IPOs Next Week: कमाई का मौका! अगले हफ्ते खुलेंगे 3 नए IPO, दो मेनबोर्ड और एक SME इश्‍यू की होगी एंट्री, चेक करें डिटेल

अगले हफ्ते शेयर बाजार में तीन नए IPO खुलने वाले हैं, जिनमें GSP Crop Science समेत दो और पब्लिक इश्‍यू हैं. ऐसे में निवेशकों के पास कमाई का मौका होगा. इन आईपीओ में दो मेनबोर्ड और एक एसएमई कैटेगरी का होगा. ये पब्लिक इश्‍यू 16 से 20 मार्च के बीच खुलेंगे.

upcoming IPOs in March Image Credit: canva/AI image

Upcoming IPOs: शेयर बाजार में अगले हफ्ते IPO बाजार में काफी हलचल रहने वाली है. 16 मार्च से शुरू होने वाले हफ्ते में तीन कंपनियों के आईपीओ निवेशकों के लिए खुलेंगे. इनमें दो मेनबोर्ड IPO और एक SME IPO शामिल है. इन कंपनियों में निवेशकों को एग्रोकेमिकल, माइनिंग कंसल्टेंसी और टेक्नोलॉजी सेक्टर में निवेश का मौका मिलेगा. तो कौन-से है वो पब्लिक इश्‍यू जिनमें दांव लगाकर कमाई का है मौका, चेक करें डिटेल.

GSP Crop Science IPO

एग्रोकेमिकल कंपनी GSP Crop Science का करीब 400 करोड़ रुपये का IPO 16 मार्च से 18 मार्च के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा. कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 304 से 320 रुपये प्रति शेयर तय किया है. इस IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) के लिए, 35 प्रतिशत रिटेल निवेशकों के लिए और 15 प्रतिशत नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए रिजर्व रखा गया है.

अहमदाबाद स्थित इस कंपनी का IPO 240 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू और 160 करोड़ रुपये के ऑफर फॉर सेल (OFS) का मिश्रण है. प्रमोटर्स विलासबेन व्रजमोहन शाह, कप्पा ट्रस्ट और भावेश व्रजमोहन शाह इस OFS के जरिए करीब 50 लाख शेयर बेचेंगे. IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए करेगी. इस इश्यू के लिए 46 शेयर का लॉट साइज तय किया गया है.

कंपनी का कारोबार

यह कंपनी हर्बीसाइड, फंगीसाइड, इंसेक्टिसाइड और प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर्स के विकास और निर्माण में काम करती है. कंपनी के पास चार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता 15,120 MTPA (टेक्निकल) और 43,672 MTPA (फॉर्मुलेशन) है.

वित्‍तीय स्थिति

वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो कंपनी का FY25 में रेवेन्यू 1,287.38 करोड़ रुपये रहा, जो FY24 के 1,152.16 करोड़ रुपये से ज्यादा है . वहीं नेट प्रॉफिट 61.28 करोड़ से बढ़कर 82.13 करोड़ रुपये हो गया.

CMPDI IPO

सेंट्रल माइन प्‍लानिंग एंड डिजाइन इंस्‍टीट्यूट लिमिटेड (CMPDI) का IPO 20 मार्च से 24 मार्च के बीच खुलेगा. यह Coal India की सहायक कंपनी है और माइनिंग सेक्टर में कंसल्टेंसी सेवाएं प्रदान करती है.

इस IPO में कोई फ्रेश इश्यू नहीं होगा. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा, जिसमें प्रमोटर Coal India Ltd करीब 107.1 मिलियन शेयर बेचने वाली है.

यह भी पढ़ें: ₹11 से ₹1200 के पार पहुंचा यह शेयर, 5 साल में 10,800% से ज्यादा का दिया रिटर्न, एक लाख के बने 1.09 करोड़

Novus Loyalty IPO

टेक्नोलॉजी आधारित कंपनी Novus Loyalty का 60.15 करोड़ रुपये का SME IPO 17 मार्च से 20 मार्च के बीच खुलेगा. इस इश्यू का प्राइस बैंड 139 से 146 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है.

यह IPO 48.18 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू और 11.97 करोड़ रुपये के OFS का मिश्रण है. OFS के तहत दीपक तोमर और स्वेता सिंह अपने शेयर बेचेंगे. IPO का लॉट साइज 1000 शेयर है. रिटले निवेशक को कम से कम 2000 शेयर के लिए आवेदन करना होगा.

कंपनी का कामकाज

Novus Loyalty एक टेक्नोलॉजी आधारित कंपनी है, जो ई-कॉमर्स, फिनटेक, बैंकिंग, फाइनेंस, रियल एस्टेट और FMCG जैसे सेक्टर के लिए लॉयल्टी और रिवॉर्ड सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.