देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी लाएगी ₹13000 करोड़ का IPO, ग्रे मार्केट में वैल्यूएशन ₹1.55 लाख करोड़ पहुंचा
देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी अगले दो महीनों में करीब ₹13,000 करोड़ का IPO ला सकती है. कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी बड़े निवेशकों और एसेट मैनेजर्स के साथ बातचीत कर रहे हैं. कंपनी की वैल्यूएशन अनलिस्टेड मार्केट में ₹1.55 लाख करोड़ के आसपास बताई जा रही है.

Upcoming IPO: भारतीय शेयर बाजार में जल्द ही एक और बड़ा IPO खुलने जा रहा है. देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी, एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट (SBI Funds Management), अपना आईपीओ (IPO) लाने की तैयारी कर रही है. ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अगले दो महीनों के भीतर बाजार में उतर सकती है. इसके लिए कंपनी के शीर्ष अधिकारियों ने देश के टॉप-20 एसेट मैनेजर्स के साथ बैठकें भी शुरू कर दी हैं, ताकि एंकर बुक और आईपीओ के लिए मजबूत निवेश जुटाया जा सके.
जुलाई में आ सकता है आईपीओ
SBI और फ्रांस की Amundi के इस जॉइंट वेंचर का आईपीओ जुलाई 2026 के शुरुआती हफ्ते में दस्तक दे सकता है. कंपनी ने मार्च के मध्य में ही सेबी (SEBI) के पास अपने ड्राफ्ट पेपर (DRHP) जमा करा दिए थे. अब बस रेगुलेटरी मंजूरी का इंतजार है.
आईपीओ से जुड़ी बड़ी बातें:
- इश्यू साइज: यह आईपीओ करीब ₹13,000 करोड़ का हो सकता है.
- मौजूदा हिस्सेदारी: एसबीआई फंड्स में फिलहाल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की 61.9% और अमुंडी की 36.4% हिस्सेदारी है.
- कुल एसेट (AUM): कंपनी ₹12.5 लाख करोड़ से अधिक के एसेट अंडर मैनेजमेंट के साथ देश की नंबर-1 फंड हाउस है.
अनलिस्टेड मार्केट में भारी डिमांड, दिग्गजों को टक्कर
आईपीओ से पहले ही अनलिस्टेड (ग्रे) मार्केट में एसबीआई फंड्स के शेयरों की भारी मांग है. पिछले हफ्ते इसके शेयर ₹760-770 के भाव पर ट्रेड कर रहे थे. इस लिहाज से कंपनी का कुल वैल्यूएशन करीब ₹1.55 लाख करोड़ आंका जा रहा है. यह वैल्यूएशन बाजार में पहले से लिस्टेड इसकी प्रतिद्वंदी कंपनियों के बेहद करीब है:
- ICICI प्रूडेंशियल एएमसी: ₹1.58 लाख करोड़ (देश की दूसरी बड़ी फंड हाउस)
- एचडीएफसी एएमसी: ₹1.16 लाख करोड़ (देश की तीसरी बड़ी फंड हाउस)
यह भी पढ़ें: SIP से पैसा बनाने की ट्रिक सीख लो? म्यूचुअल फंड्स में सिप के जरिए कैसे बनाएं भारी संपत्ति?
फंड हाउस के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर डी.पी. सिंह और चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (इक्विटी) आर. श्रीनिवासन खुद इस आईपीओ की कमान संभाल रहे हैं. बड़े संस्थागत निवेशकों के साथ बातचीत का दौर लगभग पूरा हो चुका है, जिससे साफ है कि बाजार इस बड़े इश्यू का बेसब्री से इंतजार कर रहा है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.