विदेशी निवेशकों की बदली पसंद, इन सेक्टरों में जमकर लगाया पैसा; जानें कहां मिल सकते हैं मौके

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने लंबे समय की बिकवाली के बाद भारतीय शेयर बाजार में फिर खरीदारी शुरू की है. जुलाई के पहले पखवाड़े तक एफआईआई ने करीब 3 अरब डॉलर का निवेश किया. सबसे ज्यादा पैसा फाइनेंशियल सर्विसेज, कंज्यूमर सर्विसेज, हेल्थकेयर, सर्विसेज और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में आया.

FIIs Image Credit: Canva/ Money9

FII ने लंबे समय तक बिकवाली करने के बाद भारतीय शेयर बाजार में फिर से खरीदारी शुरू कर दी है. जुलाई में 15 तारीख तक FII ने करीब 3 अरब डॉलर की खरीदारी की है. हालांकि यह खरीदारी सभी सेक्टर में नहीं बल्कि चुनिंदा सेक्टर में देखने को मिली. फाइनेंशियल सर्विसेज, कंज्यूमर सर्विसेज, हेल्थकेयर, सर्विसेज और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में सबसे ज्यादा निवेश आया. वहीं ऑटो, पावर और कैपिटल गुड्स जैसे सेक्टर में बिकवाली जारी रही.

फाइनेंशियल सेक्टर बना FII की पहली पसंद

जुलाई के पहले 15 दिनों में FII ने सबसे ज्यादा 16609 करोड़ रुपये का निवेश फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में किया. इसके बाद कंज्यूमर सर्विसेज में 10442 करोड़ रुपये का निवेश आया. हेल्थकेयर सेक्टर में 5536 करोड़ रुपये, सर्विसेज में 4997 करोड़ रुपये और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 4948 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया. इससे साफ है कि विदेशी निवेशक फिलहाल मजबूत घरेलू मांग वाले सेक्टर पर भरोसा जता रहे हैं.

इन सेक्टर से लगातार पैसा निकाल रहे FII

जहां कुछ सेक्टर में खरीदारी हुई, वहीं कई सेक्टर में बिकवाली भी जारी रही. ऑटो सेक्टर से सबसे ज्यादा 8260 करोड़ रुपये निकाले गए. इसके बाद पावर सेक्टर से 5010 करोड़ रुपये और कैपिटल गुड्स से 4099 करोड़ रुपये की निकासी हुई. टेलीकॉम और ऑयल एंड गैस सेक्टर में भी विदेशी निवेशकों ने पैसा निकाला. इससे पता चलता है कि FII की वापसी फिलहाल चुनिंदा सेक्टर तक सीमित है.

यह भी पढ़ें- ₹1500 करोड़ के कैपेक्स पर बड़ा दांव, SG Mart अगले कुछ वर्षों में 500% तक बढ़ाना चाहती है रेवेन्यू; जानें शेयर का हाल

बैंकिंग और हेल्थकेयर पर बढ़ा भरोसा

जानकारों का मानना है कि बैंकिंग और हेल्थकेयर कंपनियों की कमाई में सुधार की उम्मीद के चलते इन सेक्टर में निवेश बढ़ा है. फिलहाल विदेशी निवेशकों की खरीदारी रणनीतिक है, न कि लंबे समय के लिए. उनका कहना है कि भारत के वैल्यूएशन अब पहले के मुकाबले अधिक संतुलित हो गए हैं, लेकिन वैश्विक आर्थिक हालात अब भी निवेश का बड़ा आधार बने हुए हैं.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.