खुलने से पहले इस IPO की मची धूम, GMP दे रहा मजबूत कमाई के संकेत; 32.81% तक लिस्टिंग गेन की उम्मीद

CMR Green Technologies का 630.88 करोड़ रुपये का IPO 3 जून से खुल रहा है. ग्रे मार्केट में इसका GMP 63 रुपये तक पहुंच चुका है, जिससे करीब 32.81 फीसदी लिस्टिंग गेन की उम्मीद जताई जा रही है. कंपनी एल्युमिनियम रीसाइक्लिंग सेक्टर की प्रमुख खिलाड़ी है. हालांकि IPO पूरी तरह OFS है, इसलिए जुटाई गई रकम कंपनी को नहीं मिलेगी.

सीएमआर आईपीओ

CMR Green Technologies IPO: करीब एक महीने बाद शेयर बाजार में कोई मेनबोर्ड IPO निवेशकों के लिए खुलने जा रहा है. CMR Green Technologies IPO को लेकर बाजार में अच्छी-खासी चर्चा है और इसकी सबसे बड़ी वजह ग्रे मार्केट से मिल रहे मजबूत संकेत हैं. 3 जून से खुलने वाले इस इश्यू का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) लगातार बढ़ रहा है, जिससे संभावित लिस्टिंग गेन को लेकर निवेशकों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं.

CMR Green Technologies नॉन-फेरस मेटल रीसाइक्लिंग सेक्टर में कारोबार करती है, जिसे आने वाले सालों में तेजी से बढ़ने वाला उद्योग माना जा रहा है. रीसाइकिल्ड एल्युमिनियम की बढ़ती मांग, वाहन उत्पादन में लगातार इजाफा और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को तेजी से अपनाए जाने से इस सेक्टर को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है. कंपनी भारत के एल्युमिनियम रीसाइक्लिंग बाजार की प्रमुख कंपनियों में शामिल है और इस क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखती है.

GMP क्या कह रहा है?

2 जून की शाम 6 बजे तक CMR ग्रीन टेक्नोलॉजीज IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 63 पहुंच गया. कंपनी ने IPO का इश्यू प्राइस 192 रुपये प्रति शेयर तय किया है. ऐसे में मौजूदा GMP के आधार पर इसकी संभावित लिस्टिंग प्राइस 255 रुपये बनती है यानी निवेशकों को करीब 32.81 फीसदी तक का संभावित लिस्टिंग गेन मिल सकता है.

कब खुलेगा और कब होगी लिस्टिंग?

CMR Green Technologies IPO में निवेशक 3 जून से 5 जून 2026 तक बोली लगा सकेंगे. शेयर अलाटमेंट 8 जून को होने की उम्मीद है, जबकि NSE और BSE पर इसकी लिस्टिंग 10 जून 2026 को हो सकती है.

IPO का साइज कितना है?

यह 630.88 करोड़ रुपये का बुक-बिल्ट इश्यू है. खास बात यह है कि पूरा IPO ऑफर फॉर सेल (OFS) है यानी 3.29 करोड़ शेयरों की बिक्री होगी और इससे जुटाई गई पूरी रकम शेयर बेचने वाले मौजूदा निवेशकों और प्रमोटर्स को जाएगी.

निवेश के लिए कितनी रकम चाहिए?

IPO का लॉट साइज 78 शेयरों का रखा गया है. रिटेल निवेशकों को कम से कम एक लॉट के लिए 14,976 रुपये निवेश करने होंगे. वहीं, स्मॉल NII (sNII) कैटेगरी में निवेश के लिए 14 लॉट यानी 1,092 शेयर खरीदने होंगे, जिसके लिए 2,09,664 रुपये की जरूरत होगी. दूसरी ओर, बड़े NII (bNII) निवेशकों को 67 लॉट यानी 5,226 शेयरों के लिए 10,03,392 का निवेश करना होगा.

कंपनी का कारोबार कितना मजबूत?

CMR Green Technologies रीसाइकिल्ड एल्युमिनियम अलॉय, जिंक अलॉय और अन्य धातु उत्पाद बनाती है. ICRA की रिपोर्ट के मुताबिक FY25 में राजस्व के आधार पर भारतीय सेकेंडरी एल्युमिनियम बाजार में कंपनी की सबसे बड़ी हिस्सेदारी रही.

कंपनी ने FY25 में शानदार वापसी की है. वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 155 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले उसे 838 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. वहीं राजस्व बढ़कर 6,666.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. कंपनी का EBITDA भी मजबूत बना हुआ है, जो कारोबार की परिचालन क्षमता को दिखाता है.

किन बातों का रखना होगा ध्यान?

कंपनी की इनकम का बड़ा हिस्सा ऑटोमोबाइल सेक्टर से आता है. ऐसे में वाहन उद्योग की रफ्तार धीमी पड़ने पर कारोबार प्रभावित हो सकता है. इसके अलावा स्क्रैप और एल्युमिनियम की कीमतों में उतार-चढ़ाव, कुछ बड़े ग्राहकों पर निर्भरता, वैश्विक सप्लाई चेन जोखिम और पर्यावरणीय नियमों से जुड़े जोखिम भी मौजूद हैं.

कौन संभाल रहा है IPO?

इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर Equirus Capital, ICICI Securities और Motilal Oswal Investment Advisors हैं, जबकि KFin Technologies रजिस्ट्रार की भूमिका निभा रही है.

इसे भी पढ़ें- सोना हुआ महंगा, चांदी के भी बढ़े दाम; जानें- कितने रुपये में मिलेगा 24 कैरट वाला 10 ग्राम गोल्ड