Job Switch 2027: नौकरी बदलने की सोच रहे हैं तो इन सेक्टरों में मिल सकती है सबसे ज्यादा सैलरी बढ़ोतरी

2027 में भारत में औसत सैलरी 9.1% बढ़ने का अनुमान है. NBFC सेक्टर 10.1% वेतन वृद्धि के साथ सबसे आगे रह सकता है. एनर्जी, रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑटो सेक्टर में भी अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद है. वहीं टेक्नोलॉजी सर्विसेज में 6.6% वृद्धि का अनुमान है. AI, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस स्किल वालों को बेहतर पैकेज मिल सकता है.

सैलरी बढ़ोतरी

Highlights

  • 2027 में औसत सैलरी बढ़ोतरी 9.1% रहने का अनुमान
  • NBFC सेक्टर में 10.1% सबसे ज्यादा बढ़ोतरी संभव
  • नौकरी बदलने वालों के लिए कौन सा सेक्टर बेहतर?

अगर आप 2027 में नौकरी बदलने की तैयारी कर रहे हैं तो कुछ सेक्टर आपके लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकते हैं. भारत में 2027 के दौरान औसत सैलरी बढ़ोतरी 9.1% रहने का अनुमान है. यह 2026 में हुई करीब 9% की बढ़ोतरी से थोड़ी ज्यादा है. अलग-अलग सेक्टरों में सैलरी बढ़ोतरी की दर अलग रहने की उम्मीद है.

NBFC सेक्टर में सबसे ज्यादा सैलरी बढ़ने का अनुमान

2027 में नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों यानी NBFC में सबसे ज्यादा 10.1% सैलरी बढ़ोतरी का अनुमान है. इसके बाद एनर्जी सेक्टर में 9.9% और रियल एस्टेट व इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में 9.8% तक वेतन बढ़ सकता है. इन सेक्टरों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए नौकरी बदलने या बेहतर पैकेज के मौके अपेक्षाकृत ज्यादा हो सकते हैं.

ऑटो और रिटेल सेक्टर भी रहेंगे मजबूत

ऑटोमोबाइल और व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 2027 में करीब 9.5% सैलरी बढ़ने का अनुमान है. वहीं रिटेल सेक्टर में वेतन वृद्धि करीब 9% रह सकती है. बैंकिंग सेक्टर में कर्मचारियों की सैलरी में करीब 8.5% की बढ़ोतरी का अनुमान है. यानी बैंकिंग में बढ़ोतरी देश के औसत अनुमान से थोड़ी कम रह सकती है.

IT सेक्टर में सैलरी बढ़ोतरी रहेगी कम

टेक्नोलॉजी कंसल्टिंग और सर्विसेज सेक्टर में 2027 में सिर्फ 6.6% सैलरी बढ़ोतरी का अनुमान है. यह 2026 के अनुमान के बराबर है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि IT सेक्टर में सभी कर्मचारियों की सैलरी कम बढ़ेगी. AI, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसी खास स्किल रखने वाले कर्मचारियों को सामान्य कर्मचारियों की तुलना में ज्यादा सैलरी मिल सकती है.

AI स्किल वालों की बढ़ेगी डिमांड

कंपनियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. AI आधारित प्रोडक्टिविटी टूल्स को अपनाने वाली कंपनियों का अनुपात 2025 के करीब 46% से बढ़कर 2026 में 56% हो गया है.

करीब 60% कंपनियां कर्मचारियों की अपस्किलिंग पर ध्यान दे रही हैं. AI, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस से जुड़ी स्किल के लिए टैलेंट प्रीमियम में करीब 10% की बढ़ोतरी हुई है. इसका मतलब है कि नौकरी बदलने वाले लोगों के लिए सिर्फ सेक्टर बदलना ही नहीं, बल्कि अपनी स्किल को अपग्रेड करना भी महत्वपूर्ण होगा.

कर्मचारियों को रोकना कंपनियों के लिए चुनौती

सैलरी बढ़ोतरी के बावजूद कंपनियों के सामने कर्मचारियों को बनाए रखने की चुनौती बढ़ रही है. 2026 में कर्मचारियों की एट्रिशन रेट बढ़कर 18% हो गई, जो 2025 में 16.2% और 2024 में 17.1% थी. इस बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण कंपनियां अच्छे कर्मचारियों को रोकने के लिए बेहतर सैलरी, स्किल डेवलपमेंट और करियर ग्रोथ जैसे विकल्पों पर जोर दे सकती हैं.

Wage Code का भी पड़ेगा असर

कंपनियां नए Wage Code को लागू करने की तैयारी भी कर रही हैं. सर्वे के मुताबिक 65.4% कंपनियां पहले ही इसके लिए तैयार हैं, जबकि 20.9% कंपनियों को अगले छह महीने में तैयार होने की उम्मीद है. करीब 42.8% कंपनियों को आशंका है कि Wage Code के कारण उनकी पेरोल लागत कम से कम 1% बढ़ सकती है.

Job Switch करने वालों के लिए क्या है मौका?

अगर आप 2027 में नौकरी बदलना चाहते हैं तो सिर्फ ज्यादा सैलरी वाले सेक्टर को देखकर फैसला नहीं करना चाहिए. सेक्टर की ग्रोथ, आपकी स्किल, अनुभव, कंपनी की स्थिति और भविष्य में करियर के मौके भी देखना जरूरी है. खासकर AI, डेटा साइंस और मशीन लर्निंग जैसी स्किल नौकरी बदलने के समय आपकी सैलरी बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं.

यह भी पढ़ें- Diet Coke और बीयर कंपनियों को बड़ी राहत, एल्यूमिनियम कैन सर्टिफिकेशन की डेडलाइन बढ़ी