BSE Q4 Results: मुनाफे में 33% का बंपर उछाल, ₹10 के डिविडेंड का ऐलान, 1 हफ्ते में 10% रिटर्न से गदगद निवेशक

Bombay Stock Exchange (BSE) ने मार्च तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए 33% मुनाफे की बढ़ोतरी दर्ज की है. कंपनी का रेवेन्यू और ऑपरेटिंग मार्जिन भी मजबूत रहा. साथ ही BSE ने FY26 के लिए ₹10 प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है.

BSE Image Credit: Canva, tv9

BSE Q4 Results and Dividend: एशिया के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंज, बीएसई (BSE) ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए बाजार को चौंका दिया है. गुरुवार को जारी नतीजों के मुताबिक, एक्सचेंज के मुनाफे और रेवेन्यू में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मार्जिन में विस्तार और बढ़ते कारोबार के दम पर बीएसई ने निवेशकों की झोली भरने के लिए डिविडेंड की भी घोषणा की है. हालांकि, यह डिविडेंड राशि पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले कम है, लेकिन कंपनी की ओवरऑल ग्रोथ ने विशेषज्ञों का ध्यान खींचा है.

गुरुवार को बीएसई के शेयरों ने 3 फीसदी के करीब कमाई की. शेयर 3,963 रुपये पर बंद हुए. बीते एक हफ्ते में कंपनी के शेयरों ने 10 फीसदी से ज्यादा मुनाफा दिया है.

मुनाफे और रेवेन्यू में जबरदस्त ग्रोथ

मार्च 2026 को समाप्त हुई चौथी तिमाही में बीएसई का समेकित शुद्ध लाभ (Consolidated Net Profit) 32.5% बढ़कर ₹797 करोड़ पर पहुंच गया है. पिछली तिमाही (Q3 FY26) में यह आंकड़ा ₹602 करोड़ था.

कंपनी के रेवेन्यू में भी साल-दर-साल आधार पर 25.7% की वृद्धि देखी गई है. इस तिमाही में रेवेन्यू ₹1,564 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान अवधि में ₹1,244 करोड़ था. कंपनी की परिचालन आय (EBIT) में भी 43.9% का बड़ा उछाल आया है और यह ₹1,061 करोड़ के स्तर को पार कर गई है.

मार्जिन ने भरी लंबी उड़ान

बीएसई के लिए सबसे सकारात्मक खबर उसके मार्जिन को लेकर रही. कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के 59.3% से बढ़कर अब 67.9% पर पहुंच गया है. यह दिखाता है कि एक्सचेंज अपने खर्चों को प्रबंधित करने और परिचालन क्षमता को बेहतर बनाने में सफल रहा है.

डिविडेंड का ऐलान, जानें रिकॉर्ड डेट

कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए ₹10 प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है. इस डिविडेंड के भुगतान के लिए कंपनी कुल ₹407.88 करोड़ खर्च करेगी. डिविडेंड से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां:

  • डिविडेंड राशि: ₹10 प्रति शेयर
  • रिकॉर्ड डेट: 10 जुलाई, 2026
  • भुगतान की तारीख: 17 सितंबर, 2026 या उससे पहले

दिलचस्प बात यह है कि 2018 के बाद से यह बीएसई द्वारा घोषित अब तक का सबसे कम डिविडेंड है. तुलनात्मक रूप से देखें तो 2024 में कंपनी ने ₹15 और 2023 में ₹12 का डिविडेंड दिया था. वहीं, 14 मई (पिछले साल) को कंपनी ने ₹23 प्रति शेयर का तगड़ा डिविडेंड बांटा था.

विवरणQ4 FY26Q3 FY26ग्रोथ (%)
नेट प्रॉफिट₹797 करोड़₹602 करोड़32.5%
कुल रेवेन्यू₹1,564 करोड़₹1,244 करोड़25.7%
EBITDA₹1,061 करोड़₹738 करोड़43.9%
मार्जिन67.9%59.3%

यह भी पढ़ें: 1 महीने में 50% रिटर्न, दबदबे के लिए अब अडानी ग्रीन ने खेला नया कार्ड, बनाएगी नई सब्सिडियरी, फोकस में रखें शेयर

कंपनी ने बताया कि यह फाइनल डिविडेंड आगामी एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद ही दिया जाएगा. स्टॉक एक्सचेंज की इस वित्तीय मजबूती ने आने वाले समय के लिए सकारात्मक संकेत दिए हैं.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.