Hexagon Nutrition IPO पर टूटी निवेशकों की भीड़, 53.68 गुना लगी बोली; लिस्टिंग पर मुनाफे का संकेत दे रहा GMP?

Hexagon Nutrition IPO को निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला है. 53.68 गुना सब्सक्रिप्शन और NII कैटेगरी में 161.49 गुना मांग बताती है कि निवेशकों ने इस इश्यू में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. ऐसे अब सबकी नजर इस बात पर है कि 12 जून को शेयर बाजार में इसकी लिस्टिंग कैसी रहती है.

Hexagon Nutrition का IPO Image Credit: money9live

Hexagon Nutrition IPO को निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है. आईपीओ के आखिरी दिन निवेशकों ने जमकर बोली लगाई, जिसके चलते यह इश्यू कुल 53.68 गुना सब्सक्राइब हो गया. सबसे ज्यादा उत्साह गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) में देखने को मिला, जहां इश्यू 161.49 गुना भर गया. अब निवेशकों की नजर शेयरों के अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर है.

कंपनी का 138.87 करोड़ का आईपीओ 5 जून 2026 को खुला था और 9 जून 2026 को बंद हुआ. अब निवेशकों की नजर अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर टिकी हुई है.

NII निवेशकों ने दिखाई सबसे ज्यादा दिलचस्पी

9 जून 2026 को बोली बंद होने तक QIB (एंकर निवेशकों को छोड़कर) का हिस्सा 19.77 गुना भरा. वहीं रिटेल निवेशकों का कोटा 26.85 गुना सब्सक्राइब हुआ. सबसे ज्यादा मांग NII कैटेगरी में रही, जहां कुल सब्सक्रिप्शन 161.49 गुना दर्ज किया गया.

इस कैटेगरी में 10 लाख रुपये से ज्यादा निवेश करने वाले bNII निवेशकों का हिस्सा 183.16 गुना भरा, जबकि 10 लाख से कम निवेश करने वाले sNII निवेशकों का हिस्सा 118.15 गुना सब्सक्राइब हुआ.

कुल मिलाकर 2,16,02,008 शेयरों के मुकाबले 1,15,96,13,559 शेयरों के लिए बोली लगाई गई. निवेशकों ने कुल 5,218.261 रुपये करोड़ की मांग दिखाई,

आखिरी दिन बढ़ी रफ्तार

आईपीओ के पहले दिन कुल सब्सक्रिप्शन सिर्फ 1.65 गुना था. दूसरे दिन यह बढ़कर 4.60 गुना पहुंच गया. लेकिन आखिरी दिन निवेशकों ने जोरदार एंट्री की और कुल सब्सक्रिप्शन सीधे 53.68 गुना तक पहुंच गया. QIB निवेशकों ने भी आखिरी दिन बड़ी संख्या में बोली लगाई. पहले दिन इस कैटेगरी में कोई सब्सक्रिप्शन नहीं था, लेकिन आखिरी दिन यह 19.77 गुना तक पहुंच गया.

GMP क्या कहता है?

ग्रे मार्केट में भी इस आईपीओ को लेकर पॉजिटिव माहौल दिख रहा है. 9 जून 2026 शाम 6:02 बजे तक Hexagon Nutrition IPO का GMP 2.75 रुपये रहा. कंपनी का अपर प्राइस बैंड 45 रुपये प्रति शेयर है. GMP को जोड़ने पर अनुमानित लिस्टिंग प्राइस 47.75 रुपये निकलता है यानी मौजूदा संकेतों के आधार पर शेयर करीब 6.11 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हो सकता है.

आईपीओ की डिटेल्स

Hexagon Nutrition का 138.87 रुपये करोड़ का आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है यानी इस इश्यू के जरिए कंपनी नया पैसा नहीं जुटा रही है, बल्कि प्रमोटर अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बेच रहे हैं.

  • IPO खुला: 5 जून 2026.
  • IPO बंद: 9 जून 2026.
  • संभावित अलॉटमेंट: 10 जून 2026.
  • संभावित लिस्टिंग: 12 जून 2026.
  • प्राइस बैंड: ₹42 से ₹45 प्रति शेयर.
  • लॉट साइज: 333 शेयर.
  • न्यूनतम निवेश: ₹14,985.
  • लिस्टिंग: BSE और NSE पर.

क्या काम करती है कंपनी?

1993 में शुरू हुई Hexagon Nutrition हेल्थ और न्यूट्रिशन सेक्टर की कंपनी है. शुरुआत में कंपनी माइक्रोन्यूट्रिएंट फॉर्म्युलेशन बनाती थी, लेकिन बाद में उसने अपने कारोबार का विस्तार किया. कंपनी के पोर्टफोलियो में Pentasure, Obesigo और Pediagold जैसे ब्रांड शामिल हैं. यह माइक्रोन्यूट्रिएंट प्रीमिक्स, क्लीनिकल न्यूट्रिशन, थेरेप्यूटिक न्यूट्रिशन, वेलनेस प्रोडक्ट्स और फोर्टिफाइड फूड्स जैसे प्रोडक्ट बेचती है.

इसे भी पढ़ें- सिर्फ 5 साल पुरानी डायपर कंपनी, कमाई में बंपर उछाल, अब ₹1000 करोड़ का IPO लाने की तैयारी; FirstCry से सीधा नाता