इस फार्मा शेयर पर DII लट्टू! 3 महीने में होल्डिंग करीब तीन गुना बढ़ाया; आशीष कचोलिया ने भी लगाया पैसा

वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का रेवेन्यू 396 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष के 368 करोड़ रुपये से अधिक है. इसी दौरान EBITDA बढ़कर 86.85 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 76.97 करोड़ रुपये था. EBITDA मार्जिन भी 21.1 फीसदी से बढ़कर 22.57 फीसदी पर पहुंच गया.

DII का इन शेयरों पर बड़ा दांव Image Credit: Canva

फार्मा कंपनी Beta Drugs एक बार फिर निवेशकों के रडार पर आ गई है. इसकी वजह सिर्फ शेयर की तेज रैली नहीं, बल्कि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की बढ़ती हिस्सेदारी और दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया का कंपनी में लगातार निवेश बनाए रखना भी है. बीते 3 महीने में कंपनी के शेयरों में 90 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली है. एक अहम बात ये है कि कचोलिया के पास कंपनी की 5.22 फीसदी हिस्सेदारी है, जिसकी मौजूदा कीमत करीब 270 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. खास बात यह है कि उन्होंने अपनी हिस्सेदारी में कोई कटौती नहीं की है.

DII ने बढ़ाई हिस्सेदारी, आशीष कचोलिया ने नहीं घटाया दांव

पिछले कुछ महीनों में Beta Drugs के शेयर ने शानदार रैली दिखाई है. अप्रैल की शुरुआत में करीब 1,100 रुपये पर कारोबार करने वाला शेयर बढ़कर 2,250 रुपये तक पहुंच गया, यानी दो महीने में 100 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया. शेयरहोल्डिंग पैटर्न पर नजर डालें तो दिसंबर 2025 में DII की हिस्सेदारी 1.90 फीसदी थी, जो मार्च 2026 में बढ़कर 2.15 फीसदी हुई. इसके बाद मई 2026 में यह तेजी से बढ़कर 6.01 फीसदी पर पहुंच गई, यानी एक तिमाही में लगभग तीन गुना बढ़ोतरी.

वहीं विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की हिस्सेदारी भी सितंबर 2025 के 0.90 फीसदी से बढ़कर मई 2026 में 2.95 फीसदी हो गई, जो कंपनी के इतिहास का सबसे ऊंचा स्तर है.

कंपनी का कारोबार

Beta Drugs Limited हिमाचल प्रदेश की एक फार्मास्युटिकल कंपनी है, जो मुख्य रूप से ऑन्कोलॉजी (कैंसर) दवाओं के कारोबार में सक्रिय है. कंपनी ब्रांडेड दवाओं के अलावा CDMO (Contract Development & Manufacturing), API, डर्मेटोलॉजी, कॉस्मेटोलॉजी और हाल ही में IVF सेगमेंट में भी कदम रख चुकी है. कंपनी अपने उत्पाद 30 से ज्यादा देशों में निर्यात करती है. हाल ही में कंपनी ने Nivian Lifesciences में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदकर IVF कारोबार में भी अपनी मौजूदगी मजबूत की है.

वित्तीय प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का रेवेन्यू 396 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष के 368 करोड़ रुपये से अधिक है. इसी दौरान EBITDA बढ़कर 86.85 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 76.97 करोड़ रुपये था. EBITDA मार्जिन भी 21.1 फीसदी से बढ़कर 22.57 फीसदी पर पहुंच गया.

Nivian Lifesciences से मिलेगा ग्रोथ का सहारा

कंपनी ने Nivian Lifesciences में 66.1 फीसदी हिस्सेदारी करीब 105 करोड़ रुपये के वैल्यूएशन पर खरीदी है. इस अधिग्रहण की प्रक्रिया अप्रैल 2026 में पूरी हुई. Nivian ने वित्त वर्ष 2026 में करीब 45-46 करोड़ रुपये का राजस्व और 18-19 फीसदी EBITDA मार्जिन दर्ज किया था. मैनेजमेंट को उम्मीद है कि अगले 3-4 वर्षों तक यह कारोबार सालाना करीब 30 फीसदी की दर से बढ़ेगा. वित्त वर्ष 2027 से Nivian का पूरा वित्तीय प्रदर्शन Beta Drugs के नतीजों में शामिल होगा.

शेयरों का हाल

मंगलवार को कंपनी के शेयर 2 फीसदी गिरकर 2,107.20 के भाव पर ट्रेड कर रहे थे. पिछले 3 महीने में इसमें 90 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली है. वहीं, एक महीने में इसमें 47 फीसदी की बंपर रैली देखने को मिली है.

इसे भी पढ़ें- इस स्टॉक में लगा अपर सर्किट, मिला करोड़ों का इंटरनेशनल ऑर्डर, 52-वीक लो से नॉनस्टॉप भाग रहे शेयर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.