2026 Maruti Brezza खरीदने से पहले पढ़ें ये खबर! टर्बो पेट्रोल या NA पेट्रोल, कौन रहेगा बेहतर?
2026 Maruti Brezza भारतीय बाजार में नए 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ लॉन्च हो गई है. अब ग्राहकों के पास टर्बो पेट्रोल, NA पेट्रोल और CNG जैसे विकल्प मौजूद हैं. अगर आप नई Brezza खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो जानिए टर्बो पेट्रोल और NA पेट्रोल वेरिएंट के बीच डिजाइन, फीचर्स, इंजन, ट्रांसमिशन और परफॉर्मेंस में क्या-क्या अंतर है.
Maruti Brezza Turbo Petrol: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता Maruti Suzuki ने अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी 2026 Maruti Brezza को नए अपडेट के साथ भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.40 लाख रुपये रखी है. इस बार सबसे बड़ा बदलाव नया 1.0-लीटर डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो पेट्रोल इंजन है, जिसे पहली बार Brezza में शामिल किया गया है. इसके साथ ही कंपनी पहले की तरह 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड (NA) पेट्रोल और CNG विकल्प भी दे रही है.
नई टर्बो पेट्रोल तकनीक के आने के बाद ग्राहकों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर टर्बो पेट्रोल और नैचुरली एस्पिरेटेड (NA) पेट्रोल मॉडल में क्या अंतर है और किसे खरीदना ज्यादा फायदेमंद रहेगा. आइए जानते हैं दोनों वेरिएंट के बीच सभी बड़े अंतर.
डिजाइन में दिखेगा टर्बो वेरिएंट का अलग अंदाज
नई टर्बो पेट्रोल Brezza को सामान्य NA पेट्रोल मॉडल से अलग पहचान देने के लिए कंपनी ने कुछ कॉस्मेटिक बदलाव किए हैं. टर्बो वेरिएंट में फ्रंट ग्रिल, फ्रंट और रियर बंपर के सिल्वर स्किड प्लेट के ऊपर, व्हील आर्च और डोर क्लैडिंग पर लाल रंग की ट्रिम्स दी गई हैं.
इसके अलावा, पीछे की तरफ टर्बो बूस्टरजेट का डीकल और टेलगेट पर टर्बो बैज भी लगाया गया है. हालांकि, दोनों वेरिएंट में ड्यूल-पॉड हेडलाइट्स, LED DRLs, एलईडी फॉग लैम्प्स, 16-इंच अलॉय व्हील्स, सिल्वर रूफ रेल्स और एलईडी टेल लैम्प्स समान हैं.
केबिन में नहीं मिलेगा कोई बड़ा बदलाव
अगर इंटीरियर की बात करें, तो टर्बो पेट्रोल और NA पेट्रोल दोनों वेरिएंट का केबिन लगभग एक जैसा है. दोनों में ब्लैक और ब्राउन थीम वाला इंटीरियर, 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, 10.1-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम और मल्टी-इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले के साथ एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है. यानी केबिन के मामले में दोनों मॉडलों के बीच कोई खास अंतर नहीं है.
टर्बो वेरिएंट में ज्यादा फीचर्स
हालांकि, फीचर्स के मामले में टर्बो पेट्रोल मॉडल ग्राहकों को अतिरिक्त सुविधाएं देता है. खासकर LXi, VXi और ZXi वेरिएंट में यह अंतर साफ दिखाई देता है. LXi टर्बो में रियर डिफॉगर, हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, एडजस्टेबल रियर हेडरेस्ट और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं.
वहीं, VXi टर्बो में रिवर्स पार्किंग कैमरा, इलेक्ट्रिकली फोल्ड होने वाले ओआरवीएम्स, अलॉय व्हील्स और एक्सक्लूसिव ब्लूइश ब्लैक एक्सटीरियर कलर दिया गया है. इसके अलावा, ZXi टर्बो वेरिएंट में क्रूज कंट्रोल, ऑटो हेडलैम्प्स, रियर वाइपर एंड वॉशर, दो अतिरिक्त ट्वीटर, ब्लाइंड स्पॉट वार्निंग, सेफ एग्जिट वार्निंग और रियर क्रॉस-ट्रैफिक अलर्ट जैसे एडवांस फीचर्स भी शामिल किए गए हैं. हालांकि, टॉप मॉडल ZXi+ में सभी इंजन विकल्पों के साथ लगभग समान फीचर लिस्ट मिलती है.
इंजन और ट्रांसमिशन में सबसे बड़ा अंतर
दोनों मॉडलों के बीच सबसे बड़ा फर्क इंजन में है. नया 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन आकार में छोटा है और इसमें 3 सिलेंडर दिए गए हैं, जबकि 1.5-लीटर NA पेट्रोल इंजन में 4 सिलेंडर मिलते हैं. एक और महत्वपूर्ण अंतर ट्रांसमिशन का है. टर्बो पेट्रोल वेरिएंट केवल मैनुअल गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है. इसमें ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प नहीं दिया गया है.
दूसरी ओर, 1.5-लीटर NA पेट्रोल इंजन के साथ ग्राहक ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी चुन सकते हैं. दिलचस्प बात यह है कि यही टर्बो पेट्रोल इंजन मारुति फ्रॉन्क्स में 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ भी उपलब्ध है, लेकिन Brezza में कंपनी ने फिलहाल यह विकल्प नहीं दिया है. वहीं, टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ CNG विकल्प भी उपलब्ध नहीं है.
किसे खरीदना रहेगा बेहतर विकल्प?
अगर आप बेहतर परफॉर्मेंस, स्पोर्टी लुक और अतिरिक्त फीचर्स चाहते हैं, तो टर्बो पेट्रोल Brezza बेहतर विकल्प साबित हो सकती है. वहीं, यदि आपकी प्राथमिकता स्मूद ड्राइविंग, ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और CNG का विकल्प है, तो 1.5-लीटर NA पेट्रोल वेरिएंट ज्यादा उपयुक्त रहेगा. कुल मिलाकर, 2026 Maruti Brezza के नए अपडेट ने ग्राहकों को पहले की तुलना में अधिक विकल्प दिए हैं, जिससे वे अपनी जरूरत और बजट के अनुसार सही वेरिएंट का चयन कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: FII का इन 5 शेयरों पर बड़ा दांव! Coal India से Suzlon Energy तक में बढ़ाई हिस्सेदारी, क्या आपके पास भी है ये स्टॉक?
Latest Stories
मारुति सुजुकी ने लॉन्च की ब्रेजा फेसलिफ्ट, शुरुआती कीमत 7.40 लाख रुपये
मारुति सुजुकी ब्रेजा फेसलिफ्ट को मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग, जानें- क्रैश-टेस्ट की गई गाड़ी में लगा था कौन सा इंजन
वोक्सवैगन भारतीय यूनिट में JSW ग्रुप को बेच सकती है हिस्सेदारी, लंबे समय से पार्टनर की तलाश में जर्मन कंपनी
