₹1 करोड़ का फंड बनाना है? जानें 5, 10 और 20 साल में कितना करना होगा SIP, समय ऐसे बदल देगा पूरा गणित

1 करोड़ रुपये का फंड बनाने में सिर्फ बेहतर रिटर्न ही नहीं, बल्कि समय भी सबसे बड़ा हथियार है. जितनी जल्दी निवेश की शुरुआत की जाती है और जितना लंबा समय निवेश को दिया जाता है, उतना ही कम मासिक निवेश करके बड़ा कॉर्पस तैयार किया जा सकता है. ऐसे में अगर आपका लक्ष्य एसआईपी के जरिए 1 करोड़ रुपये का कॉर्पस तैयार करना है, तो यह जानना जरूरी है कि 5 साल, 10 साल और 20 साल की अवधि में आपको हर महीने कितना निवेश करना होगा.

SIP Image Credit: FreePik

म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले ज्यादातर निवेशकों को लगता है कि 1 करोड़ रुपये का फंड बनाने के लिए सबसे जरूरी चीज ज्यादा रिटर्न देने वाली स्कीम चुनना है. लेकिन हकीकत में सिर्फ रिटर्न ही नहीं, बल्कि निवेश की अवधि भी उतनी ही अहम भूमिका निभाती है. निवेश को जितना ज्यादा समय मिलता है, कंपाउंडिंग का असर उतना ही मजबूत होता जाता है और लक्ष्य तक पहुंचने के लिए हर महीने कम रकम निवेश करनी पड़ती है.

ऐसे में अगर आपका लक्ष्य एसआईपी के जरिए 1 करोड़ रुपये का कॉर्पस तैयार करना है, तो यह जानना जरूरी है कि 5 साल, 10 साल और 20 साल की अवधि में आपको हर महीने कितना निवेश करना होगा. आइए इसका पूरा गणित समझते हैं.

20 साल का समय मिले तो सिर्फ ₹11,000 की SIP से बन सकता है ₹1 करोड़ का फंड

ग्रो के SIP इन्वेस्टमेंट कैलकुलेटर के मुताबिक, यदि कोई निवेशक 12 फीसदी के अनुमानित सालाना रिटर्न के साथ 20 साल तक हर महीने 11,000 का SIP करता है, तो उसका कुल निवेश 26,40,000 होगा. इस अवधि में अनुमानित रिटर्न 74,78,431 रुपये रहेगा और निवेश की कुल वैल्यू बढ़कर 1,01,18,431 रुपये हो सकती है. यानी निवेशक द्वारा डाली गई रकम से लगभग तीन गुना से ज्यादा धन सिर्फ कंपाउंडिंग और रिटर्न के जरिए तैयार होता है.

10 साल में ₹1 करोड़ बनाने के लिए कितना निवेश करना होगा?

अगर निवेश की अवधि घटाकर 10 साल कर दी जाए, तो लक्ष्य हासिल करने के लिए हर महीने निवेश की रकम काफी बढ़ जाती है. 12 फीसदी के अनुमानित रिटर्न पर 10 साल तक 45,000 रुपये मासिक SIP करने पर कुल निवेश 54,00,000 रुपये होगा. इस दौरान अनुमानित रिटर्न 46,81,615 रुपये मिलेगा और कुल फंड बढ़कर ₹1,00,81,615 तक पहुंच सकता है. यानी 20 साल के मुकाबले निवेश की अवधि आधी होने पर मासिक निवेश लगभग चार गुना तक बढ़ जाता है.

5 साल में ₹1 करोड़ जुटाने का लक्ष्य है तो करना होगा बड़ा निवेश

अगर कोई निवेशक सिर्फ 5 साल में 1 करोड़ रुपये का कॉर्पस बनाना चाहता है, तो उसे हर महीने करीब 1,21,232 रुपये का SIP करना होगा. 12 फीसदी के अनुमानित रिटर्न के आधार पर 5 साल में कुल निवेश 72,73,920 रुपये होगा. इस पर अनुमानित रिटर्न 25,58,433 रुपये मिलेगा और कुल वैल्यू 98,32,353 रुपये तक पहुंच सकती है.

टेबल से समझें

निवेश अवधिमासिक SIPकुल निवेशअनुमानित रिटर्नकुल वैल्यू
5 साल₹1,21,232₹72,73,920₹25,58,433₹98,32,353
10 साल₹45,000₹54,00,000₹46,81,615₹1,00,81,615
20 साल₹11,000₹26,40,000₹74,78,431₹1,01,18,431

इसे भी पढ़ें- डीके शिवकुमार इस कंपनी के लिए बने पारस पत्थर! महज 3 दिन में ₹74 करोड़ बढ़ी हैसियत, शेयर 55% चढ़ा