Hindustan Zinc के शेयर में आई तेजी, इन 3 वजहों से निवेशकों ने की जमकर खरीदारी
Hindustan Zinc के शेयर में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली और कंपनी की मार्केट वैल्यू में 6,815 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. शेयर में इस तेजी के पीछे डॉलर में कमजोरी, सिल्वर की कीमतों में उछाल और कंपनी का मजबूत Q1 बिजनेस अपडेट प्रमुख वजह रहे.
Hindustan Zinc: मेटल सेक्टर के शेयरों में शुक्रवार को जोरदार खरीदारी देखने को मिली, जिसका सबसे बड़ा फायदा Hindustan Zinc को मिला. कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 3 फीसदी से अधिक उछल गया और इसकी मार्केट वैल्यू में करीब 6,815 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ. शेयर 544.80 रुपये के स्तर तक पहुंच गया था. विशेषज्ञों के मुताबिक, Hindustan Zinc के शेयर में आई इस तेजी के पीछे तीन प्रमुख वजहें हैं. इन तीनों कारकों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया और शेयर में खरीदारी को मजबूती दी.
डॉलर में कमजोरी से मेटल शेयरों को मिला सहारा
शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर में लगातार कमजोरी देखने को मिली. उम्मीद से कमजोर नॉनफार्म पेरोल्स और प्राइवेट पेरोल्स के आंकड़ों के बाद निवेशकों को लगने लगा कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर नहीं रखेगा. इसका असर डॉलर इंडेक्स पर भी दिखा, जो करीब 0.2 फीसदी गिरकर 100.70 पर आ गया.
पूरे सप्ताह में डॉलर में करीब 0.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जो अप्रैल के बाद सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट मानी जा रही है. आमतौर पर डॉलर कमजोर होने पर मेटल की कीमतों में तेजी आती है. यही वजह रही कि निफ्टी मेटल इंडेक्स भी करीब 1 फीसदी चढ़ गया और मेटल शेयरों में खरीदारी बढ़ गई.
चांदी की कीमतों में आया जोरदार उछाल
Hindustan Zinc भारत में जिंक, लेड और सिल्वर का सबसे बड़ा उत्पादक है. इसलिए चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा फायदा कंपनी को मिलता है. MCX पर सितंबर डिलीवरी वाले सिल्वर फ्यूचर्स की कीमत करीब 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़कर 2.38 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गई.
वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाले कॉन्ट्रैक्ट में करीब 2.5 फीसदी की तेजी दर्ज की गई और भाव 2,44,678 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया. चांदी की कीमतों में यह तेजी भी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में आक्रामक बढ़ोतरी की आशंकाएं कम होने के बाद देखने को मिली.
पहली तिमाही का मजबूत बिजनेस अपडेट
Vedanta Group की कंपनी Hindustan Zinc ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही का बिजनेस अपडेट जारी किया. कंपनी ने लगातार पांचवें वर्ष पहली तिमाही में अब तक का सबसे अधिक माइंड मेटल प्रोडक्शन दर्ज किया. अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का माइंड मेटल प्रोडक्शन बढ़कर 268 किलो टन रहा.
वहीं, सेलेबल मेटल प्रोडक्शन में 4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 260 किलो टन पर पहुंच गया. रिफाइंड जिंक प्रोडक्शन भी 6 फीसदी बढ़कर 213 किलो टन हो गया. हालांकि, कंपनी के सिल्वर प्रोडक्शन में मामूली 0.4 फीसदी की गिरावट आई और यह 149 टन रहा. वहीं, विंड पावर जेनरेशन भी 1 फीसदी घटकर 133 मिलियन यूनिट रही.
कैसा रहा शेयर का प्रदर्शन
अगर शेयर के प्रदर्शन की बात करें, तो पिछले एक सप्ताह में Hindustan Zinc के शेयर में 4 फीसदी से अधिक की तेजी आई है. हालांकि, पिछले एक महीने में शेयर करीब 14 फीसदी कमजोर हुआ है. वहीं, लंबी अवधि में कंपनी ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है.
पिछले एक वर्ष में शेयर करीब 19 फीसदी, तीन वर्षों में 74 फीसदी और पांच वर्षों में 57 फीसदी का रिटर्न दे चुका है. फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप करीब 2.23 लाख करोड़ रुपये है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 1.48 फीसदी की बढ़त के साथ 536.55 रुपये पर बंद हुआ.
यह भी पढ़ें: HCLTech को मिला $1.14 अरब का मेगा कॉन्ट्रैक्ट, यूरोप की Fortune Global 50 कंपनी के साथ हुई बड़ी डील; रखें नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.