US से क्लीन चिट मिलते ही उछले अडानी ग्रुप स्टॉक; 7% से ज्यादा भागे, Adani Green की वैल्यू ₹3,978 करोड़ बढ़ी

गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी को अमेरिका से बड़ी राहत मिली है. US Department of Justice ने न्यूयॉर्क में चल रहे सभी आपराधिक मामलों को स्थायी रूप से बंद कर दिया है. इस खबर के बाद Adani Group के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली.

अडानी ग्रुप के कंपनियों का मार्केट बढ़ा Image Credit: Canva, tv9

अडानी ग्रुप के लिए सोमवार देर रात अमेरिका से एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर आई. अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी पर लगे सभी आपराधिक आरोपों को पूरी तरह हटा लिया है. न्यूयॉर्क की एक अदालत में चल रहे इस हाई-प्रोफाइल धोखाधड़ी के मामले के बंद होते ही भारतीय शेयर बाजार में अडानी ग्रुप के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है. मंगलवार सुबह के कारोबार में एनडीटीवी (NDTV) का शेयर सबसे आगे रहते हुए 7 फीसदी से ज्यादा उछल गया.

कोर्ट ने कहा- ‘मामला हमेशा के लिए बंद’

अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर अडानी के खिलाफ लगे आरोपों को ‘विथ प्रिज्युडिस’ (with prejudice) यानी हमेशा के लिए खारिज करने की मांग की थी. सरकारी वकीलों ने माना कि वे इन आरोपों को साबित करने की स्थिति में नहीं हैं. विभाग ने कहा कि वह इस मामले में अपने और संसाधन खर्च नहीं करना चाहता. इसके बाद अमेरिकी कोर्ट ने आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए केस को हमेशा के लिए बंद कर दिया. इस फैसले के साथ ही अडानी ग्रुप पर चल रही तमाम अमेरिकी कानूनी जांचें अब खत्म हो गई हैं.

अडानी के शेयरों में आई जोरदार बूम

क्लीन चिट की खबर आते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर अडानी ग्रुप के सभी शेयरों में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की.

  • NDTV: इंट्राडे में सबसे ज्यादा 7.34% की बढ़त बनाई. 58 करोड़ के इजाफे के साथ मार्केट कैप 899 करोड़ रुपये हो गया है.
  • Adani Green: 4.27% की मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा. मार्केट कैप 3,978 करोड़ रुपये के बढ़त के साथ 2,29,369 करोड़ रुपये पहुंच गई है.
  • Adani Total Gas: इसमें 3.51% की तेजी दर्ज की गई. 1,528 करोड़ के बढ़त के साथ मार्केट वैल्यू 68,611 करोड़ रुपये हुई.
  • Adani Enterprises: ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी का शेयर 3.12% उछला. 3,454 करोड़ रुपये बढ़त के साथ मार्केट कैप का आंकड़ा 3,53,436 करोड़ रुपये हुआ.
  • अन्य शेयर: अडानी एनर्जी (2.53%), अडानी पावर (2.48%), एसीसी (1.66%), अडानी पोर्ट्स (0.93%) और अंबुजा सीमेंट्स (0.93%) भी बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं.

अडानी ग्रुप के शेयरों में आई इस तेजी के दम पर पूरा शेयर बाजार गुलजार रहा. सुबह के कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 345 अंक की तेजी के साथ 75,660 के स्तर पर और निफ्टी (NSE Nifty) 85 अंक चढ़कर 23,740 के पार ट्रेड कर रहा था.

पिछले हफ्ते SEC और OFAC से भी सुलझा था विवाद

बता दें कि साल 2024 के आखिर में अमेरिकी एजेंसियों ने अडानी ग्रुप पर भारत में सोलर कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए 26.5 करोड़ डॉलर की रिश्वत देने और अमेरिकी निवेशकों से यह बात छुपाने का आरोप लगाया था.

यह भी पढ़ें: SBI से आधी कीमत पर मिल रहे ये PSU बैंक… क्या 2026 में बन सकते हैं बड़े कमाई वाले शेयर? चेक करें फंडामेंटल

हालांकि, पिछले कुछ दिनों में ग्रुप ने इन सभी मोर्चों पर राहत पा ली है:

  • SEC मामला: पिछले हफ्ते ही अमेरिकी शेयर बाजार नियामक (SEC) के साथ सिविल आरोपों को सुलझाया गया. इसमें बिना किसी गलती को स्वीकार किए या नकारे, गौतम अडानी 60 लाख डॉलर और सागर अडानी 1.2 करोड़ डॉलर का भुगतान करने पर सहमत हुए थे.
  • OFAC मामला: इसके बाद अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के ओएफएसी (OFAC) के साथ एलपीजी आयात में प्रतिबंधों के उल्लंघन से जुड़ा मामला भी सुलझ गया, जहां अडानी ग्रुप ने जांच में पूरा सहयोग करते हुए 27.5 करोड़ डॉलर का भुगतान किया.

इस अंतिम आपराधिक मामले के बंद होने से अडानी ग्रुप के ग्लोबल बिजनेस प्लान और विस्तार की राह में आ रहे सभी रोड़े अब पूरी तरह साफ हो गए हैं.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.