मार्च की शुरुआत में ही झुलसा उत्तर भारत! कई राज्यों में पारा सामान्य से 12 डिग्री तक ऊपर; IMD ने बताई राहत की तारीख

मार्च की शुरुआत में ही उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है और कई जगहों पर तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है. हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 मार्च के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे उत्तर भारत के लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Raj K Raj/HT via Getty Images

IMD WEATHER UPDATE: मार्च का पहला हफ्ता खत्म भी नहीं हुआ है और उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी ने समय से पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है.

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक यह स्थिति बनी रह सकती है. हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत भी मिल रहे हैं. पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है.

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में सामान्य से 8 से 12 डिग्री ज्यादा तापमान

IMD के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से 8 से 12 डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना हुआ है. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के बाकी मैदानी इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अधिकतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति 9 मार्च तक बनी रह सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

देश के कई हिस्सों में 40°C के करीब पहुंचा पारा

पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ा है. मौसम विभाग के मुताबिक. महाराष्ट्र के कुछ इलाकों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 37 से 41 डिग्री के बीच रहा. उत्तर कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी इसी दायरे में तापमान दर्ज किया गया. देश के बाकी मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 31 से 36 डिग्री के बीच रहा. इस दौरान मैदानी इलाकों में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान महाराष्ट्र के अमरावती में 40.8 डिग्री दर्ज किया गया.

उत्तर भारत में रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म


केवल दिन का तापमान ही नहीं, बल्कि रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर चल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू डिवीजन, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में न्यूनतम तापमान 14 से 18°C के बीच दर्ज किया गया. देश के बाकी मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 18 से 22°C के बीच रहा. मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.9°C राजस्थान के फतेहपुर AWS में दर्ज किया गया.

पश्चिमी विक्षोभ से बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. पूर्वानुमान के अनुसार, 7 से 13 मार्च के बीच इन पहाड़ी राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 11 मार्च को जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस मौसम प्रणाली के असर से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट आ सकती है.

दिल्ली समेत उत्तर भारत में अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच दर्ज किया गया. आने वाले दिनों में मौसम का पूर्वानुमान इस प्रकार है. 8 मार्च को आसमान साफ रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रह सकता है.

इसे भी पढ़ें- क्या अहमदाबाद भारत के लिए ‘अनलकी’ है? जानें क्या कहते हैं आंकड़े और न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड