PNB घोटाले का मास्टरमाइंड मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार, तहव्वुर राणा की तरह क्या आएगा भारत?
PNB घोटाले का मास्टरमाइंड मेहुल चोकसी को बेल्जियम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मेहुल एक जाना-माना हीरा कारोबारी है. उस पर 13,400 करोड़ रुपये के घोटले का आरोप है. ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है भारत सरकार जल्द ही चोकसी को भारत लाने की तैयारी कर सकती है.
Mehul Choksi Arrested: बेल्जियम पुलिस ने हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को गिरफ्तार कर लिया है. चोकसी पर 13,400 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले का आरोप है. ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक, चोकसी को शनिवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की रिक्वेस्ट पर पकड़ा गया. वह अभी जेल में है. भारतीय जांच एजेंसियों ने पिछले साल 21 सितंबर को चोकसी के बेल्जियम में होने की खबर दी थी, जिसके बाद CBI ने उसकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग की थी. बेल्जियम पुलिस ने मुंबई की एक अदालत की ओर से जारी दो गिरफ्तारी वारंट (23 मई 2018 और 15 जून 2021) के आधार पर यह कार्रवाई की है. ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि क्या भारत सरकार मेहुल चोकसी को भी तहव्वुर राणा की तरह भारत लाएगी और पूछताछ करेगी. बता दें राणा 26/11 मुंबई हमले का मास्टरमाइंड है.
मेहुल चोकसी, जो आमतौर पर एंटीगुआ में रहता है, कथित तौर पर इलाज के लिए यूरोप आया था. माना जा रहा है कि चोकसी स्वास्थ्य कारणों व अन्य आधारों पर जमानत मांग सकता है, जबकि भारतीय एजेंसियां उसकी जमानत रोकने और उसे भारत लाने की कोशिश में हैं. CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) का आरोप है कि चोकसी और उसके भतीजे नीरव मोदी ने बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर PNB में घोटाला किया है. उस पर धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है.
चोकसी ने सेहत का दिया हवाला
चोकसी ने हाल ही में दावा किया था कि उसे ब्लड कैंसर है और वह रेडिएशन थेरेपी करा रहा है, इसलिए वह भारत नहीं आ सकता. फरवरी में उसने बेल्जियम की एक अदालत में आवेदन देकर कहा कि उसे 2023 से क्रॉनिक लिम्फोसाइटिक ल्यूकेमिया और लिम्फोमा है. हालांकि ED उसकी हर चाल पर नजर रखे हुए है.
यह भी पढ़ें: 3.5 लाख रुपये प्रति औंस पहुंच जाएगा सोना, एक्सपर्ट ने दिया टारगेट; 2025 में अब तक 18 हजार की तेजी
80 करोड़ की संपत्ति पर नजर
ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक ED ने चोकसी के विदेशों में मौजूद 80 करोड़ रुपये की संपत्तियों का पता लगाया है. थाईलैंड, दुबई, जापान और अमेरिका में उसकी पांच संपत्तियों की पहचान की गई हैं. ED इन संपत्तियों को बेचकर पैसा भारत लाने की कोशिश में है, ताकि घोटाले के शिकार लोगों को राहत मिल सके. दिसंबर में ED ने चोकसी के खिलाफ जांच में 2,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्तियों को जब्त किया था. इनमें से 125 करोड़ रुपये की संपत्तियां गीतांजलि जेम्स के लिक्विडेटर को सौंपी जा चुकी हैं.
Latest Stories
Infosys Q2 Results: मुनाफा 6.2% बढ़कर ₹7823 करोड़, हर शेयर पर ₹26 डिविडेंड का ऐलान
Heineken बीयर कंपनी को सता रहा डर, वजन घटाने वाली दवाओं से घट सकती है बिक्री
4 सरकारी बैंकों में हिस्सेदारी घटाएगी सरकार, 2 और बैंकों के प्राइवेटाइजेशन की तैयारी; जानें पूरी रणनीति
