त्योहारी सीजन में आपकी जेब पर बढ़ेगा बोझ, चीनी की कीमत में तीन गुना से ज्यादा तेजी; गुड़ के दाम भी बढ़े
त्योहारी सीजन से पहले चीनी की कीमतों में तेजी तेज हो गई है. जुलाई में चीनी की कीमत महीने के आधार पर 2.73 फीसदी बढ़ी, जो खुदरा महंगाई की 0.9 फीसदी बढ़त से तीन गुना से ज्यादा है. सालाना आधार पर चीनी महंगाई 4.92 फीसदी पहुंच गई. गुड़ की कीमत भी 1.76 फीसदी बढ़ी, जबकि तैयार मिठाइयां 0.63 फीसदी महंगी हुईं. चीनी की कीमत 60 रुपये प्रति किलो से ऊपर पहुंच चुकी है.
Highlights
- जुलाई में चीनी की कीमत 2.73 फीसदी बढ़ी.
- चीनी की सालाना महंगाई 4.92 फीसदी पहुंची.
- चीनी का भाव 60 रुपये प्रति किलो के पार गया.
देश में त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले चीनी की कीमतों में तेजी तेज हो गई है. जुलाई में चीनी की कीमत महीने के आधार पर 2.73 फीसदी बढ़ी. यह खुदरा महंगाई में हुई 0.9 फीसदी की बढ़त से तीन गुना से ज्यादा है. जून में चीनी की कीमत केवल 0.63 फीसदी बढ़ी थी. मई में यह बढ़त 0.44 फीसदी रही थी. अब इसका असर गुड़ और तैयार मिठाइयों की कीमतों पर भी दिखने लगा है. इससे आने वाले त्योहारी दिनों में परिवारों का खाने वाली चीजों पर खर्च बढ़ सकता है.
जुलाई में चीनी की महंगाई तेजी से बढ़ी
मनी कंट्रोल के रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई में चीनी की कीमतों में महीने के आधार पर 2.73 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. जून में यह आंकड़ा 0.63 फीसदी और मई में 0.44 फीसदी था. अप्रैल में चीनी की कीमत में सिर्फ 0.09 फीसदी की बढ़त हुई थी. यानी कुछ ही महीनों में चीनी की कीमतों में तेजी काफी बढ़ गई है. जुलाई में चीनी की कीमतों में सालाना आधार पर 4.92 फीसदी की बढ़त रही. जून में सालाना महंगाई 2.17 फीसदी थी.
चीनी की कीमत खुदरा महंगाई से ऊपर
जुलाई में चीनी की सालाना महंगाई 4.92 फीसदी रही. यह कुल खुदरा महंगाई 4.44 फीसदी से ज्यादा है. साल की शुरुआत में चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी काफी सीमित थी. लेकिन अब तस्वीर बदलती दिख रही है. जुलाई में चीनी की सालाना महंगाई जून के मुकाबले दोगुने से ज्यादा हो गई. आने वाले महीनों में अगर कीमतों में तेजी बनी रहती है तो इसका असर खाद्य महंगाई पर भी पड़ सकता है.
गुड़ की कीमतों में भी बढ़ोतरी
चीनी के साथ गुड़ की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली है. जुलाई में गुड़ की कीमत महीने के आधार पर 1.76 फीसदी बढ़ी. मई और जून दोनों महीनों में इसमें करीब 1 फीसदी की बढ़त हुई थी. सालाना आधार पर जुलाई में गुड़ की महंगाई 6.28 फीसदी पहुंच गई. जून में यह 5.31 फीसदी थी. इसका मतलब है कि चीनी के अलावा चीनी से जुड़े दूसरे प्रोडक्ट भी लगातार महंगे हो रहे हैं.
तैयार मिठाइयों पर भी बढ़ा दबाव
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने वाली है. ऐसे समय में तैयार गैर दूध वाली मिठाइयों की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है. जुलाई में इनकी कीमत महीने के आधार पर 0.63 फीसदी बढ़ी. इससे पहले जून में 0.82 फीसदी और मई में 0.70 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई थी. जुलाई में इन मिठाइयों की सालाना महंगाई 6.08 फीसदी रही. यह सात महीनों में सबसे ऊंचा स्तर है.
ये भी पढ़ें- क्या है VRRR ऑक्शन, जिसे नकदी मैनेज करने के लिए इस्तेमाल करता है RBI, 7 लाख करोड़ रुपये की होगी नीलामी
त्योहारी सीजन में बढ़ेगी चीनी की मांग
देश में नवरात्रि और दशहरा से त्योहारी सीजन शुरू होता है और इसके बाद दिवाली आती है. इस दौरान चीनी, गुड़ और मिठाइयों की मांग आम तौर पर बढ़ जाती है. हालांकि पिछले 10 त्योहारी सीजन के आंकड़े बताते हैं कि ज्यादा मांग के कारण हर बार चीनी की महंगाई नहीं बढ़ी है. पिछले 10 साल में केवल 2016, 2021 और 2022 में त्योहारी अवधि के दौरान चीनी महंगाई पिछले तीन महीनों के मुकाबले तेज हुई थी.
इस बार स्थिति पहले से अलग
इस साल त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही चीनी, गुड़ और तैयार मिठाइयों की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है. चीनी की कीमत जुलाई के करीब 48 रुपये प्रति किलो से बढ़कर अब 60 रुपये प्रति किलो से ऊपर पहुंच गई है. वहीं 31 अगस्त तक गन्ने की बुवाई पिछले साल के मुकाबले सिर्फ 0.5 फीसदी कम थी. ऐसे में आने वाले महीनों में मांग और कीमतों का रुख काफी अहम रहेगा. अगर तेजी जारी रही तो इसका असर घर के खाने पीने के बजट पर पड़ सकता है.
Latest Stories
क्या है VRRR ऑक्शन, जिसे नकदी मैनेज करने के लिए इस्तेमाल करता है RBI, 7 लाख करोड़ रुपये की होगी नीलामी
एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान के इंजन से लीक होने लगा तेल, 36000 फीट की ऊंचाई पर बंद करना पड़ा इंजन
डॉलर के मुकाबले रुपये में उछाल, 6 हफ्ते के हाई पर भारतीय करेंसी, 94.39 पर हुई शानदार शुरुआत
