उत्तर भारत में अगले 3 से 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, यूपी-राजस्थान समेत 5 राज्यों के लिए IMD की चेतावनी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर भारत में मॉनसून एक्टिव रहेगा. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

KYA HAI MAUSAM KA HAL: देश के कई हिस्सों में मॉनसून पूरी तरह एक्टिव है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में अच्छी बारिश होने की संभावना है. वहीं दक्षिण भारत के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं.
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक 22 जुलाई को जम्मू-कश्मीर, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश, दक्षिण-पूर्व राजस्थान और कोंकण-गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं गुजरात में 22 से 24 जुलाई और मध्य महाराष्ट्र में 22 और 23 जुलाई को भी ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान है.
उत्तर भारत में कहां-कहां होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 22 से 28 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगह बारिश होगी. पंजाब में 22 जुलाई और फिर 27 से 28 जुलाई को बारिश का दौर तेज हो सकता है. हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 22 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है. 27 से 28 जुलाई को भी यहां बारिश तेज हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में 22 से 26 जुलाई और पश्चिमी राजस्थान में 22 से 26 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27-28 जुलाई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 से 28 जुलाई के बीच भारी बारिश होने का अनुमान है.
गरज-चमक और तेज हवाओं की भी चेतावनी
IMD ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश और कई अन्य राज्यों में गरज-चमक के साथ 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 22 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहेंगे. कई इलाकों में हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है. दोपहर से रात के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
23 जुलाई को भी हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है. 24 जुलाई को भी हल्की बारिश की संभावना है. वहीं 25 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें- ITR फाइल कर दिया? अब 30 दिन के भीतर ऐसे करें ई-वेरिफिकेशन, नहीं तो रिटर्न होगा अमान्य; जानें वेरिफाई करने के 5 तरीके