आपके नाम पर दिख रहा है फर्जी लोन तो घबराएं नहीं, ऐसे ठीक करें CIBIL स्कोर; इन स्टेप्स से करें शिकायत
अगर आपके CIBIL या क्रेडिट स्कोर में गलत जानकारी दिख रही है, तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. फर्जी लोन, गलत पेमेंट रिकॉर्ड या पुराने डेटा की वजह से लोन और क्रेडिट कार्ड मंजूरी में दिक्कत आ सकती है. ऐसी स्थिति में सबसे पहले अपनी क्रेडिट रिपोर्ट डाउनलोड कर सभी एंट्री जांचें. गलत जानकारी मिलने पर myCIBIL पोर्टल पर विवाद दर्ज करें और जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करें.

Credit Score Error: क्रेडिट स्कोर आज के समय में हर व्यक्ति की आर्थिक पहचान बन चुका है. होम लोन, पर्सनल लोन या क्रेडिट कार्ड लेने के दौरान बैंक सबसे पहले CIBIL स्कोर जांचते हैं. लेकिन कई बार लोगों की क्रेडिट रिपोर्ट में गलत जानकारी दर्ज हो जाती है. इसमें फर्जी लोन, गलत पेमेंट रिकॉर्ड या किसी दूसरे व्यक्ति की जानकारी जुड़ जाती है. ऐसी गलती से अच्छा खासा क्रेडिट स्कोर खराब हो सकता है. इससे लोन मंजूरी में दिक्कत और ज्यादा ब्याज जैसी परेशानी सामने आ सकती है. ऐसे में जरूरी है कि समय रहते इन गलतियों को पहचानकर सही कराया जाए.
कैसे पहचानें क्रेडिट रिपोर्ट में गलती
सबसे पहले अपनी CIBIL रिपोर्ट डाउनलोड करके ध्यान से जांच करनी चाहिए. रिपोर्ट में दर्ज सभी लोन, क्रेडिट कार्ड और पेमेंट रिकॉर्ड को मिलान करें. अगर कोई ऐसा लोन दिख रहा है जो आपने कभी नहीं लिया या पेमेंट गलत दर्ज है तो उसे तुरंत नोट करें. कई बार पुराना पता, गलत मोबाइल नंबर या ईमेल भी रिपोर्ट में दिखता है. ऐसे मामलों में बैंक स्टेटमेंट, पेमेंट रसीद और पहचान पत्र जैसे डॉक्यूमेंट संभालकर रखें. यही डॉक्यूमेंट शिकायत के दौरान काम आते हैं.
myCIBIL पोर्टल पर ऐसे करें शिकायत
क्रेडिट रिपोर्ट में गलती मिलने पर myCIBIL पोर्टल के जरिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है. इसके लिए पोर्टल पर लॉगिन करके Dispute Center में जाना होगा. यहां गलत एंट्री चुनकर जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने होते हैं. इसके बाद CIBIL संबंधित बैंक या NBFC से जानकारी की जांच करता है. आमतौर पर 30 दिन के भीतर शिकायत का समाधान किया जाता है. अगर मामला जटिल हो तो बैंक को 45 दिन तक का समय मिल सकता है.
समाधान नहीं मिलने पर कहां करें शिकायत
अगर तय समय में समस्या का समाधान नहीं होता तो संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है. इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर RBI Integrated Ombudsman Scheme में शिकायत दर्ज की जा सकती है. यूजर ऑनलाइन पोर्टल, ईमेल या लिखित आवेदन के जरिए शिकायत कर सकते हैं. जरूरत पड़ने पर कंज्यूमर कमीशन या सिविल कोर्ट का सपोर्ट भी लिया जा सकता है. कानून के तहत गलत रिकॉर्ड सुधारने और मुआवजे की मांग का अधिकार भी कंज्यूमर को दिया गया है.
यह भी पढ़ें- घर में रखा कैश और सोना बन सकते हैं मुसीबत! ITR में नहीं बताया तो सरकार ले सकती है 86% तक टैक्स; जानें क्या है नियम
फर्जी लोन दिखे तो तुरंत उठाएं यह कदम
अगर रिपोर्ट में ऐसा लोन दिखे जो आपने कभी नहीं लिया तो इसे पहचान चोरी का मामला माना जा सकता है. ऐसी स्थिति में तुरंत Cyber Crime Police में शिकायत दर्ज करनी चाहिए. साथ ही बैंक और PAN से जुड़ी संस्थाओं को भी जानकारी देनी चाहिए. इससे आगे होने वाली धोखाधडी को रोका जा सकता है. जानकारों का कहना है कि समय समय पर क्रेडिट रिपोर्ट जांचते रहना बेहद जरूरी है ताकि किसी भी गलती को जल्दी पकड़ा जा सके.