चीन पर सख्ती से बदला CCTV मार्केट का खेल! इस कंपनी के लिए खुला बड़ा मौका, क्या बनेगी सबसे बड़ी विजेता?

सरकार द्वारा गैर-प्रमाणित चीनी CCTV कैमरों पर बैन के बाद भारतीय कंपनियों के लिए बड़ा अवसर खुला है. CP PLUS ब्रांड वाली Aditya Infotech इस बदलाव की सबसे बड़ी लाभार्थी बन सकती है, मजबूत ग्रोथ और मार्केट शेयर के साथ. जानें क्या है शेयर का हाल.

चीनी सीसीटीवी कैमरा बैन Image Credit: @Money9live

China CCTV Ban and Indian Companies: भारत में CCTV और वीडियो सर्विलांस इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट सामने आया है. केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और डेटा प्रोटेक्शन को ध्यान में रखते हुए गैर-प्रमाणित (Non-Certified) इंटरनेट से जुड़े CCTV कैमरों की बिक्री पर सख्त रोक लगा दी है. खासतौर पर चीन में बने उन कैमरों को बाजार से बाहर कर दिया गया है, जो भारत के तय सुरक्षा मानकों और सर्टिफिकेशन नियमों को पूरा नहीं करते.

बंद हुआ चीनी कैमरा

इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, 1 अप्रैल से यह नियम पूरी तरह लागू हो चुका है. इतना ही नहीं, जिन डिवाइसेज में चीनी चिपसेट या फर्मवेयर का इस्तेमाल हो रहा है, उन्हें भी सर्टिफिकेशन देने से इनकार किया जा रहा है. इसका सीधा असर यह हुआ है कि कई बड़े विदेशी ब्रांड भारत के तेजी से बढ़ते सिक्योरिटी मार्केट से लगभग बाहर हो गए हैं. ऐसे में घरेलू कंपनियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर बनकर उभरा है और इसी कड़ी में Aditya Infotech का नाम सबसे आगे नजर आ रहा है.

क्या Aditya Infotech बनेगी सबसे बड़ी लाभार्थी?

सरकारी फैसले के बाद बाजार हिस्सेदारी में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. Aditya Infotech, जो अपने लोकप्रिय ब्रांड CP PLUS के लिए जानी जाती है, पहले से ही भारत की सबसे बड़ी CCTV कंपनियों में शामिल है. इंडस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय कंपनियां अब 80 फीसदी से ज्यादा बाजार पर कब्जा कर चुकी हैं. इनमें अकेले CP PLUS का मार्केट शेयर 45–50 फीसदी तक पहुंच गया है, जो पहले 20–25 फीसदी के आसपास था. ऐसे में, विदेशी कंपनियों के बाहर होने से Aditya Infotech के लिए ग्रोथ का रास्ता और चौड़ा हो सकता है.

इंडस्ट्री में तेज ग्रोथ का अनुमान

कंपनी मैनेजमेंट के अनुसार, CCTV और सर्विलांस सेक्टर आने वाले वर्षों में लगातार मजबूत डबल डिजिट ग्रोथ दर्ज कर सकता है. तकनीक के स्तर पर भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. अब पारंपरिक HD एनालॉग सिस्टम से हटकर बाजार तेजी से IP-बेस्ड नेटवर्क कैमरा, AI-सक्षम सर्विलांस, वीडियो एनालिटिक्स और स्मार्ट कमांड सिस्टम्स की ओर बढ़ रहा है. इससे CCTV का इस्तेमाल सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं रहकर स्मार्ट सिटी, ट्रैफिक मैनेजमेंट और एंटरप्राइज ऑपरेशंस तक फैल रहा है.

मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दे रहा भरोसा

Aditya Infotech का हालिया वित्तीय प्रदर्शन भी इसकी ग्रोथ स्टोरी को मजबूत करता है. Q3 FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 37.3 फीसदी बढ़कर 1,139 करोड़ रुपये पहुंच गया. EBITDA लगभग दोगुना होकर 144.6 करोड़ रुपये हो गया. इससे इतर, मार्जिन 12.6 फीसदी तक सुधर चुका है. एडजस्टेड नेट प्रॉफिट 138.8 फीसदी की तेज उछाल के साथ 96 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है. इस शानदार प्रदर्शन के पीछे बेहतर प्रोडक्ट मिक्स, लोकलाइजेशन और ऑपरेटिंग लीवरेज का बड़ा योगदान रहा है.

विस्तार और लोकल मैन्युफैक्चरिंग पर फोकस

कंपनी सिर्फ डिमांड पर निर्भर नहीं है, बल्कि भविष्य की तैयारी भी तेज कर रही है. मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी को बढ़ाकर 2.1 मिलियन यूनिट प्रति माह तक ले जाने की योजना है. इससे इतर, आंध्र प्रदेश के कडप्पा में नया प्लांट भी बना है जो 2026 के मध्य तक चालू हो सकता है. ये कदम कंपनी को बैकग्राउंड इंटीग्रेशन, कॉस्ट कंट्रोल और सप्लाई चेन मजबूती में मदद करेंगे.

जोखिम भी नजरअंदाज नहीं किए जा सकते

हालांकि कहानी पूरी तरह एकतरफा नहीं है. कुछ अहम जोखिम भी बने हुए हैं. सबसे बड़ा हिस्सा कंपनी की आय से जुड़ा हुआ है जो अभी भी CCTV हार्डवेयर पर निर्भर है. इससे इतर, कच्चे माल के लिए सीमित सप्लायर्स पर निर्भरता भी कंपनी को तकलीफ में डाल सकती है जिनमें कई चीन से जुड़े हैं. और आखिर है डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क पर ज्यादा निर्भरता, जहां लॉन्ग-टर्म एग्रीमेंट नहीं हैं. इन फैक्टर्स का असर भविष्य में ग्रोथ और मार्जिन पर पड़ सकता है.

क्या है शेयर का हाल?

स्टॉक का प्रदर्शन अच्छा रहा है. गुरुवार, 2 अप्रैल को कंपनी के शेयर 0.52 फीसदी की तेजी के साथ 1,799.60 रुपये पर बंद हुआ. हफ्ते भर में स्टॉक का भाव 2 फीसदी तक गिरा है. वहीं, महीने भर के दौरान इसमें 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है. वहीं, 3 महीने के दौरान स्टॉक का भाव 20 फीसदी तक बढ़ा है. 6 महीने की बात करें तो शेयर में 32 फीसदी की तेजी आई है. कंपनी का मार्केट कैप 21,238 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है. 

ये भी पढ़ें- इस इंफ्रा कंपनी को मिला ₹1184 करोड़ का प्रोजेक्ट, 52वीक हाई से 40% टूटे स्टॉक में आ सकती है फुर्ती? जानें डिटेल्स

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.