एक दिन में 12 फीसदी तक चढे़ Info Edge के शेयर, मजबूत तिमाही प्रदर्शन से निवेशकों में उत्साह; रखें नजर
Info Edge के शेयर एक दिन में 12 फीसदी से अधिक चढ़ गए. कंपनी की पहली तिमाही की बिलिंग में 14 फीसदी से ज्यादा की ग्रोथ हुई है. भर्ती कारोबार ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया जबकि 99acres और Jeevansathi से भी मजबूत इनकम मिली. बोर्ड ने Coding Ninjas की पूरी हिस्सेदारी खरीदने और B8 Fund में अतिरिक्त 180 करोड़ रुपये निवेश को मंजूरी दी है.

Naukri डाट कॉम की पैरेंट कंपनी Info Edge के शेयर मंगलवार को करीब 12 फीसदी तक चढ़ गए. कंपनी के बेहतर तिमाही बिलिंग आंकड़ों और बोर्ड के कई अहम फैसलों के बाद निवेशकों ने जमकर खरीदारी की. भर्ती कारोबार में मजबूत ग्रोथ ने कंपनी के प्रदर्शन को सहारा दिया. इसके साथ ही Coding Ninjas में पूरी हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी भी शेयरों में तेजी की वजह बनी. कंपनी ने एक फंड में अतिरिक्त निवेश का भी फैसला किया है. इन सभी पाजिटिव खबरों से शेयर बाजार में कंपनी को अच्छा सपोर्ट मिला.
14 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी
Info Edge ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में 737 करोड़ रुपये की स्टैंडअलोन बिलिंग दर्ज की. पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा 644 करोड़ रुपये था. इस तरह कंपनी की बिलिंग में करीब 14 फीसदी की सालाना ग्रोथ हुई. यह दिखाता है कि कंपनी के अलग-अलग कारोबार में मांग मजबूत बनी हुई है. इसी बेहतर प्रदर्शन ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया.
Recruitment बिजनेस बना सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन
कंपनी के Recruitment Solutions कारोबार ने सबसे मजबूत प्रदर्शन किया. इस सेगमेंट की बिलिंग बढ़कर 552 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले साल 470 करोड़ रुपये थी. इसमें करीब 17 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई. देश में बेहतर रिक्रूटमेंट एक्टिविटी और रोजगार के बढ़ते अवसरों का फायदा कंपनी को मिला.
99acres और Jeevansathi ने भी दिखाया दम
कंपनी के रियल एस्टेट प्लेटफार्म 99acres की बिलिंग बढ़कर 110 करोड़ रुपये पहुंच गई. Jeevansathi की बिलिंग भी बढ़कर करीब 40 करोड़ रुपये रही. हालांकि Shiksha प्लेटफार्म की बिलिंग में गिरावट दर्ज की गई. इसके बावजूद कंपनी के कुल डिजिटल कारोबार ने मजबूत प्रदर्शन किया. अलग -अलग प्लेटफार्म से अच्छी कमाई ने कारोबार को बैलेंस बनाए रखा.
Coding Ninjas में पूरी हिस्सेदारी खरीदेगी कंपनी
Info Edge के बोर्ड ने Coding Ninjas में बची हुई 45 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी खरीदने को मंजूरी दे दी है. इसके लिए कंपनी करीब 40 करोड़ रुपये खर्च करेगी. इस सौदे के बाद Coding Ninjas कंपनी की पूरी तरह ओनरशिप वाली सहयोगी कंपनी बन जाएगी. बोर्ड ने B8 Fund में 180 करोड़ रुपये तक के अतिरिक्त निवेश को भी मंजूरी दी है. इससे कंपनी का स्टार्टअप निवेश पोर्टफोलियो और मजबूत होगा.
मुनाफे में सुधार और बैलेंस शीट मजबूत
वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर 869 करोड़ रुपये हो गया. एक साल पहले इसी अवधि में यह 750 करोड़ रुपये था. नेट प्रॉफिट भी 678 करोड़ रुपये से बढ़कर 756 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी पर कर्ज बहुत कम है और उसका डेट टू इक्विटी रेशियो 0.01 है. पिछले पांच साल में कंपनी ने मुनाफे में मजबूत ग्रोथ दर्ज की है.
यह भी पढ़ें- BSE के शेयर धड़ाम, NSE का IPO दे रहा झटका; जेफरीज ने बता दिया दोनों एक्सचेंज में बेस्ट कौन
क्या करती है कंपनी
Info Edge की स्थापना साल 1995 में हुई थी और इसका मुख्यालय नोएडा में है. कंपनी Naukri डाट कॉम, 99acres, Jeevansathi और Shiksha जैसे लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफार्म चलाती है. इसके अलावा कंपनी कई टेक स्टार्टअप में भी निवेश करती है. डिजिटल क्लासिफाइड और इंटरनेट कारोबार में Info Edge देश की प्रमुख कंपनियों में शामिल है. यही वजह है कि बाजार कंपनी के हर कारोबारी फैसले पर करीबी नजर रखता है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.