में विजन
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि एक बड़ी गाथा आकार ले रही है. हमने 2047 तक 5 ट्रिलियन डॉलर (5 लाख करोड़ डॉलर) की अर्थव्यवस्था का सपना लेकर आगे बढ़ना शुरू किया है, जो कोई असंभव बात नहीं है. हमने विकसित महाराष्ट्र का तीन चरणों में विजन भी बनाया है. लेकिन आपसे मिलकर फिर विस्तार से यह विजन साझा करूंगा.
यह भी पढ़ें: रिटेल इन्वेस्टर शेयर मार्केट के Back Bone, 2 साल में बने रियल हीरो, ये हैं न्यू इंडिया की पावर- बरुण दास
