Monsoon आने से पहले बढ़ेगी गर्मी, IMD ने कई राज्यों में जारी किया हीटवेव अलर्ट; 16 मई तक अंडमान पहुंचेगा मानसून
IMD के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून 16 मई के आसपास अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पहुंच सकता है. वहीं उत्तर पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा. राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है.

IMD Monsoon Update: IMD ने कहा है कि दक्षिण पश्चिम मानसून 16 मई के आसपास अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पहुंच सकता है. मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मानसून के आगे बढ़ने की स्थिति अनुकूल बन रही है. वहीं दूसरी तरफ उत्तर पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा. मौसम विभाग ने कई राज्यों में गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की है. राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है. कुछ दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है.
16 मई तक अंडमान पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून 16 मई के आसपास अंडमान सागर और अंडमान निकोबार द्वीप समूह तक पहुंच सकता है. बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र मानसून को आगे बढ़ाने में मदद कर रहा है. आमतौर पर मानसून मई के तीसरे सप्ताह में अंडमान पहुंचता है. इसके बाद यह धीरे- धीरे केरल की तरफ बढ़ता है. भारत में मानसून की आधिकारिक शुरुआत 1 जून के आसपास मानी जाती है.
उत्तर भारत में भीषण गर्मी का अलर्ट
IMD ने उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी की चेतावनी दी है. पश्चिम राजस्थान में 14 और 15 मई को कई जगह लू चल सकती है. कुछ इलाकों में गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है. पश्चिम मध्य प्रदेश में भी 14 से 17 मई तक तेज गर्मी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.
इन राज्यों में चलेगी लू
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी लू का असर देखने को मिल सकता है. गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी तापमान काफी बढ़ सकता है. रात के समय भी गर्म हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बारिश
जहां उत्तर भारत गर्मी से परेशान रहेगा वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ इलाकों में 14 से 17 मई तक भारी बारिश का अनुमान जताया है. पूर्वोत्तर भारत में 14 से 19 मई तक तेज बारिश हो सकती है. बारिश की वजह से इन इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.
तापमान में 6 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव
IMD के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. वहीं मध्य और पूर्वी भारत में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है. 12 मई को राजस्थान, गुजरात, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. राजस्थान के बाड़मेर में सबसे ज्यादा 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
ये भी पढ़ें- कैसे लीक हुआ NEET का पेपर, केरल से राजस्थान तक नेटवर्क; जांच के दायरे में 410 सवाल… ऐसे हुआ खुलासा
मानसून खेती के लिए बेहद जरूरी
भारत में मानसून खेती और पानी के रिजर्व के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. बारिश से खेतों की सिंचाई होती है और जलाशय भरते हैं. हालांकि मौसम विभाग ने इस बार सामान्य से कम बारिश की संभावना जताई है. एल नीनो जैसी परिस्थितियों के उभरने की वजह से मानसून प्रभावित हो सकता है. ऐसे में किसानों और कृषि क्षेत्र की नजर मानसून की प्रगति पर बनी हुई है.