बिहार में ऐसा कौन सा बिल पास हुआ कि माइक्रोफाइनेंस सेक्टर में मच गई तबाही, 11% तक टूटे दिग्गज स्टॉक

बिहार के नए कदम से पूरे माइक्रोफाइनेंस सेक्टर में बेचैनी मच गई है. निवेशकों के लिए सुरक्षित माने जाने वाले कुछ फाइनेंस शेयर अचानक दबाव में आ गए. नियमों में सख्ती, ग्रोथ पर सवाल और दूसरे राज्यों में दोहराव का डर, बाजार अब इस बदलाव के दूरगामी असर को लेकर सतर्क नजर आ रहा है

माइक्रोफाइनेंस शेयर में गिरावट. Image Credit: Getty image

बिहार विधानसभा में एक नए कानून के पास होते ही माइक्रोफाइनेंस सेक्टर में हड़कंप मच गया. शुक्रवार को मिड मार्केट निवेशकों ने माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के शेयरों से दूरी बनानी शुरू कर दी. नतीजा यह रहा कि Utkarsh Small Finance Bank, L&T Finance और Fusion Finance जैसे बड़े नामों के शेयर एक ही दिन में 5% से 11% तक टूट गए. सवाल यह है कि आखिर बिहार में ऐसा क्या हुआ, जिसने पूरे माइक्रोफाइनेंस सेक्टर को झकझोर दिया.

बिहार MFI बिल क्या है

बिहार विधानसभा ने Bihar Micro Finance Institutions (Regulation of Money Lending and Prevention of Coercive Actions) Bill, 2026 को मंजूरी दे दी है. इस बिल का मकसद माइक्रोफाइनेंस संस्थानों पर सख्त निगरानी रखना और जबरन वसूली जैसी शिकायतों को रोकना बताया गया है. लेकिन बाजार इसे एक बड़े रेगुलेटरी जोखिम के तौर पर भी देखा जा रहा है.

इस कानून के तहत अब माइक्रोफाइनेंस कंपनियों को लोन देने से पहले राज्य के वित्त विभाग से मंजूरी लेनी होगी. इसके अलावा, ब्याज दरों पर भी सख्त सीमा तय की गई है. कुल ब्याज को मूल रकम के 100% से ज्यादा नहीं होने दिया जाएगा. साथ ही, एक ग्राहक पर दो से ज्यादा MFIs का लोन एक्सपोजर नहीं रखा जा सकेगा.

RBI लाइसेंस के बावजूद राज्य में रजिस्ट्रेशन जरूरी

इस बिल की एक और अहम शर्त यह है कि RBI से लाइसेंस प्राप्त माइक्रोफाइनेंस कंपनियों को भी अब बिहार सरकार के साथ अलग से रजिस्ट्रेशन कराना होगा. बाजार को डर है कि इससे कागजी काम बढ़ेगा, लोन डिस्बर्समेंट धीमा होगा और ऑपरेशनल लागत में इजाफा होगा.

शेयरों में क्यों आई भारी गिरावट

शुक्रवार को सबसे ज्यादा चोट Fusion Finance को लगी, जिसका शेयर 11% टूटकर ₹181 तक पहुंच गया. Utkarsh Small Finance Bank और L&T Finance के शेयर भी करीब 5% गिरकर अपने दिन के निचले स्तर पर आ गए. निवेशकों को डर है कि बिहार जैसे बड़े राज्य में सख्त नियम आने से कंपनियों की ग्रोथ प्रभावित हो सकती है.

यह भी पढ़ें: आज 14% उछल गया ये स्टॉक, AI के आते ही विदेशों से मिलने लगे ऑर्डर, 75 देशों में बिजनेस, 5 दिन में दे दिया 28% रिटर्न

बिहार माइक्रोफाइनेंस सेक्टर के लिए सबसे बड़ा बाजार है. कुल MFI लोन बुक का करीब 15% हिस्सा सिर्फ बिहार से आता है. CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक, Utkarsh Small Finance Bank का 46% एक्सपोजर बिहार में है, जबकि Fusion Finance का 19% और L&T Finance का 17% हिस्सा इसी राज्य से जुड़ा है. ऐसे में नए नियमों का असर इन कंपनियों पर ज्यादा पड़ना तय माना जा रहा है. निवेशकों को डर है कि इस कानून से MFI और MSME लोन में डिफॉल्ट बढ़ सकता है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.