झुलसाती गर्मी से अब मिलेगी राहत, दिल्ली- यूपी समेत इन 5 राज्यों में इस दिन से होगी बारिश

आने वाले दिनों में देशभर में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. कुछ राज्यों में गर्मी अभी भी परेशान कर रही है, लेकिन कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं राहत लेकर आ सकती हैं. पिछले 24 घंटों में देश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Salman Ali/HT via Getty Images

IMD WEATHER ALERT: देशभर में इस समय मौसम तेजी से करवट ले रहा है. जहां एक तरफ कुछ राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ कई इलाकों में बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन इसके साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बना रहेगा.

कहां कितना चढ़ा पारा

पिछले 24 घंटों में देश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. हालांकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पूर्वोत्तर बिहार और पूर्वोत्तर भारत में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा. सबसे ज्यादा तापमान महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के अकोला में 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा.

यूपी में गर्मी से मिल सकती है राहत

उत्तर प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है. इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. वहीं न्यूनतम तापमान पहले 2 दिनों में थोड़ा बढ़ेगा, लेकिन उसके बाद 3 से 6 डिग्री तक गिर सकता है. यानी दिन में राहत और रात में हल्की ठंडक महसूस हो सकती है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में फिलहाल तापमान 42-44 डिग्री के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से ज्यादा है. लेकिन 28 अप्रैल से मौसम बदलने लगेगा.

  • 29 अप्रैल: हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 20-40 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलेंगी.
  • 30 अप्रैल: फिर से बारिश और तेज हवाएं (50 किमी/घंटा तक) चलने की संभावना है.
  • 1 मई: मौसम साफ रहेगा और तापमान सामान्य के आसपास रहेगा.

इसके अलावा मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और बिजली गिरने से पेड़ गिर सकते हैं, बिजली और संचार सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में विभाग ने लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान घर में रहें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से दूरी बनाए रखें.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और तूफान

जहां एक ओर देश के कुछ हिस्से गर्मी से जूझ रहे हैं, वहीं पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश और तूफान का दौर जारी है. त्रिपुरा और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है. इसके साथ ही 50 से 80 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं. आने वाले 5 दिनों तक इस क्षेत्र में बारिश और आंधी जारी रहने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- FD या Debt Fund: कहां मिलेगा ज्यादा रिटर्न और कम टैक्स? जानें निवेश का सही उस्ताद कौन