कैश किंग हैं ये तीन कंपनियां, न के बराबर कर्ज, 3 साल में 111% तक चढ़ा शेयर, रडार पर रखें स्टॉक
शेयर बाजार में मजबूत बैलेंस शीट वाली कंपनियां निवेशकों के लिए ज्यादा भरोसेमंद मानी जाती हैं. जिन कंपनियों पर कर्ज कम होता है और जिनके पास पर्याप्त कैश रिजर्व होता है, वे आर्थिक उतार-चढ़ाव के समय भी स्थिर रह सकती हैं. ऐसी कंपनियां बिना बाहरी फंडिंग के अपने विस्तार और भविष्य की योजनाओं को आसानी से आगे बढ़ाने की क्षमता रखती हैं.
Cash Reserve Debt free Stocks: शेयर बाजार में निवेश करते समय ऐसी कंपनियों को ज्यादा सुरक्षित माना जाता है जिनके पास मजबूत कैश रिजर्व हो और कर्ज कम हो. ऐसी कंपनियां आर्थिक अनिश्चितताओं के दौरान भी अपने कारोबार को आसानी से संभाल सकती हैं और विकास के लिए बाहरी पूंजी पर ज्यादा निर्भर नहीं रहतीं. मध्य पूर्व में जब तनाव बढ़ता ही जा रहा है, तो ऐसे में निवेशक की नजर ऐसी ही कंपनियों को ढूंढती है जिसके पास कैश रिजर्व मौजूद हो और या तो कर्ज मुक्त हो या न के बराबर कर्ज हो. इस रिपोर्ट में तीन ऐसी कंपनियों के बारे में बताया गया है जिनकी बैलेंस शीट मजबूत है और जिनका कर्ज काफी कम है.
NMDC
NMDC लिमिटेड भारत की सबसे बड़ी आयरन ओर (लौह अयस्क) उत्पादक कंपनी है. कंपनी आयरन ओर के अलावा कॉपर, रॉक फॉस्फेट, लाइमस्टोन, मैग्नेसाइट और हीरे जैसे कई खनिजों की खोज और खनन का काम करती है. इसके प्रमुख ऑपरेशन छत्तीसगढ़ के बैलाडिला, कर्नाटक के डोनिमलाई और कुमारस्वामी और मध्य प्रदेश के पन्ना में स्थित हैं.
कंपनी अपने खनन से प्राप्त आयरन से स्पंज आयरन और पेलेट भी बनाती है और साथ ही सोलर और विंड एनर्जी के जरिए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भी कदम रख चुकी है. NMDC का मार्केट कैप करीब 68,945 करोड़ रुपये है. कंपनी का डेब्ट-टू-इक्विटी रेशियो सिर्फ 0.11 है, जो इसके कम कर्ज को दर्शाता है. इसके पास लगभग 31577.87 करोड़ रुपये का मजबूत रिजर्व है. बीते तीन साल में इसके शेयर में 111 फीसदी से अधिक की तेजी आई है.
Godrej Properties
Godrej Properties लिमिटेड भारत की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है. यह कंपनी देशभर में रेजिडेंशियल, कमर्शियल और टाउनशिप प्रोजेक्ट्स का काम करती है. कंपनी की स्थापना 1985 में हुई थी और इसका मुख्यालय मुंबई में स्थित है.
कंपनी का मार्केट कैप करीब 52,533 करोड़ रुपये है. Godrej Properties का डेब्ट-टू-इक्विटी रेशियो 0.89 है, जो रियल एस्टेट सेक्टर के हिसाब से अपेक्षाकृत कम माना जाता है. कंपनी के पास 31 मार्च 2025 तक करीब 17,161.87 करोड़ रुपये का रिजर्व है, जो FY25 के 4,923 करोड़ रुपये के रेवेन्यू से तीन गुना से भी ज्यादा है. तीन साल में इसने 47 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की है.
PI Industries
PI Industries लिमिटेड कृषि रसायन और फसल सुरक्षा से जुड़े उत्पादों का निर्माण करती है. कंपनी की उत्पाद में कीटनाशक, फफूंदनाशक, खरपतवारनाशक, जैविक उत्पाद, प्लांट न्यूट्रिएंट्स और स्पेशलिटी केमिकल्स शामिल हैं. यह कंपनी किसानों, डिस्ट्रीब्यूटर्स और रिटेलर्स को सेवाएं देती है और अपने उत्पादों का निर्यात भी कई देशों में करती है.
PI Industries का मार्केट कैप लगभग 46,905 करोड़ रुपये है. कंपनी का डेब्ट-टू-इक्विटी रेशियो केवल 0.02 है, जो बेहद कम कर्ज को दर्शाता है. इसके पास करीब 10,142 करोड़ रुपये का मजबूत रिजर्व है. बीते पांच साल में शेयर में कोई खास हरकत नहीं दिखी है. स्टॉक केवल 36.50 फीसदी ही उछला है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
