Ronaldo, Messi या Neymar? ये हैं फुटबॉल के सबसे अमीर खिलाड़ी; वर्ल्ड कप 2026 से पहले जानें किसके पास है ज्यादा दौलत
वर्ल्ड कप 2026 के रोमांच के बीच फुटबॉल के सबसे अमीर खिलाड़ियों की सूची भी सुर्खियों में है. पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो 1 अरब पाउंड से अधिक की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर फुटबॉलर बने हुए हैं. वहीं, अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और ब्राजील के नेमार भी शीर्ष तीन में शामिल हैं.

Football World Cup 2026: फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंचने लगा है. दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें उन स्टार खिलाड़ियों पर टिकी हैं, जो अपनी टीमों को खिताब दिलाने के लिए मैदान में उतरेंगे. हालांकि, इस बार चर्चा सिर्फ खेल तक सीमित नहीं है. वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों की संपत्ति को लेकर भी एक दिलचस्प रिपोर्ट सामने आई है. इस सूची में पुर्तगाल के दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो सबसे ऊपर हैं, जबकि अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और ब्राजील के नेमार भी शीर्ष तीन सबसे अमीर खिलाड़ियों में शामिल हैं. फुटबॉल आज दुनिया के सबसे बड़े खेल उद्योगों में से एक बन चुका है. क्लब कॉन्ट्रैक्ट, ब्रांड एंडोर्समेंट, विज्ञापन और सोशल मीडिया से होने वाली कमाई ने खिलाड़ियों की संपत्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है.
क्रिस्टियानो रोनाल्डो सबसे अमीर खिलाड़ी
पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस सूची में पहले स्थान पर हैं. givemesport की रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 1 अरब पाउंड से अधिक है. रोनाल्डो ने मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड, युवेंटस और अल-नस्र जैसे क्लबों के साथ शानदार करियर बनाया है. 41 वर्ष की उम्र में भी रोनाल्डो दुनिया के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल हैं. वर्ल्ड कप 2026 उनके करियर का आखिरी वर्ल्ड कप माना जा रहा है. ऐसे में वह अपने लंबे करियर का सबसे बड़ा सपना पूरा करने के लिए मैदान में उतरेंगे.
लियोनेल मेसी दूसरे स्थान पर
अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप 2022 जिताने वाले लियोनेल मेसी इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं. उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 742 मिलियन पाउंड बताई गई है. मेसी वर्तमान में इंटर मियामी के लिए खेल रहे हैं. वर्ल्ड कप 2022 में सात गोल और तीन असिस्ट के साथ उन्होंने अपनी टीम को खिताब दिलाया था. अब 38 वर्षीय मेसी एक बार फिर अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे.
नेमार तीसरे नंबर पर
ब्राजील के स्टार नेमार की कुल संपत्ति लगभग 334 मिलियन पाउंड आंकी गई है. चोटों से जूझने के बावजूद नेमार अब भी विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े नामों में शामिल हैं. हालांकि, उनकी फिटनेस को लेकर सवाल बने हुए हैं, लेकिन ब्राजील की टीम को उनसे काफी उम्मीदें हैं. नेमार के लिए यह वर्ल्ड कप उनके करियर के सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में से एक साबित हो सकता है.
एमबाप्पे और केन भी टॉप-5 में
फ्रांस के किलियन एमबाप्पे चौथे स्थान पर हैं. उनकी कुल संपत्ति लगभग 186 मिलियन पाउंड बताई गई है. एमबाप्पे ने 2018 वर्ल्ड कप जीतने के साथ-साथ 2022 के फाइनल में हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा था. वहीं, इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन पांचवें स्थान पर हैं. उनकी अनुमानित संपत्ति 110 मिलियन पाउंड है. केन लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड की सबसे बड़ी उम्मीद माने जा रहे हैं.
सलाह, सोन और हालांड भी सूची में
मिस्र के मोहम्मद सलाह 104 मिलियन पाउंड की संपत्ति के साथ छठे स्थान पर हैं. दक्षिण कोरिया के सोन ह्युंग-मिन सातवें स्थान पर हैं और उनकी कुल संपत्ति 74 मिलियन पाउंड बताई गई है. अल्जीरिया के रियाद महरेज की संपत्ति 63 मिलियन पाउंड है, जबकि नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एरलिंग हालांड और कोलंबिया के जेम्स रोड्रिगेज की संपत्ति लगभग 59-59 मिलियन पाउंड आंकी गई है.
यह भी पढ़ें: जब विदेशी कंपनी ने उड़ाया मजाक, तब Xerxes Desai ने ठान ली जिद; जन्म हुआ Titan और बदल गई भारतीय घड़ी इंडस्ट्री