डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे कमजोर, लगातार तीसरे दिन गिरावट; जानें डिटेल
डॉलर की मजबूती और इंपोर्टर की बढ़ी मांग के बीच मंगलवार को रुपया 14 पैसे कमजोर होकर 94.65 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. यह लगातार तीसरा कारोबारी सत्र है जब रुपये में गिरावट दर्ज की गई है. विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक बाजार में रिस्क से बचने का असर रुपये पर पड़ा.

Rupee vs Dollar: भारतीय रुपये में मंगलवार को भी कमजोरी देखने को मिली. डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे गिरकर 94.65 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. यह लगातार तीसरा कारोबारी सत्र है जब रुपये में गिरावट दर्ज की गई है. विदेशी बाजार में डॉलर की मजबूती, इंपोर्टर की मांग और वैश्विक स्तर पर रिस्क से बचने का असर रुपये पर दिखाई दिया. हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता और भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप से रुपये की गिरावट सीमित रही.
94.65 प्रति डॉलर पर बंद हुआ रुपया
इंटरबैंक फॉरेन करेंसी मार्केट में रुपया 94.60 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के अंत में 94.65 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. इससे पहले सोमवार को रुपया 94.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. इस तरह एक दिन में रुपये में 14 पैसे की कमजोरी दर्ज की गई. बाजार में डॉलर की मांग बढ़ने से स्थानीय करेंसी पर दबाव बना रहा.
किन वजहों से कमजोर हुआ रुपया
विदेशी करेंसी बाजार के जानकारों के अनुसार महीने के आखिर में आयात करने वाली कंपनियों की ओर से डॉलर की मांग बढ जाती है. इसके अलावा वैश्विक बाजार में निवेशकों का सुरक्षित निवेश की ओर झुकाव भी डॉलर को मजबूती दे रहा है. इसी कारण रुपये पर लगातार दबाव बना हुआ है. हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में अधिक तेजी नहीं होने से गिरावट कुछ हद तक सीमित रही.
ये भी पढ़ें- Gold Price Today: सोने में गिरावट, चांदी में आई 6000 रुपये की जोरदार तेजी, जानें नए भाव
शेयर बाजार और विदेशी निवेश का भी असर
मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली. सेंसेक्स 249.70 अंक गिरकर 76478.67 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 80.50 अंक टूटकर 23865.75 पर पहुंच गया. वहीं विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को शुद्ध रूप से 1350.1 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की. इससे भी रुपये पर दबाव बढ़ा.