फूड डिलिवरी में नया राइडर, जानें Rapido vs Zomato vs Swiggy में खाना कहां मिलेगा सस्ता
रैपिडो ने फूड डिलीवरी सेगमेंट में एंट्री लेकर Zomato और Swiggy को सीधी टक्कर दी है. कंपनी रेस्टोरेंट्स से सिर्फ 25 रपये फ्लैट डिलीवरी शुल्क लेगी और कोई कमीशन या पैकेजिंग फीस नहीं वसूलेगी.इससे छोटे रेस्टोरेंट्स को राहत मिलेगी और ग्राहकों को भी कम खर्च में खाना मिलेगा.
Swiggy vs Zomato vs Rapido Food Delivery Rate: देश के फूड डिलीवरी मार्केट में जल्द ही एक नया खिलाड़ी रैपिडो उतरने वाला है. बाइक टैक्सी सेवा के लिए मशहूर यह प्लेटफॉर्म अब फूड डिलीवरी के क्षेत्र में कदम रखने जा रहा है. कंपनी के इस एलान के बाद से इस सेगमेंट में पहले से मौजूद जोमैटो (Zomato) और स्विगी (Swiggy) जैसी कंपनियों की चिंता बढ़ गई है. इसकी वजह है रैपिडो का नया बिजनेस मॉडल. दरअसल, रैपिडो ने घोषणा की है कि वह फूड डिलीवरी के दौरान सभी दुकानदारों से फ्लैट 25 रुपये का चार्ज लेगा. इसके अलावा कोई कमीशन, पैकेजिंग फीस या मार्केटिंग चार्ज नहीं लिया जाएगा. इस एलान के बाद Zomato और Swiggy के शेयरों में 1 से 2 फीसदी तक की गिरावट देखी गई.
ग्राहकों के लिए भी सस्ता होगा खाना
जहां Zomato और Swiggy के जरिए ऑर्डर करने पर ग्राहकों को 50 से 100 रुपये तक का डिलीवरी चार्ज देना पड़ता है, वहीं रैपिडो 100 रुपये से अधिक के ऑर्डर पर केवल 25 रुपये डिलीवरी शुल्क लेगा. अगर ऑर्डर 100 रुपये से कम का है, तो ग्राहक को लगभग 15 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा. हालांकि, कंपनी ने अभी तक किसी फ्री डिलीवरी या प्रीमियम सब्सक्रिप्शन की घोषणा नहीं की है, लेकिन उसका फोकस कम कीमत और तेज डिलीवरी पर रहेगा.
डिलीवरी शुल्क की तुलना
| प्लेटफॉर्म | 100 रुपये से कम के ऑर्डर पर | 100 रुपये+ ऑर्डर पर | अतिरिक्त शुल्क (कमीशन/पैकेजिंग) |
|---|---|---|---|
| रैपिडो | ~15 रुपये | 25 रुपये | नहीं (हिडेन चार्ज नहीं) |
| Zomato/Swiggy | 30–50 रुपये | 50–100 रुपये | हां (ऑर्डर वैल्यू का 5–15% तक) |
ग्राहकों को कुल बचत (एक ऑर्डर पर)
| ऑर्डर वैल्यू | Zomato/Swiggy (अनुमानित अतिरिक्त शुल्क) | रैपिडो (अतिरिक्त शुल्क) | कहां पड़ेगा सस्ता |
|---|---|---|---|
| 100 रुपये | 50 (डिलीवरी) + 25 (कमीशन) = 75 | 15 (केवल डिलीवरी) | 60 रुपये (रैपिडो) |
| 300 रुपये | 60 (डिलीवरी) + 84 (28% कमीशन) = 144 | 25 (केवल डिलीवरी) | 119 रुपये (रैपिडो) |
जोमैटो और स्विगी को मिलेगी कड़ी टक्कर
रैपिडो के इस कदम से जोमैटो और स्विगी जैसे प्लेटफॉर्म को सीधी टक्कर मिलेगी. जहां अभी तक Zomato और Swiggy रेस्टोरेंट्स से 22 से 28 फीसदी तक का कमीशन लेते हैं, फाइनेंस बिज के एक रिपोर्ट के मुताबिक Zomato एक डिलीवरी पर 50 – 80 रुपये औसत चार्ज करता है तो वही Swiggy 30-40 रुपये चार्ज करता है. वहीं रैपिडो ने कहा है कि वह रेस्टोरेंट्स से केवल 25 रुपये का फ्लैट डिलीवरी चार्ज और उस पर लागू टैक्स लेगा. इसके अलावा, जहां अन्य प्लेटफॉर्म पैकेजिंग फीस और मार्केटिंग चार्ज जैसे अलग शुल्क लेते हैं, वहीं रैपिडो ने स्पष्ट किया है कि वह ऐसा कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लेगा.
छोटे रेस्टोरेंट्स को मिलेगा फायदा
रैपिडो का नया मॉडल छोटे और मध्यम स्तर के रेस्टोरेंट्स के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है. मौजूदा प्लेटफॉर्म जहां ऑर्डर की वैल्यू के आधार पर कमीशन लेते हैं, वहीं रैपिडो ने फ्लैट शुल्क तय किया है. इससे छोटे कारोबारियों को अपने मुनाफे में बढ़ोतरी का मौका मिलेगा. रैपिडो भविष्य में एक मासिक सब्सक्रिप्शन मॉडल भी लाने की योजना बना रहा है, जिससे रेस्टोरेंट्स को और भी राहत मिल सकती है.
Latest Stories
Tata Sons विवाद: चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति पर टाटा ट्रस्ट्स ने उठाए सवाल, कास्टिंग वोट को भी नकारा
10 दिन बाद बदल जाएंगे LPG Cylinder के नियम, नहीं किया ये काम तो मिलेगा महंगा सिलेंडर!
UPI MDR Rules: SIP, FD और शेयर में निवेश करना होगा महंगा? 15 अक्टूबर से क्या बदलेगा
