EPFO में नौकरी की जानकारी गलत? तुरंत चेक करें ये 5 चीजें, ऐसे करें ठीक
EPFO सर्विस हिस्ट्री में कंपनी का नाम, Joining Date या एग्जिट डेट गलत दिखने पर इसे नजरअंदाज न करें. इससे PF Transfer, PF Withdrawal और EPS सेवा अवधि से जुड़े काम प्रभावित हो सकते हैं. कर्मचारियों को UAN, नौकरी की तारीख, PF Contribution और KYC जानकारी तुरंत जांचनी चाहिए. गलती होने पर Joint Declaration या EPFO Grievance Portal के जरिए सुधार की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है.

EPFO Service History: अगर आपके EPFO रिकॉर्ड में नौकरी की जानकारी गलत दिख रही है तो इसे नजरअंदाज न करें. कई EPF सदस्यों ने बताया है कि रिटायरमेंट फंड संस्था के ऑनलाइन पोर्टल में बड़े IT सिस्टम बदलाव के बाद उनकी सर्विस हिस्ट्री में पुरानी नौकरी का रिकॉर्ड दो बार दिख रहा है, किसी कंपनी का नाम गायब है या नौकरी शुरू करने और छोड़ने की तारीख गलत दिखाई दे रही है. देखने में यह छोटी गलती लग सकती है, लेकिन आगे चलकर PF Transfer, PF Withdrawal और EPS से जुड़ी सेवा अवधि की गणना में परेशानी आ सकती है.
ऐसी गलती का असर नई कंपनी में नौकरी के दौरान होने वाली जांच पर भी पड़ सकता है. इसलिए अगर आपकी EPFO Service History में कोई गड़बड़ी दिख रही है तो कुछ जरूरी चीजों को तुरंत जांच लेना चाहिए.
सबसे पहले देखें, सभी PF खाते एक ही UAN से जुड़े हैं या नहीं
हर EPF सदस्य को एक 12 अंकों का Universal Account Number यानी UAN मिलता है. नौकरी बदलने पर UAN नहीं बदलता. कर्मचारी जितनी बार नौकरी बदले, उसका UAN वही रहता है.
समस्या तब हो सकती है, जब कर्मचारी नई कंपनी को अपना पुराना UAN नहीं देता और नया UAN बन जाता है. इसी तरह अगर पुरानी कंपनी ने कर्मचारी की नौकरी छोड़ने की तारीख अपडेट नहीं की है तो रिकॉर्ड में पुरानी नौकरी अभी भी चालू दिखाई दे सकती है.
इससे आगे चलकर PF Transfer में देरी हो सकती है और सेवा अवधि का रिकॉर्ड अलग-अलग हिस्सों में बंटा हुआ दिखाई दे सकता है. इसलिए UMANG ऐप पर जाकर यह जरूर जांचें कि आपकी पुरानी और मौजूदा सभी PF खाते एक ही सक्रिय UAN से जुड़े हैं.
नौकरी शुरू करने और छोड़ने की तारीख जरूर मिलाएं
EPFO के सदस्य पोर्टल पर दिखाई जा रही नौकरी शुरू करने की तारीख को अपने Appointment Letter, Salary Slip या Employment Contract से मिलाएं. अगर Joining Date गलत दर्ज है तो रिकॉर्ड में ऐसा लग सकता है कि कर्मचारी एक ही समय में दो कंपनियों में काम कर रहा था. इससे नई कंपनी में होने वाली जांच के दौरान सवाल उठ सकते हैं.
इसी तरह अगर पुरानी कंपनी ने एग्जिट डेट अपडेट नहीं की है तो EPFO के रिकॉर्ड में पुरानी नौकरी अभी भी चालू दिखाई दे सकती है.
हर महीने PF जमा हुआ या नहीं, यह भी देखें
सिर्फ नौकरी की तारीख और कंपनी का नाम देखना काफी नहीं है. अपने EPF Passbook में यह भी जांचें कि जिस कंपनी में आपने काम किया है, उस दौरान हर महीने PF का योगदान दिखाई दे रहा है या नहीं.
अगर किसी महीने का योगदान नहीं दिख रहा है तो इसकी वजह रिकॉर्ड में जानकारी नहीं पहुंचना या PF जमा होने से जुड़ी समस्या हो सकती है. ऐसे मामलों में कर्मचारी को संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेज जरूर संभालकर रखने चाहिए.
Aadhaar, PAN और बैंक खाते की जानकारी भी जांचें
कर्मचारियों को अपने Aadhaar, PAN और Bank Account की जानकारी भी जांचनी चाहिए. इन जानकारियों में किसी तरह का अंतर होने पर Service Records को सही तरीके से जोड़ने में परेशानी आ सकती है. इसलिए यह देखना जरूरी है कि EPFO रिकॉर्ड में आपकी KYC जानकारी सही और सत्यापित है या नहीं.
सर्विस हिस्ट्री गलत है तो क्या करें?
अगर EPFO Service History में गलती है तो उसे ठीक कराने के लिए Joint Declaration का रास्ता अपनाया जा सकता है. जिन सदस्यों का UAN 1 अक्टूबर 2017 से पहले जारी हुआ है, उन्हें ऑनलाइन Joint Declaration जमा करना होगा. इसके लिए नियोक्ता यानी कंपनी की मंजूरी जरूरी होगी.
अगर कंपनी बंद हो चुकी है या नियोक्ता से संपर्क नहीं हो पा रहा है तो बंद संस्थानों के सदस्य या ऐसे कर्मचारी जिनके नियोक्ता से संपर्क नहीं हो पा रहा है, अधिकृत अधिकारी के हस्ताक्षर वाला Joint Declaration जरूरी दस्तावेजों के साथ EPFO कार्यालय में जमा कर सकते हैं.
अगर UAN Aadhaar से सत्यापित नहीं है, UAN उपलब्ध नहीं है या सदस्य की मृत्यु के बाद दावेदार की ओर से अनुरोध किया जा रहा है, तो नियोक्ता के माध्यम से भौतिक Joint Declaration जमा करना होगा. इसके बाद EPFO से मंजूरी ली जाएगी.
EPFO में ऑनलाइन शिकायत भी कर सकते हैं
अगर रिकॉर्ड में गलती बनी हुई है और उसे ठीक कराने में परेशानी आ रही है तो EPFO के Grievance Portal पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है. शिकायत के साथ जरूरी दस्तावेज भी जमा करने चाहिए. इनमें Appointment Letter, Relieving Letter, Salary Slip, Form 11, Form 16, UAN Service History, PF Contribution Records और नौकरी शुरू करने व छोड़ने की वास्तविक तारीख का प्रमाण शामिल हो सकता है.
इन 5 चीजों को तुरंत चेक करें
1. सभी पुरानी और मौजूदा नौकरियां एक ही UAN से जुड़ी हैं या नहीं.
2. Joining Date और Exit Date सही दर्ज है या नहीं.
3. हर महीने PF Contribution दिखाई दे रहा है या नहीं.
4. Aadhaar, PAN और Bank Account की जानकारी सही और सत्यापित है या नहीं.
5. गलती होने पर Joint Declaration या EPFO Grievance Portal के जरिए शिकायत दर्ज करें.
इसे भी पढ़ें- इंटर्न से टाटा संस के चेयरमैन तक पहुंचे थे चंद्रशेखरन, इस्तीफे की चिट्ठी में खोला राज, कहा- एक सदस्य ने नहीं किया सपोर्ट