पश्चिम एशिया तनाव के बीच चढ़ा कच्चा तेल, गिफ्ट निफ्टी और एशियाई बाजारों से मिले मजबूत संकेत; कैसी रहेगी आज बाजार की चाल?

पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने वैश्विक बाजारों की चिंता बढ़ा दी है. इसके बीच कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी देखने को मिल रही है. हालांकि, एशियाई शेयर बाजारों में मजबूती बनी हुई है और गिफ्ट निफ्टी भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है. ऐसे में भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक रहने के संकेत मिल रहे हैं, जबकि निवेशकों की नजर वैश्विक घटनाक्रम पर बनी हुई है.

Share Market Image Credit: Canva/ Money9

Crude Oil-Gift Nifty-Asian Market Today : पश्चिम एशिया में एक बार फिर बढ़ते तनाव ने वैश्विक निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल की कीमतों ने फिर रफ्तार पकड़ ली है, जबकि एशियाई शेयर बाजारों में मजबूती का माहौल बना हुआ है. वहीं, गिफ्ट निफ्टी भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक रह सकती है. हालांकि, निवेशकों की नजर तेल की कीमतों और वैश्विक घटनाक्रम पर बनी रहेगी.

गिफ्ट निफ्टी से मजबूत शुरुआत के संकेत

सुबह 6:32 बजे गिफ्ट निफ्टी करीब 23,958 के स्तर पर 19 अंक (0.08%) की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा. साथ ही बाद में यह तेजी जारी रही. इससे संकेत मिल रहे हैं कि भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्की तेजी के साथ हो सकती है. गिफ्ट निफ्टी का 24,000 के करीब बने रहना बाजार में सकारात्मक माहौल का संकेत माना जा रहा है.

Source – NSE

एशियाई बाजारों में जोरदार तेजी

एशियाई बाजारों में खरीदारी का माहौल बना हुआ है. जापान का निक्केई करीब 1.61% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है और हांगकांग का हैंग सेंग 8 जुलाई को लगभग 3% की बढ़त के साथ बंद हुआ था. कोरिया कंपोजिट स्टॉक प्राइस इंडेक्स यानी KOSPI 3.6% (9 जुलाई, 6:40AM) से अधिक की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है. वहीं, अमेरिकी डॉव फ्यूचर्स और एसएंडपी 500 फ्यूचर्स भी हरे निशान में हैं, जिससे वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख देखने को मिल रहा है.

बाजारमौजूदा स्तरबदलाव (अंक)बदलाव (%)
गिफ्ट निफ्टी23,970.00+92.00+0.39%
निक्केई (जापान)68,281.70+1,462.65+2.19%
हैंग सेंग (हांगकांग)24,199.46+702.57+2.99%
कोस्पी (दक्षिण कोरिया)7521.37+274.58+3.67
Source – Groww

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल

कमोडिटी बाजार में भी तेजी का माहौल है. WTI क्रूड करीब 74.6 डॉलर प्रति बैरल पर 1.08% और ब्रेंट क्रूड करीब 78.74 डॉलर प्रति बैरल पर 1.45% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है. कच्चे तेल की कीमतों में यह उछाल ऊर्जा क्षेत्र के शेयरों पर असर डाल सकता है, जबकि आयात लागत बढ़ने की चिंता भी बाजार की नजर में रहेगी.

तेल की कीमतों में क्यों है तेजी?

कच्चे तेल की कीमतों में मौजूदा तेजी की सबसे बड़ी वजह पश्चिम एशिया में बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव है. अमेरिका और ईरान के बीच हालिया सैन्य कार्रवाई तथा हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंकाओं ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है. दुनिया के समुद्रीइसी जोखिम को देखते हुए निवेशक तेल खरीद रहे हैं, जिससे ब्रेंट और WTI क्रूड दोनों की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है.

कैसी रहेगी बाजार की चाल?

आज शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक रहने की उम्मीद है. गिफ्ट निफ्टी में बढ़त और एशियाई बाजारों की मजबूती शुरुआती कारोबार में सेंटीमेंट को सहारा दे सकती है. हालांकि, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल बाजार की तेजी पर कुछ दबाव भी बना सकते हैं. ऐसे में दिनभर कारोबार के दौरान वैश्विक घटनाक्रम, कच्चे तेल की चाल और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की गतिविधियों पर निवेशकों की नजर रहेगी. अगर अंतरराष्ट्रीय संकेत सकारात्मक बने रहे, तो बाजार अपनी शुरुआती बढ़त को कायम रख सकता है.