88% तक उछल सकता है ये AI सेक्टर का स्टॉक, CLSA का ‘Buy’ कॉल, 13 साल की मेगा डील ने बढ़ाई उम्मीद

AI-बेस्ड IT कंपनी Coforge पर ग्लोबल ब्रोकरेज CLSA ने बड़ा दांव लगाया है और करीब 88 फीसदी अपसाइड का टारगेट दिया है. Sabre के साथ 13 साल की अरबों डॉलर की डील, मजबूत फाइनेंशियल्स और AI की बढ़ती मांग इस स्टॉक को लॉन्ग टर्म के लिए आकर्षक बना रही है, भले ही हाल में शेयर दबाव में दिखा हो.

इस AI स्टॉक में आ सकती है 88% तक की तेजी Image Credit: @Money9live

AI Stock Coforge Share Surge by 88%: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित IT सर्विस देने वाली कंपनी Coforge Ltd के शेयर इन दिनों निवेशकों के रडार पर हैं. ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म CLSA ने इस मिड-कैप आईटी कंपनी पर ‘Outperform’ रेटिंग देते हुए करीब 2,426 रुपये का टारगेट दिया है, जो हालिया बंद भाव से लगभग 88 फीसदी तक की संभावित तेजी का संकेत देता है. हालांकि हालिया कारोबार में शेयर दबाव में दिखा और करीब 6 फीसदी गिरकर 1,212 रुपये के आसपास पहुंच गया, लेकिन ब्रोकरेज का मानना है कि लंबी अवधि में कंपनी की ग्रोथ कहानी मजबूत बनी हुई है.

13 साल का मेगा डील बना गेम-चेंजर

कंपनी ने अमेरिका की Sabre Corporation के साथ लगभग 1.56 अरब डॉलर (करीब 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा) का 13 साल का बड़ा समझौता किया है. यह लंबी अवधि का कॉन्ट्रैक्ट Coforge को स्थिर और अनुमानित रेवेन्यू देगा, जिससे आने वाले कई वर्षों तक कंपनी की कमाई में स्थिरता बनी रह सकती है. यह डील खासतौर पर ट्रैवल टेक्नोलॉजी और डिजिटल सॉल्यूशंस के क्षेत्र में कंपनी की पकड़ को और मजबूत करेगी.

रिस्क कितना है?

हालांकि Sabre कंपनी पर कर्ज का बोझ ज्यादा बताया जाता है, जिससे भविष्य में वित्तीय रिस्क की आशंका हो सकती है, लेकिन फिलहाल Coforge के लिए तत्काल कोई बड़ा खतरा नहीं माना जा रहा. दोनों कंपनियों की साझेदारी को संरचित और नियंत्रित जोखिम वाला समझौता माना जा रहा है.

शेयर का प्रदर्शन कैसा है?

पिछले कुछ समय से स्टॉक दबाव में दिखा. पिछले 1 महीने में स्टॉक का भाव 26 फीसदी तक टूटा है. वहीं, 6 महीने के दौरान इसमें 31 फीसदी तक की गिरावट आई है. हालांकि, लॉन्ग टर्म में स्टॉक ने अच्छा रिटर्न दिया है. कंपनी ने 3 साल में 37 फीसदी और 5 साल में 145 फीसदी का रिटर्न दिया है. कंपनी का मार्केट कैप 43,250 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

AI की लहर से मिलेगा फायदा

AI, क्लाउड, ऑटोमेशन और डेटा एनालिटिक्स जैसी तकनीकों की तेजी से बढ़ती मांग Coforge जैसी कंपनियों के लिए बड़ा अवसर है. मजबूत तकनीकी कैपेसिटी और खास इंडस्ट्री में गहरी समझ के कारण कंपनी AI-ड्रिवन सेवाओं की बढ़ती मांग का सीधा फायदा उठा सकती है.

वित्तीय प्रदर्शन भी मजबूत

कंपनी के नतीजे भी इसकी मजबूती दिखाते हैं. दिसंबर 2025 तिमाही में रेवेन्यू बढ़कर 4,188 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 3,258 करोड़ रुपये था यानी लगभग 29 फीसदी की वृद्धि. इसी अवधि में नेट प्रॉफिट भी 256 करोड़ रुपये से बढ़कर 297 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी की वित्तीय स्थिति भी संतुलित है –

  • ROCE लगभग 20 फीसदी
  • ROE करीब 16 फीसदी
  • कर्ज बहुत कम (Debt-to-Equity 0.14)
  • करीब 59 फीसदी का डिविडेंड पेआउट

ये आंकड़े बताते हैं कि कंपनी न सिर्फ बढ़ रही है बल्कि शेयरधारकों को भी अच्छा रिटर्न देने की स्थिति में है.

कंपनी क्या करती है?

Coforge एक ग्लोबल डिजिटल सर्विसेज कंपनी है, जो कंपनियों को नई तकनीक अपनाकर अपने बिजनेस को बेहतर बनाने में मदद करती है. यह AI, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा एनालिटिक्स, ऑटोमेशन और प्रोडक्ट इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में सेवाएं देती है. चुनिंदा इंडस्ट्री में विशेषज्ञता होने के कारण कंपनी अपने ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार कस्टम समाधान तैयार करती है.

ये भी पढ़ें- विजय केडिया के पोर्टफोलियो में भारी गिरावट, रिकॉर्ड हाई से ₹800 करोड़ घटा वैल्यू; जानें कैसे लगा झटका

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.