52-वीक लो से 230% चढ़ा Indiabulls का शेयर, 3 महीने में आई 178% की तेजी; जानें क्या है वजह
Indiabulls का शेयर अपने 52-वीक लो से करीब 230 फीसदी चढ़कर 52-वीक हाई के करीब पहुंच गया है. पिछले तीन महीनों में शेयर ने 178 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है. कंपनी में रीस्ट्रक्चरिंग, प्रमोटर होल्डिंग बढ़ने, नई फंडरेजिंग योजना और रियल एस्टेट कारोबार पर बढ़ते फोकस ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है.

Indiabulls Share Price: शेयर बाजार में लगातार तेजी के बीच Indiabulls के शेयरों में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर करीब 5 फीसदी चढ़कर 29.32 रुपये के 52-वीक हाई पर पहुंच गया. खास बात यह है कि यह शेयर अपने 52-वीक लो से करीब 230 फीसदी की शानदार बढ़त दर्ज कर चुका है. ऐसे में निवेशकों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर इस तेजी के पीछे कौन-से प्रमुख कारण हैं और क्या आने वाले समय में भी यह रफ्तार बनी रह सकती है.
52-वीक लो से 230 फीसदी की शानदार रिकवरी
इसी साल फरवरी 2026 में Indiabulls का शेयर 8.93 रुपये के 52-वीक लो तक फिसल गया था. इसके बाद शेयर में लगातार तेजी देखने को मिली और अब यह बढ़कर 29.32 रुपये तक पहुंच गया है. यानी महज कुछ महीनों में शेयर ने करीब 230 फीसदी का रिटर्न दिया है. अगर हालिया प्रदर्शन की बात करें, तो पिछले एक सप्ताह में शेयर करीब 13.7 फीसदी चढ़ा है. वहीं, एक महीने में इसमें 26 फीसदी की तेजी आई है. पिछले तीन महीनों में शेयर ने करीब 178 फीसदी का रिटर्न दिया है. बीते एक वर्ष में यह करीब 39 फीसदी मजबूत हुआ है.
किन वजहों से बढ़ी Indiabulls में दिलचस्पी
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि Indiabulls के प्रति निवेशकों का भरोसा कई कारणों से मजबूत हुआ है. कंपनी के संस्थापक समीर गहलौत की ग्रुप के स्वामित्व ढांचे में वापसी को बाजार ने सकारात्मक संकेत के रूप में लिया है. इसके अलावा कंपनी की रीस्ट्रक्चरिंग, बेहतर वित्तीय प्रदर्शन, नई पूंजी जुटाने की योजना और रियल एस्टेट कारोबार पर फोकस ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है.
प्रमोटर होल्डिंग में भी होगा इजाफा
कंपनी की रीस्ट्रक्चरिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रमोटर होल्डिंग में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है. नवंबर 2025 में मर्जर से जुड़े शेयर आवंटन के बाद प्रमोटर समूह की हिस्सेदारी 27.46 फीसदी से बढ़कर 32.89 फीसदी हो गई. यदि कंपनी का प्रस्तावित प्रेफरेंशियल वारंट इश्यू पूरी तरह शेयरों में बदल जाता है, तो प्रमोटर समूह की हिस्सेदारी बढ़कर करीब 45 फीसदी तक पहुंच सकती है.
1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी
कंपनी ने 1,000.07 करोड़ रुपये के प्रेफरेंशियल वारंट इश्यू का प्रस्ताव रखा है. इसके तहत 19.40 रुपये प्रति वारंट की कीमत पर 51.55 करोड़ वारंट जारी किए जाएंगे. इस फंड जुटाने की प्रक्रिया में प्रमोटर समूह की कंपनियां फेन्स लिमिटेड और हर्मीस लिमिटेड कुल प्रस्तावित निवेश का करीब 71 फीसदी हिस्सा लेंगी. इससे यह संकेत मिलता है कि प्रमोटर भी कंपनी के भविष्य को लेकर आश्वस्त हैं.
यह भी पढ़ें: 9 साल बाद डॉलर बॉन्ड मार्केट में लौटेगा ICICI Bank, 500 मिलियन डॉलर जुटाने की तैयारी
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.