Flipkart ने किया ₹475 करोड़ के ESOP बायबैक का ऐलान, इनके लिए कमाई का मौका; जानें पूरी डिटेल

Flipkart ने कर्मचारियों के लिए 50 मिलियन डॉलर (करीब 475 करोड़ रुपये) का नया ESOP Buyback शुरू किया है. जिसके बाद कर्मचारी अपने वेस्टेड ESOP का 5 फीसदी तक बेच सकेंगे और उन्हें अगस्त में पेमेंट मिलेगा. हाल के महीनों में BrowserStack, CoinDCX, Unacademy, Cashfree, Atlys और Plum जैसी कई स्टार्टअप कंपनियां भी कर्मचारियों के लिए ESOP Buyback कार्यक्रम ला चुकी हैं.

फ्लिपकार्ट. Image Credit: tv9 bharatvarsh

Flipkart ESOP Buyback: भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम में कर्मचारियों को कंपनी की हिस्सेदारी से कमाई कराने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. कई बड़ी स्टार्टअप कंपनियां आईपीओ या नई फंडिंग से पहले ESOP (Employee Stock Ownership Plan) बायबैक के जरिए कर्मचारियों से उनके शेयर खरीदकर नकदी कमाने का मौका दे रही हैं. इसी कड़ी में वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट ने 50 मिलियन डॉलर (करीब 475 करोड़ रुपये ) के नए ESOP बायबैक का ऐलान किया है.

Flipkart ने फिर खोला कर्मचारियों के लिए खजाना

फ्लिपकार्ट ने कर्मचारियों को अपने ESOP बेचकर पैसे कमाने का एक और मौका दिया है. इसके तहत पिछले तीन साल में पूरी तरह वेस्ट हो चुके ESOP रखने वाले एलिजिबल कर्मचारी अपने कुल ESOP का 5 फीसदी तक कंपनी को बेच सकेंगे. कंपनी हर ESOP के बदले 713.4 रुपये देगी और पेमेंट अगस्त में किया जाएगा.

यह फ्लिपकार्ट का पहला ESOP Buyback नहीं है. साल 2018 से अब तक कंपनी कम से कम पांच बड़े ESOP Buyback या लिक्विडिटी प्रोग्राम चला चुकी है. इनमें Walmart के अधिग्रहण के दौरान 500 मिलियन डॉलर, 2021 में 80-85 मिलियन डॉलर, 2023 में 700 मिलियन डॉलर, 2025 में 50 मिलियन डॉलर और अब 2026 में फिर 50 मिलियन डॉलर का कार्यक्रम शामिल है.

BrowserStack का 125 मिलियन डॉलर Buyback

इसके अलावा और भी स्टार्टअप कंपनियों ने बायबैक का ऐलान किया है. इनमें सॉफ्टवेयर टेस्टिंग प्लेटफॉर्म BrowserStack ने जनवरी में 125 मिलियन डॉलर के शेयर Buyback की घोषणा की थी. इससे करीब 500 कर्मचारियों और शुरुआती निवेशकों को लाभ मिला. कंपनी के तीन Buyback कार्यक्रमों का कुल आकार अब लगभग 275 मिलियन डॉलर हो चुका है.

CoinDCX ने दिए 111 करोड़ रुपये

क्रिप्टो एक्सचेंज CoinDCX ने फरवरी में 111 करोड़ रुपये के ESOP Buyback का ऐलान किया. यह कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा कर्मचारी लिक्विडिटी कार्यक्रम है, जिससे 500 से अधिक मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों को फायदा मिला.

Unacademy ने 50 करोड़ रुपये का कार्यक्रम शुरू किया

एडटेक कंपनी Unacademy ने फरवरी में 50 करोड़ रुपये का ESOP Buyback लॉन्च किया. इसके तहत 8 कर्मचारियों को 1 करोड़ रुपये से अधिक, 17 कर्मचारियों को 50 लाख रुपये से ज्यादा और 38 कर्मचारियों को 10 लाख रुपये से अधिक की राशि मिलने वाली है.

Cashfree ने भी कर्मचारियों को दिया मौका

पेमेंट कंपनी Cashfree ने जनवरी में 400 से अधिक मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के लिए ESOP Buyback शुरू किया. हालांकि कंपनी ने Buyback की कुल राशि का खुलासा नहीं किया.

Atlys और Plum ने भी कराए Buyback

वीजा प्रोसेसिंग स्टार्टअप Atlys ने अप्रैल में 4 करोड़ रुपये का पहला ESOP Buyback शुरू किया. वहीं कर्मचारी हेल्थ बेनेफिट्स प्लेटफॉर्म Plum ने जून में 15 करोड़ रुपये के Buyback का ऐलान किया, जिससे 199 मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों को लाभ मिलेगा. इनमें 17 कर्मचारियों को 20 लाख रुपये से अधिक का भुगतान मिलने की उम्मीद है.

क्या होता है ESOP Buyback?

ESOP Buyback में कंपनी अपने कर्मचारियों से उनके वेस्टेड शेयर या स्टॉक ऑप्शंस वापस खरीदती है. इससे कर्मचारियों को IPO का इंतजार किए बिना नकद कमाई का मौका मिलता है. स्टार्टअप कंपनियां इसे प्रतिभाशाली कर्मचारियों को जोड़कर रखने और उन्हें कंपनी की सफलता का सीधा लाभ देने के एक प्रभावी माध्यम के रूप में इस्तेमाल कर रही हैं.

इसे भी पढ़ें- TCS के नतीजे से पहले चमके IT स्टॉक्स, इंफोसिस लेकर HCL तक में तेजी; कैसी रहेगी कमाई?