8 साल बाद हॉकी एशिया कप पर भारत ने जमाया कब्जा, दक्षिण कोरिया को 4-1 से चटाई धूल; 2026 विश्व कप की कटाई टिकट

भारत ने हॉकी एशिया कप 2025 के फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर आठ साल बाद खिताब जीत लिया है. इस शानदार जीत के साथ भारत ने 2026 हॉकी विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली. सुखजीत, दिलप्रीत और अमित रोहिदास के गोल ने भारतीय टीम को बढ़त दिलाई. यह भारत का चौथा एशिया कप खिताब है.

हॉकी एशिया कप 2025 में भारत की जीत Image Credit: PTI

India win Hockey Asia Cup 2025: भारत ने हॉकी एशिया कप 2025 के फाइनल में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए रविवार को राजगीर में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारत ने 2026 हॉकी विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली. यह 2017 के बाद भारत का पहला और कुल मिलाकर चौथा एशिया कप खिताब था. अगले साल होने वाले हॉकी विश्व कप की मेजबानी बेल्जियम और नीदरलैंड संयुक्त रूप से करेंगे. ऐसे में भारत एक बार फिर हॉकी विश्व कप में अपना जलवा बिखेरते नजर आएगा.

शुरू से भारत ने बनाई थी बढ़त

भारत ने तीसरे मिनट में ही सुखजीत सिंह के गोल की मदद से बढ़त बना ली. दूसरे क्वार्टर के अंत से पहले दिलप्रीत सिंह ने दूसरा गोल करके भारतीय टीम की बढ़त दोगुनी कर दी. दिलप्रीत ने तीसरे क्वार्टर के हूटर बजते ही अपना दूसरा गोल दागा, जबकि अमित रोहिदास ने पांच मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर चौथा गोल दागा. दक्षिण कोरिया ने 51वें मिनट में डैन सोन के जरिए एक गोल किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इससे पहले भारत ने चीन को 7-0 से मात दी थी.

2026 विश्व कप के लिए कितनी टीमों ने क्वालीफाई किया है?

2026 FIH विश्व कप के लिए कुल 16 टीमें क्वालीफाई करेंगी. इस प्रकार, भारत मेजबान नीदरलैंड और बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया (FIH प्रो लीग 2023-24 विजेता), स्पेन (FIH प्रो लीग 2024-25 में तीसरे स्थान पर रहकर), अर्जेंटीना (पैन अमेरिकन कप 2025 विजेता), जर्मनी (यूरोहॉकी चैंपियनशिप 2025 फाइनलिस्ट) और न्यूजीलैंड (ओशिनिया कप 2025 विजेता) के साथ शामिल हो जाएगा.

अभी भी आठ स्थान खाली हैं. एक स्थान अफ्रीका में होने वाले महाद्वीपीय आयोजन से आएगा, जबकि बाकी सात स्थानों का फैसला 2026 में FIH हॉकी विश्व कप क्वालीफायर के जरिए होगा.

हॉकी विश्व कप में भारत का प्रदर्शन

भारत ने विश्व कप में एकमात्र जीत 1975 में पाकिस्तान को हराकर हासिल की थी. साथ ही भारत 1973 में उपविजेता और 1971 में तीसरे स्थान पर रहा था. इस जीत के साथ भारत हॉकी विश्व कप में 16वीं बार खेलेगा. 2023 में हुए पिछले विश्व कप में भारत नौवें स्थान पर रहा था.

यह भी पढ़ें: भारत-इजरायल के बीच इस सप्ताह हो सकता है द्विपक्षीय निवेश संधि पर हस्ताक्षर, BIT से खुलेगा FTA का रास्ता