2026 का सबसे बड़ा हिट IPO बना Advit Jewels! 200 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब; GMP भी 40 फीसदी के पार
Advit Jewels का IPO साल 2026 का अब तक का सबसे ज्यादा सब्सक्राइब होने वाला IPO बन गया है. यह इश्यू 212.63 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि GMP भी करीब 41 फीसदी तक पहुंच गया है. NII, QIB और रिटेल निवेशकों ने इस IPO में जबरदस्त रुचि दिखाई है.

Advit Jewels IPO: साल 2026 के IPO बाजार में Advit Jewels ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. कंपनी का IPO निवेशकों की जबरदस्त मांग के बीच 212.63 गुना सब्सक्राइब हुआ है. इसके साथ ही यह वर्ष 2026 का अब तक का सबसे ज्यादा सब्सक्राइब होने वाला IPO बन गया है. रिटेल निवेशकों से लेकर संस्थागत निवेशकों तक, सभी वर्गों ने इस इश्यू में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. वहीं, ग्रे मार्केट में भी कंपनी के शेयर मजबूत प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं, जिससे शानदार लिस्टिंग की उम्मीदें और बढ़ गई हैं.
सभी कैटेगरी में जबरदस्त मांग
Advit Jewels का IPO 23 जून को 130-138 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड पर खुला था. यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू था, जिसमें कंपनी ने 1.19 करोड़ नए शेयर जारी किए. IPO को सभी निवेशक वर्गों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है. सबसे ज्यादा उत्साह नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) में देखने को मिला, जहां यह हिस्सा 536.38 गुना सब्सक्राइब हुआ. इसके अलावा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का कोटा 174.98 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 95.29 गुना सब्सक्राइब हुआ. इतनी बड़ी मांग इस बात का संकेत है कि निवेशकों का भरोसा अभी भी मजबूत बुनियादी कंपनियों और अच्छे बिजनेस मॉडल वाले IPO पर बना हुआ है.
GMP भी दे रहा मजबूत संकेत
IPO बंद होने के बाद भी Advit Jewels को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ है. Investorgain के मुताबिक, कंपनी का GMP 52 रुपये से बढ़कर 56 रुपये पर पहुंच गया है. ऐसे में ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) करीब 41 फीसदी चल रहा है. हालांकि, GMP केवल एक अनौपचारिक संकेतक होता है और इससे वास्तविक लिस्टिंग प्रदर्शन की गारंटी नहीं मिलती. कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 1 जुलाई को प्रस्तावित है. यदि मौजूदा GMP बरकरार रहता है, तो निवेशकों को लिस्टिंग के दिन अच्छा रिटर्न मिलने की उम्मीद हो सकती है.
क्या करती है कंपनी
Advit Jewels जयपुर स्थित एक ज्वेलरी निर्माता कंपनी है, जो “Rambhajo” ब्रांड के तहत कुंदन, पोलकी, डायमंड और स्टडेड ज्वेलरी का निर्माण और सप्लाई करती है. कंपनी का कारोबार केवल B2B तक सीमित नहीं है. यह ज्वेलरी डीलर्स, रिटेलर्स और मेड-टू-ऑर्डर ग्राहकों को भी अपनी सर्विस देती है. संगठित ज्वेलरी बाजार में कंपनी ने अपनी अच्छी पहचान बनाई है.
IPO से जुटाई गई राशि का कहां होगा इस्तेमाल
कंपनी IPO से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल मुख्य रूप से वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, कर्ज चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी. इससे कंपनी को अपने कारोबार का विस्तार करने और ऑपरेशनल क्षमता मजबूत करने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें: TCI Express के शेयर में भूचाल! एक दिन में 13 फीसदी टूटा; जानें क्या है कारण
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.